विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली क्यों मनाई जाती है? जानें इस पर्व की खास परंपराएं

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:35 PM (GMT+05:30)

कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का पर्व जीवन में ज्ञान का प्रकाश भरने का संदेश देता है। इस पावन तिथि का क्या है भारतीय अध्यात्म में महत्व, आइए जानें।

देव दीपावली: कार्तिक पूर्णिमा पर जानें इस पावन पर्व की धार्मिक मान्यताएं और परंपराएं

देव दीपावली: कार्तिक पूर्णिमा पर जानें इस पावन पर्व की धार्मिक मान्यताएं और परंपराएं

प्रो. रामनारायण द्विवेदी, महामंत्री, श्रीकाशी विद्वत परिषद। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व को देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन देवता पृथ्वी पर आकर दीपावली मनाते हैं। देश भर में, विशेष रूप से काशी में देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर लाखों दीप प्रज्वलित किए जाते हैं। यह पर्व अब काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष आकर्षण का केंद्र बन चुका है।

धर्मशास्त्रों में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पुण्यदायी पर्व बताया गया है। ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अंगिरा और आदित्य आदि ने इस तिथि को महापवित्र माना है। इस दिन स्नान, दान, हवन, यज्ञ और उपासना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन सायंकाल भगवान विष्णु का मत्स्यावतार हुआ था। इसलिए इस दिन किए गए दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। धर्मशास्त्रों के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा की संध्या को दीपदान करने से मनुष्य को पुनर्जन्म के कष्टों से मुक्ति मिलती है। इस दिन देव मंदिरों, चौराहों, गलियों, पीपल के वृक्षों तथा तुलसी के पौधों के समीप भी दीपक जलाने की परंपरा है। गंगा नदी में दीपदान करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है।

स्कंदपुराण के काशीखंड के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन कृत्तिका नक्षत्र में भगवान कार्तिकेय के दर्शन एवं पूजन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि ऐसा करने से मनुष्य को विद्या, धन और समृद्धि की प्राप्ति होती है। ब्रह्मपुराण के अनुसार, इस दिन चंद्रोदय के समय शिवा, संभूति, प्रीति, संतति, अनसूया और क्षमा नामक छह कृत्तिका देवियों का पूजन करना चाहिए। इन्हें भगवान कार्तिकेय की माताएं माना गया है। इसके अतिरिक्त भगवान कार्तिकेय, शिव, वरुण, अग्नि तथा धान्य आदि का सायंकाल सुगंधित पुष्पों एवं अन्य पूजन सामग्री से पूजन करने का विधान बताया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इससे शौर्य, वीरता और धैर्य में वृद्धि होती है।

मत्स्यपुराण के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा को नक्तव्रत करके वृषभ का दान करने से शिवपद की प्राप्ति होती है। इसी प्रकार गौ, हाथी, रथ, अश्व और घृत आदि का दान करने से धन-संपत्ति में वृद्धि होने की मान्यता है। ब्रह्मपुराण के अनुसार, इस दिन उपवास रखकर भगवान विष्णु का स्मरण करने से अग्निष्टोम यज्ञ के समान पुण्य फल प्राप्त होता है। इसी प्रकार सुवर्णमय भेड़ का दान करने से ग्रहों के प्रतिकूल प्रभावों से उत्पन्न कष्टों की शांति होने की धार्मिक मान्यता है।

कार्तिक पूर्णिमा केवल धार्मिक आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामूहिक सद्भाव एवं लोककल्याण का भी प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में इस पर्व के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने की परंपरा रही है। इस दिन नदी, सरोवर एवं तीर्थस्थलों पर सामूहिक स्नान, दीपदान, अन्नदान तथा सेवा कार्यों का आयोजन होता है। जाति, वर्ग, भाषा एवं क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर लोग सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित करते हैं। अत: यह वसुधैव कुटुंबकम की भारतीय भावना का संदेश देता है।

दीप प्रज्वलन प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक है। पारंपरिक रूप से मिट्टी के दीपकों का प्रयोग स्थानीय कुंभकारों एवं हस्तशिल्पियों की आजीविका को भी प्रोत्साहित करता है। नदी एवं जलाशयों के प्रति श्रद्धा का भाव जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करता है। सामूहिक रूप से घाटों और जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखने की प्रेरणा भी इस पर्व से मिलती है।

देव दीपावली का पर्व भारतीय सनातन परंपरा में आस्था, प्रकाश, दान और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम है। वास्तव में दीपदान का संदेश केवल दीपक जलाना नहीं, बल्कि समाज से अज्ञान और निराशा के अंधकार को दूर कर ज्ञान, सद्भाव एवं मानवता का प्रकाश फैलाना है।

यह भी पढ़ें-  मन में शांति और जीवन में सेवा का भाव कैसे जगाएं? गुरु नानक देव जी की वाणी से लें प्रेरणा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।