जिस चीज को कसकर पकड़ेंगे, वही बढ़ाएगी परेशानी? कुरर पक्षी की कथा में छिपा है बड़ा संदेश
श्रीमद्भागवत महापुराण में भगवान दत्तात्रेय ने अपने 24 प्राकृतिक गुरुओं से प्राप्त शिक्षा का राजा यदु के समक्ष वर्णन किया ...और पढ़ें

कुरर पक्षी की कथा: मोह त्याग से मिलती है सच्ची शांति और स्वतंत्रता
आचार्य नारायण दास, महंत, श्रीभरत मिलाप आश्रम, मायाकुण्ड, ऋषिकेश। भगवान दत्तात्रेय ने कुरर पक्षी के माध्यम से महाराज यदु को उपदेशित किया कि किसी भी वस्तु के प्रति अत्यधिक मोह संघर्ष, भय और दुख का कारण बन जाता है और उसका परित्याग करते ही सुरक्षा और शांति की प्राप्ति होती है :
परिग्रहो हि दुःखाय यद् यत्प्रियतमं नृणाम्।
अनंतं सुखमाप्नोति तद् विद्वान् यस्त्वकिंचनः॥
हे राजन! मनुष्य को जो वस्तुएं अत्यंत प्रिय होती हैं, उनके प्रति अत्यधिक संग्रह-बुद्धि और ममत्व दुख का कारण बनते हैं। जो विवेकशील पुरुष अनावश्यक परिग्रह और स्वामित्व-मोह से मुक्त रहता है, वह अनंत सुख का अधिकारी बनता है। एक बार मैंने देखा कि एक कुरर-पक्षी अपनी चोंच में मांस का टुकड़ा लेकर आकाश में उड़ रहा था। उस मांस को देखकर अधिक शक्तिशाली, मांसाहारी पक्षी उसके पीछे पड़ गए। वे उस पर आक्रमण करके मांस का टुकड़ा छीनने का प्रयास करने लगे। कुरर-पक्षी उसकी रक्षा में संघर्षरत रहा, किंतु जैसे ही उसने मांस का टुकड़ा छोड़ दिया, दूसरे पक्षियों का आक्रमण समाप्त हो गया। मांस के परित्याग के साथ ही उसे भय, संघर्ष और पीड़ा से मुक्ति मिल गई।
सामिषं कुररं जघ्नुर्बलिनो ये निरामिषाः।
तदामिषं परित्यज्य स सुखं समविन्दत॥
कुरर-पक्षी का मांस का टुकड़ा केवल एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि प्रतीक है उस प्रत्येक वस्तु, पद, प्रतिष्ठा, संपत्ति, अधिकार अथवा अभिलाषा का, जिसके प्रति मनुष्य आवश्यकता से अधिक आसक्त हो जाता है। जब किसी वस्तु का स्वामित्व उसके लिए जीवन-मरण का प्रश्न बन जाता है, तब उसकी रक्षा की चिंता, उसे खो देने का भय और दूसरों से प्रतिस्पर्धा उसके मानसिक संतुलन को विचलित करने लगती है।
जीवन में मनुष्य अनेक प्रकार के संग्रहों के बीच जी रहा है। धन-संग्रह, पद-प्रतिष्ठा, भौतिक साधन, सामाजिक मान्यता और अधिकारों की आकांक्षा उसके जीवन का अभिन्न अंग बन गए हैं। समस्या तब उत्पन्न होती है, जब साधन ही साध्य बन जाते हैं और उपलब्धियों के प्रति मोह जीवन की सहजता को निगलने लगता है। जब व्यक्ति किसी पद को अपनी संपूर्ण पहचान मान लेता है, तब पदच्युत होने की आशंका उसे भयभीत करती रहती है। जब संपत्ति ही उसके आत्ममूल्य का आधार बन जाती है, तब उसकी सुरक्षा की चिंता शांति छीन लेती है। जब प्रतिष्ठा की लालसा विवेक पर हावी हो जाती है, तब व्यक्ति सत्य की अपेक्षा प्रशंसा को अधिक महत्त्व देने लगता है। इसी प्रकार, जब संबंधों में प्रेम के स्थान पर अधिकार-बोध और अपेक्षाओं की प्रधानता हो जाती है, तब आत्मीयता भी संघर्ष का कारण बनने लगती है। जीवन में प्रत्येक वस्तु का मूल्य है, किंतु कोई भी वस्तु इतनी मूल्यवान नहीं होनी चाहिए कि उसकी प्राप्ति अथवा सुरक्षा के लिए मनुष्य अपना मानसिक संतुलन, नैतिक विवेक और आंतरिक शांति खो बैठे।
यहां अनासक्ति का अर्थ उदासीनता, अकर्मण्यता अथवा उत्तरदायित्वों से विमुख हो जाना नहीं है। भारतीय दर्शन में अनासक्ति का आशय है, कर्तव्यबोध से निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए फल, स्वामित्व और अहंकार के प्रति अनावश्यक मोह से मुक्त रहना। मनुष्य अपने परिवार का पालन-पोषण करे, धन अर्जित करे, समाज के प्रति अपने दायित्व निभाए और उपलब्ध साधनों का सदुपयोग करे—यह सब जीवन की स्वाभाविक आवश्यकताएं हैं, किंतु इन कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए यदि वह संग्रह को ही जीवन का परम लक्ष्य बना लेगा, तो उसके लिए साधन बंधन बन सकते हैं। अपरिग्रह का मर्म वस्तुओं की संख्या घटाने मात्र में नहीं, बल्कि उनके प्रति मन की निर्भरता घटाने में है।
भगवान दत्तात्रेय ने कुरर-पक्षी से ग्राह्य ज्ञान से सत्य का साक्षात्कार कराया है। जिस वस्तु को हम सुख का आधार समझकर, उसे कसकर पकड़ लेते हैं, वही हमारे दुख का कारण बन जाती है। उसके प्रति मोह हमें भयभीत करता है, उसकी सुरक्षा की चिंता हमें संघर्षरत रखती है और उसे खो देने की आशंका हमारी मानसिक स्वतंत्रता को सीमित कर देती है। इसके विपरीत, विवेकपूर्वक अनावश्यक आग्रहों का परित्याग करने पर मनुष्य के भीतर सहजता, निर्भयता और संतोष का संचार होता है। आध्यात्मिक साधना का लक्ष्य प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अंत:करण की शांति अक्षुण्ण रखना है। जो साधक वस्तुओं का उपयोग करते हुए उनके मोह से मुक्त रहता है, संबंधों का निर्वाह करते हुए उनमें अधिकार-बुद्धि नहीं पालता और कर्तव्यों का पालन करते हुए अहंकार से बचता है, वही जीवन के वास्तविक प्रबंधन की कला सीखता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।