पहाड़ों पर जाकर ही क्यों नहीं मिलती मन की शांति? सद्गुरु ने बताई इसकी असली वजह
यदि अहं संतुष्ट होने से शांति आती है तो वह असली शांति नहीं है। शांति सहज जीवन से आती है। जैसे आप हैं, उस मौलिकता में शांति होती है।

सद्गुरु ने समझाया मन की शांति का वास्तविक अर्थ और उसका महत्व
ईशा फाउंडेशन के प्रमुख, आध्यात्मिक गुरु। कुछ लोग कहते हैं कि पहाड़ पर बैठकर ध्यान करना शांति है, जबकि किसी को अन्य स्थान पर शांति मिलती है। जब भी आपका अहं संतुष्ट होता है, आपको बहुत शांति मिलती है। आप जहां भी जाते हैं, अगर उस जगह लोग आपके अहं को सहारा और बढ़ावा देते हैं, तो उस जगह आप बहुत शांत होते हैं। केवल वहीं आपको शांति नहीं मिलती, जहां आपके अहं को चोट लगती है। अगर आपको शांति पाने के लिए किसी पहाड़ पर जाकर बैठना हो, तो वह शांति आपकी नहीं है, शायद वह पहाड़ की शांति है। जब आप नीचे आएंगे तो आपके सामने वही समस्याएं होंगी।
पहाड़ पर कोई भी शांत हो सकता है, क्योंकि वहां आप सिर्फ दो-तीन दिनों के लिए होते हैं। अगर आप वहां तीन साल रहें, तो आपको वहां भी समस्याएं होंगी।
आम तौर पर दुनिया में जब लोग मन की शांति की बात करते हैं, तो यह किसी न किसी तरह अपने अहं को संतुष्ट करने की बात होती है। वे परेशान हालत में होने की जगह आरामदेह महसूस करना चाहते हैं। मगर अपने अहं को शांत करने की कोशिश अशांति की एक पूरी प्रक्रिया भी है। कोई इंसान शांतिपूर्ण होने की जितनी ज्यादा कोशिश करता है, वह अपनी शांति खो बैठता है और रास्ते से भटक जाता है। जो इंसान शांतिपूर्ण होने की कोशिश करता है, वह असल में कभी शांत नहीं हो सकता।
जब आप पहाड़ों की तरफ देखते हैं, तो आप शांति महसूस करते हैं। अचानक कोई हाथी जंगल से निकल कर सीधा आपकी ओर लपकता है और आपकी सारी शांति गायब हो जाती है। इस शांति की कोई अहमियत नहीं है। इससे बेहतर है कि आप अशांत रहें, क्योंकि अगर आप अशांत होंगे तो कम से कम खोज करेंगे। अगर आप शांत हो गए, तो आप आत्मसंतुष्ट और बेपरवाह हो जाएंगे। आत्मसंतोष हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है। अशांति आपकी शत्रु नहीं है, आपकी आत्मसंतुष्टि आपकी सबसे बड़ी दुश्मन है, और इस तरह की शांति सिर्फ आत्मसंतुष्टि ही पैदा करेगी।
शांति उपलब्धि से भी पैदा हो सकती है। जब आप कोई उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो आप बहुत संतुष्ट महसूस करते हैं। यह एहसास सिर्फ एक पल ही रहता है। संपूर्णता की यह भावना असल में संपूर्णता नहीं है। जब आपकी इच्छाएं पूरी होती हैं, जब आपकी महत्वाकांक्षाएं पूरी होती हैं या जब आपके लिए सब कुछ सही होता है, जब आपके आसपास का माहौल आपके अहं और आपके शरीर के लिए आरामदेह होता है, तो आप आम तौर पर शांत महसूस करते हैं। मगर यह शांति असली शांति नहीं है। शांति का मतलब शून्यता होता है। शांति कोई ऐसी चीज नहीं है, जो आप पैदा करते हैं, शांति कोई ऐसी चीज नहीं है, जो घटित होती है। शांति एक ऐसी चीज है, जो हमेशा मौजूद होती है। जो सतह पर घटित होता है, वह अशांति है।
अधिकांश लोग सोचते हैं कि मन की शांति उनके जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य है। ऐसे लोग बस शांति में सो जाएंगे। यहां तक कि आपका कुत्ता भी शांत होकर बैठता है, जब आप उसे पेट भर खाना देते हैं। हो सकता है कि वह आनंदित न हो, मगर कम से कम शांत होता है। उस अवस्था को इस धरती के ज्यादातर मनुष्य अपने जीवन का सबसे ऊंचा लक्ष्य मानते हैं। वे कहते हैं कि शांति सबसे बड़ा लक्ष्य है। शांति सबसे बड़ा लक्ष्य नहीं है। अगर आप आज अपने डिनर का आनंद उठाना चाहते हैं, तो आपको शांत होना चाहिए। अगर आप अपने परिवार, अपने काम का आनंद उठाना चाहते हैं या पार्क में टहलने का आनंद उठाना चाहते हैं, तो आपको शांत होना होगा। शांति सबसे बुनियादी चीज है। अगर आपके पास कुछ और नहीं है, तो कम से कम आपको शांतिपूर्ण होना ही चाहिए। आप जिस चीज से वंचित होते हैं, वह आपके जीवन का सबसे बड़ा मकसद बन जाता है।
कुछ समय पहले जब मैं इस्रायल में था, तो मुझे एक रेस्तरां ले जाया गया, जहां डिनर की व्यवस्था थी। तेल अवीव का वह रेस्तरां बौद्धिक विचार-विमर्शों के लिए प्रसिद्ध था। लोग अंदर आने लगे। एक व्यक्ति ने मुझे कहा ‘शालोम’। मैंने कहा ‘नमस्ते’ और पूछा कि ‘शालोम का मतलब क्या है?’ उसने जवाब दिया, ‘यह अभिवादन का सबसे बढ़िया तरीका है। इसका मतलब होता है, शांति।’ मैंने कहा, ‘शांति अभिवादन का सबसे बढ़िया तरीका क्यों है?’ मेरे लिए शांति अभिवादन का सर्वोच्च तरीका नहीं है। अगर आप मध्य पूर्व में जन्मे हैं, तो अभिवादन का सर्वोच्च तरीका शांति हो सकता है, क्योंकि हर दिन आपके आसपास बहुत सी घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन अगर आपके आसपास सब कुछ शांतिपूर्ण है, तो आप किसी जोश की तलाश में होते हैं।
शांत और आनंदित होना बुनियादी चीज है, लक्ष्य नहीं। आप शांत हैं, तभी आपका शरीर और दिमाग सबसे अच्छे तरीके से काम करेगा। दुनिया में आपकी कामयाबी और कुशलता इसी से तय होती है। आपकी कुशलता और आपकी क्षमता आपकी इच्छा पर निर्भर नहीं है, यह आपकी काबिलियत पर निर्भर करती है। जब आप दुख या डिप्रेशन की अवस्था से गुजर रहे हों, तो आपकी काबिलियत का स्तर गिर जाता है। इसलिए, अगर आप अपनी क्षमताओं को बढ़ाना चाहते हैं, तो पहली और महत्वपूर्ण चीज अपने लिए एक खुशहाल आधार तैयार करना है। आपको ऐसा बनना चाहिए कि शांतिपूर्ण और खुश होना आपके लिए कोई समस्या न हो। यह किसी चीज पर निर्भर न हो। आप जैसे हैं, वैसे बने रहें। तब आपका शरीर और दिमाग सबसे बढ़िया तरीके से काम करेगा, और आप सहजता से वह कर सकेंगे, जो आप करना चाहते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।