देवउठनी एकादशी पर ही क्यों जागते हैं भगवान विष्णु? जानें इस पर्व का खास महत्व
भगवान विष्णु के जागरण का पर्व देवोत्थानी एकादशी (20 नवंबर) हमें भी अपने कर्तव्यों के प्रति जागरण की प्रेरणा देती है।

देवउठनी एकादशी का महत्व भगवान विष्णु के जागरण और आत्मचेतना से जुड़ा है
डॉ. चिन्मय पण्ड्या, उपाध्यक्ष, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, आध्यात्मिक चिंतक। हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का विशेष महत्व है। वर्षभर में सामान्यतः 24 एकादशियां होती हैं। अधिकमास आने पर इनकी संख्या 26 हो जाती है। इनमें देवोत्थानी एकादशी का विशेष स्थान है। इसे देवउठनी एकादशी भी कहते हैं। यह पर्व भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का प्रतीक है। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागरण के साथ चातुर्मास पूरा होता है। देवोत्थान एकादशी पर श्रद्धालु प्रातः स्नान कर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करते हैं। फल, फूल और तुलसी दल आदि अर्पित करते हैं। व्रत, भजन-कीर्तन और मंत्र जप करते हैं।
युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने उपवास को केवल भोजन छोड़ने की प्रक्रिया नहीं माना। उन्होंने इसका उद्देश्य शरीर और मन को शुद्ध करना तथा इच्छाओं पर नियंत्रण रखना बताया है। व्रत तभी सार्थक है, जब उसके साथ विचारों और व्यवहार में भी सुधार हो। मनुष्य अपने भीतर के दोषों को दूर करे और सद्विचारों को अपनाएं। इस दृष्टि से एकादशी आत्मसंयम और आत्मसुधार का अवसर है।
भगवान विष्णु की स्तुति में कहा गया है-
शांताकारं भुजगशयनं पद्मनाभं सुरेशं।
विश्वाधारं गगनसदृशं मेघवर्णं शुभांगम्।
लक्ष्मीकांतं कमलनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यम्।
वंदे विष्णुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्।।
इसका भाव है कि भगवान विष्णु शांत स्वरूप वाले और समस्त संसार के पालनकर्ता हैं। वे भक्तों के भय को दूर करने वाले हैं।
इस पर्व पर तुलसी विवाह की मंगल परंपरा भी जुड़ी हुई है। भगवान शालिग्राम और तुलसी माता का विवाह पूरे विधि-विधान से संपन्न होता है। घरों में तुलसी के पौधे को सजाया जाता है और दीप जलाकर पूजा की जाती है। देवोत्थान एकादशी के बाद विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्य फिर शुरू हो जाते हैं। इस तरह यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जीवन में भी नई शुरुआत का संदेश देता है।
देवोत्थानी एकादशी का सबसे महत्वपूर्ण संदेश जीवन में जागरण लाना है। भगवान विष्णु के जागने की धार्मिक मान्यता हमें अपने भीतर सोई हुई चेतना को जगाने की प्रेरणा देती है। विशेषकर युवाओं के लिए यह पर्व आत्ममंथन और जीवन की दिशा तय करने का अवसर है। आज युवाओं के सामने अनेक चुनौतियां हैं। आलस्य, नशा, नकारात्मक सोच और समय की बर्बादी उनकी ऊर्जा को कमजोर करते हैं। ऐसे में उन्हें अपनी शक्ति और प्रतिभा को पहचानने की जरूरत है। जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिए अनुशासन के साथ परिश्रम करें। युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उनका श्रेष्ठ उपयोग करने की प्रेरणा दी। उनकी विचारधारा का मूल संदेश है कि विचारों में परिवर्तन से जीवन की दिशा बदली जा सकती है। अच्छे विचार, श्रेष्ठ आचरण और सेवा भाव अपनाकर व्यक्ति स्वयं के साथ समाज को भी बदल सकता है। आज देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो शिक्षा के साथ संस्कारों को भी महत्व दें। जो अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी समझें। अपनी ऊर्जा केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि उसका उपयोग समाज निर्माण और जनकल्याण में करें। यही युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बन सकती है।
सद्विचारों का जागरण ही पर्व की सार्थकता है। भगवान विष्णु की वंदना में कहा गया है कि
मंगलं भगवान् विष्णुः मंगलं गरुडध्वजः।
मंगलं पुण्डरीकाक्षः मंगलायतनो हरिः।।
अर्थात भगवान विष्णु मंगलकारी हैं और समस्त संसार का कल्याण करने वाले हैं। यही कल्याण का भाव देवोत्थानी एकादशी हमें अपने जीवन को भी श्रेष्ठ बनाने का अवसर भी प्रदान करती है। जिस प्रकार भगवान विष्णु के जागरण के साथ चातुर्मास का समापन होता है, उसी प्रकार हमें भी आलस्य, नकारात्मकता और बुराइयों से बाहर निकलना चाहिए। आत्मसंयम, अनुशासन, सेवा और सदाचार को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। विशेषकर युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के कल्याण में करना चाहिए। जीवन में सद्विचारों का जागरण, श्रेष्ठ कर्मों का संकल्प और सेवा का भाव ही देवोत्थानी एकादशी की सच्ची सार्थकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।