विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुश रहने के लिए हर इच्छा पूरी होना जरूरी नहीं, सोच बदलने से भी मिलता है सुकून

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:46 PM (IST)

जब हम अपनी इच्छाओं को तुष्ट करने के लिए बाहर पर निर्भर हो जाते हैं, तो हम कभी आनंद को प्राप्त नहीं कर सकते। अध्यात्म हमें अपने भीतर से जोड़ता है, जहां आनंद का स्रोत है।

सच्ची खुशी आंतरिक शांति और आत्मनिर्भरता में है

सच्ची खुशी आंतरिक शांति और आत्मनिर्भरता में है

ब्रह्मा कुमारी शिवानी, प्रेरक वक्ता। कहावत है- अंतर्मुखी सदा सुखी। हमारा मन भीतर की ओर हो। हम आत्मचिंतन, परमात्म वा परमार्थ चिंतन में रहें तो जीवन में हमें सच्चा सुख, शांति, प्रेम व आनंद का अनुभव होगा। हमारा मन जब बाहर की तरफ भागता है, तो कई बार अनियंत्रित हो जाता है। व्यर्थ के संकल्प-विकल्पों में उलझ जाता है‍। हम प्राय: दुखी व परेशान हो जाते हैं। हमें अपने दुख, अशांति व परेशानियों का पता लगाना एवं उनका निदान करना जरूरी है।

आज के समय में बच्चों से लेकर युवा व बुजुर्ग तक हर कोई आंतरिक व बाहरी कोलाहल में डूबे हुए हैं। हर कोई आनंद की तलाश में है, लेकिन इसका पता नहीं है कि कहां, कैसे और कब इसे प्राप्त किया जाए। देखा जाए तो इस संसार में आंतरिक सुख, शांति व आनंद का अभाव है। इसका मूल कारण है निर्भरता। यह विडंबना है कि आनंद या प्रसन्नता किसी भी व्यक्ति वा वस्तु पर आश्रित नहीं होती है और न ही इसे कहीं पाया जा सकता है। प्रसन्नता या आनंद तभी संभव है, जब हम सामने वाले व्यक्ति को उसी रूप में स्वीकार करना सीखते हैं, जैसा कि वह है। इसका अर्थ है हम दूसरों को परखने या उनको विरोध करने की प्रवृति, शिकायतों व दोषारोपण, निंदा व दूसरे को वश में रखने की इच्छा पर रोक लगानी होगी और किसी से भी प्रतियोगिता करने की आदत को छोड़ना होगा।

जब हम अपने अस्तित्व के साथ, उसके मौलिक गुण पवित्रता, शांति व प्रेम के साथ जुड़ी भावनाओं व विचारों का चुनाव करते हैं तो जैसे सब कुछ परिवर्तित हो जाता है। तब हम दूसरे से मांगने के स्थान पर उनके साथ बांटने लगते हैं। सब कुछ संग्रह करने के बजाय त्याग करना सीख जाते हैं। भविष्य और अतीत को छोड़ वर्तमान में जीने लगते हैं। तब हम हम आनंद, संतोष व परमानंद से भरपूर सरल-सहज जीवन को रचते हैं।

हम जो कर रहे हैं, संबंध बना रहे हैं, हम जो प्राप्त करना चाह रहे हैं, उनसे हम सभी जीवन में प्रसन्नता या आनंद ही तो पाना चाहते हैं। हम आनंद को अलग-अलग साधनों में तलाश करते हैं- किसी वस्तु, संपत्ति, संबंध, उपलब्धियों, अच्छे स्वास्थ्य व सफलता के माध्यम में खोजते हैं। लेकिन हम यह नहीं जानते कि सच्ची प्रसन्नता है क्या। आनंद तो हमारा स्वाभाविक गुण है। यह किसी बाहरी वस्तु वा व्यक्ति पर निर्भर है ही नहीं। अगर यह किसी बाहरी चीजों पर निर्भर करती है, तो यह कभी निरंतर बनी नहीं रह सकती है। जबकि हमारी पुरानी मान्यता है कि इच्छा या निर्भरता के बिना हम प्रसन्नता को पा नहीं सकते हैं, कभी हम सोचते हैं कि अच्छे अंक आने पर हम प्रसन्न होंगे या वह वस्तु मिल जाने पर प्रसन्न होंगे। क्या ये निर्भरताएं वास्तव में हमे खुश करती है? जिस प्रसन्नता को आप खोज रहे हैं वह क्या इन बाहरी चीजों की प्राप्ति से हासिल हो सकती है?

वास्तव में जो भी चीज भौतिक रूप से बनी है, वह हमे भौतिक रूप से आपके शरीर को आराम देगी, सदा के लिए आत्मिक आनंद नहीं दे सकती है। संसार के सभी भौतिक संपत्ति पाकर भी लोग असली खुशी की खोज में रहते हैं। क्योंकि, जब मन ही व्याकुल है या पीड़ा में है तो शारिरिक सुख कोई अर्थ नहीं रखता है। शरीर तो साधनों के आराम ले रहा है, पर अंदर की 'मैं' को आराम नहीं है। इसका यह मतलब नहीं कि भौतिक वस्तुएं खरीदना वा उपयोग करना छोड़ दें। नहीं। बस हम केवल इतना करें कि उन्हें अपनी प्रसन्नता की निर्भरता के साथ न जोड़ें।

निर्भरता का और भी रूप है। जैसे कि आपके खराब बोल वा व्यवहार से मुझे दुख हुआ, आप मुझसे क्षमा मांगें तो मुझे बेहतर महसूस होगा, या आपने मुझे दुखी, क्रुद्ध व निराश किया या आपके कारण मैं खुश हूं आदि-आदि। इसका मतलब है मैं अपनी जिम्मेदारी नहीं ले रहा हूं। मेरा अपने ऊपर नियंत्रण नहीं है और मैं अत्यंत असहाय हूं। क्या हम अपनी रोजमर्रा की जिंदगी को इस तरह कठिनता वा जटिलता से नहीं जी रहे हैं?

जिस क्षण हम जान जाते हैं कि हम किसी व्यक्ति व वस्तु के नियंत्रण में नहीं है, हम उन पर निर्भर नहीं है, हमारा सोच हमारा ही अपना चुनाव है, उसी क्षण हम सच्ची स्वतंत्रता का खुशी का अनुभव करते हैं। आध्यात्मिकता हमें सबसे पहले इसी स्वतंत्र वा स्वाभाविक सोच, विचार, भावना, दृष्टिकोण व प्रवृत्तियों का उपहार देती है। यह हमें परतंत्र व बाहरी नियंत्रण से मुक्त कर देती है। अध्यात्म हमारे भीतर आत्मज्ञान, आत्मबोध व आत्मविश्वास को विकसित करता है। आध्यात्मिक जागृति ही हमे आत्मनिर्भर बनाती है। हमारे जीवन को स्वस्थ, सुखी, सरल, सहज, सुगम, समृद्ध व सफल बनाती है।

यह भी पढ़ें- कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली क्यों मनाई जाती है? जानें इस पर्व की खास परंपराएं

यह भी पढ़ें- मन में शांति और जीवन में सेवा का भाव कैसे जगाएं? गुरु नानक देव जी की वाणी से लें प्रेरणा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।