मन में शांति और जीवन में सेवा का भाव कैसे जगाएं? गुरु नानक देव जी की वाणी से लें प्रेरणा
निर्मल मन, सारे जगत की सेवा और ईश्वर की शरण का उपदेश करते हुए सिखों के आदिगुरु नानक देव जी ने सर्वथा प्रतिकूल परिस्थितियों में सनातन धर्म को न केवल दृढ किया, बल्कि एक ऐसी अमृत-धारा प्रवाहित की, जिसका विस्तार हमें दशम गुरु तक दिखाई देता है। श्री नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर विशेष।
-1795422371011_m.webp)
गुरु नानक देव जी की वाणी से पाएं मन की शांति और सेवा का भाव
आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण, आध्यात्मिक गुरु, सिद्धपीठ श्रीहनुमन्निवास, श्रीअयोध्या जी। भारत मानव-उत्थान की चेतना को आत्मबोध से लेकर जग-कल्याण तक देखता रहा है। यह इंद्रियों और मन को जीतने से लेकर प्रकट सांसारिक शत्रुओं को जीतने तक मनुष्य के विकास को परिभाषित करनेवाली धारा रही है। ऐसी ही एक धारा परम पवित्र सिख गुरुओं के रूप में भारत को आलोकित कर रही है। जीवन के सभी आयामों में गुरु की महिमा को स्वीकार करती भारतीय चिंतन-धारा, सिख-परंपरा में अपने सर्वोच्च शिखर पर दिखाई पड़ती है, जहां श्रीगुरु की वाणी ही भगवान का रूप ले लेती है और ‘ग्रंथ साहिब’ सिंहासन पर विराजमान होते हैं। इस महिमा के मूल में हैं परंपरा के प्रथम गुरु श्रीनानक देव जी महाराज।
अपनी रहनी और कहनी का अमृत-वितरण करती हुई एक ऐसी ज्योति गुरु नानक देव बनकर मानव-जाति के सम्मुख प्रकट हुई, जिसने सनातन-धर्म को देश-काल की विकट आंधियों में अक्षुण्ण रहने का बल दिया। वैमत्य एवं वैमनस्य के बीच ‘एक ओंकार’ की अलख से निर्भय, निर्वैर अकालमूर्ति, कर्तापुरुष का स्मरण कराती हुई गुरुवाणी ने अधीर हुई मनुष्यता को पुनः ईश्वरीय महिमा का संबल प्रदान किया। विचारपूर्वक देखते हुए हमें यह अनुभव होगा कि समाज विपथ पर जाने, लक्ष्यभ्रष्ट होने से पूर्व अपने निर्देशकों-उपदेशकों से विमुख हो जाता है। उस परिस्थिति में गुरु तत्व ही चमत्कार कर सकता है।
अपनी ही परछाइयों में घिरता हुआ भारतीय समाज, जब सांस्कृतिक-राजनैतिक कुंठाओं से जूझ रहा था, तब पंजाब के पुण्य से एक ऐसे महामनीषी का प्रादुर्भाव हुआ, जिसने विशृंखल होते समाज को समत्व, सहकारिता और सामर्थ्य का अमृत पिलाकर पुनर्जीवन दिया। उनकी आध्यात्मिक वाणी ईश्वरीय वचन के समान प्रतिष्ठित हुई और उनके अनुयायी उसे महावाणी मानकर उसके अनुवर्ती हुए। प्रथम गुरु की यह वाणी मनुष्य के आध्यात्मिक उत्थान का आह्वान करती है- तीरथ तप दया दत दान जे को पावै तेल का मान। सुणिया मनिया मन कीता भाओ, अंतरगत तीरथ मल नाओ।” अर्थात तीर्थ-व्रतादि साधनों से पाई गई शुद्धि लघुतर है, जबकि अंतर्यामी प्रभु को पहचानने और उनके अनुशासन में जीने से वास्तविक शुद्धि होती है। इसी प्रकार जीवमात्र में ईश्वरीय एकत्व को परिभाषित करते हुए वे कहते हैं- तत्तु निरंजन जोति समाई सोहं भेदु न कोई जीउ…इसी बात को हम कठोपनिषद के मंत्र में पाते हैं- “एकस्तथा सर्वभूतान्तरात्मा रूपं रूपं प्रतिरूपो बहिश्च॥”
गुरु नानक देव की गुरुता ने शिष्यभाव को उसके केंद्र में स्थिर किया। उनकी वाणी ने गुरु-वचनों को अद्भुत मर्यादा दी। मनमुखी हुए समाज को गुरुमुखी बनाने का असाधारण लोकोपकार गुरु नानकदेव जी ने किया। उनका यह कथन इस अर्थ में ध्यान देने योग्य है- सो गुरु करउ जि साचु दृढ़ावे, अकथ कथावै सर्बादि मिलावे... गुरु वही जो सत्य पर दृढ़ रहना सिखाए, जो अनकहा है उसे कहे, जीवन-जगत के सर्वस्वभूत ईश्वर से मिलाए।” गुरु के वचन का माहात्म्य श्री नानक देव जी की वाणी में देखने योग्य है- “गुरुमुखि नादं गुरुमुखि बेदं गुरुमुखि रहिआ समाई। गुरु ईसुर गुरु गोरखु बरमां गुरु पार्वती माई।” यहां यह विशेष ध्यान देने योग्य है कि गुरु की महिमा कहते हुए श्रीनानक देव भारतीय सनातन माहात्म्य के शब्दों, जैसे वेद, ईश्वर, ब्रह्मा और माता पार्वती का उल्लेख करते हैं। पंद्रहवीं शताब्दी के पंजाब में वेदों की दुहाई देते हुए, मनुष्य को उसकी मनुष्यता में जगाते हुए गुरु के रूप में श्री नानक देव हमें सबसे ऊंचे खड़े दिखाई पड़ते हैं। संशय और भय के पार ईश्वर के साम्राज्य का अभय बांटते हुए उनकी गुरुता का स्मरण हमारी सांस्कृतिक यात्रा का प्रकाश-पर्व बन गया है।
सुदूर पंजाब से उमड़ता यह प्रकाश उड़ीसा के सागर-तट पर भगवान जगन्नाथ की आरती करता रचता है। ‘जहं जहं देखा तहं तहं तू है..’ कहने वाले गुरु ने भवखंडना की आरती की, तो गगन थाल हो गया, रवि-चंद्र दीपक बने, नक्षत्र-मंडल, मलयानिल और समस्त वनराशियां उस आरती के उपादान बन गए। गुरु नानकदेव की रचित यह आरती हमें उपासना के एक दिव्यलोक में ले जाती है- “गगन में थाल, रवि-चंद्र दीपक बने, तारका-मंडल जनक मोती। धूप मलआनलो पवन चंवरो करे, सकल बनरा फुलन्त जोती... ऐसी आरती होये भवखंडना.. तेरी आरती.… गुरु साखी जोत परगट होये, जोति सुभावे सो आरती होये। हर चरण कमल मकरंद लोभित मन, अनदिन मोहे आए पासा। किरपा जल दे नानक सारंग को, होये जाते तेरे नाम वासा।” ईश्वर के नाम की महिमा स्मरण कराते गुरु की वाणी आज ईश्वर के नाम के समान स्मरणीय बन गई है।
निर्मल मन, सारे जगत की सेवा और ईश्वर की शरण का उपदेश करते हुए आदिगुरु नानकदेव ने सर्वथा प्रतिकूल परिस्थितियों में सनातन धर्म को न केवल दृढ किया, बल्कि एक ऐसी अमृत-धारा प्रवाहित की, जिसका विस्तार हमें दशम गुरु तक दिखाई देता है। आत्मसंयम, कठोर व्रतपालन, महान् लक्ष्य के प्रति सर्वस्व-समर्पण की निष्ठा सिख पंथ की आधार-भूमि बनी, जिसपर कालक्रम से उत्तरोत्तर विकसित होता हुआ सिख धर्म स्थापित हुआ। प्रकाश के पुंज प्रथम गुरु श्रीनानक देव की महिमा का रेखांकन भाई गुरुदास जी के शब्दों में बड़ी सुंदरता से प्रकट हुआ है, जिसमें वे कहते हैं कि सतगुरु ने आश्चर्य किया है और कायाकल्प करके जीव-ब्रह्म को एक कर दिया है- “जोती जोति मिलाइ कै सतिगुर नानकि रूपु वटाइआ। लखि न कोई सकई आचरजे आचरजु दिखाइआ। काइआ पलटि सरूपु बणाइआ॥” गुरु श्रीअर्जुन देव जी की वाणी में किया गया यह नमस्कार श्री नानक देव के लिए सहज ही चित्त में जागता है- ‘ऐसे गुर को बलिबलि जा आपि मुकतु मोहि तारै॥’
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।