4 महीने विराम के बाद खुलेंगे मांगलिक कार्यों के द्वार, क्यों देवउठनी एकादशी के बाद शुरू होते हैं शादी-विवाह?
देवउठनी एकादशी सभी तिथियों में श्रेष्ठ मानी जाती है। इसी दिन से श्री हरि योग निद्रा से बाहर निकलकर जागृत ...और पढ़ें

देवउठनी एकादशी पर शादी-विवाह का आयोजन (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
देवउठनी एकादशी से भगवान विष्णु योग निद्रा से जागते हैं।
चातुर्मास समाप्त होने पर मांगलिक कार्यों की पुनः शुरुआत होती है।
इस वर्ष देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को मनाई जाएगी।
आनंद सागर पाठक, एस्ट्रोपत्री। हिंदू धर्म में कार्तिक महीने की एकादशी तिथि को बहुत खास माना जाता है और इसे देवउठनी, देवोत्थान और देवप्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। यह एकादशी तिथि हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष में पड़ती है और ऐसी मान्यता है कि इसी दिन से श्री हरि योग निद्रा से उठते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का समापन भी होता है।
इस दिन के बाद से सभी शुभ कार्य जैसे शादी-विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन आदि आरंभ हो जाते हैं। इस तिथि को लेकर एक सवाल मन में यह भी आता है कि आखिर क्यों इस तिथि के बाद ही मांगलिक कार्य शुरू होते हैं? इस साल यह पर्व 20 नवंबर को मनाया जाएगा। आइए यहां जानें देव उठनी एकादशी के बाद से ही शादी-विवाह शुरू होने के कारण।
भगवान विष्णु योग निद्रा से जागृत होते हैं
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा के लिए चले जाते हैं। इसके बाद से चार महीने वो उसी स्थान पर निवास करते हैं और योग निद्रा में रहते हैं। इन चार महीनों की अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। वहीं कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन विष्णु जी जागृत हो जाते हैं और पृथ्वी का कार्यभार संभालते हैं।
भगवान विष्णु के योगनिद्रा में रहने के दौरान मांगलिक कार्यों को करना शुभ नहीं माना जाता है। चूंकि भगवान विष्णु को सृष्टि का पालनकर्ता और विवाह जैसे संस्कारों से जुड़ी परंपराओं में महत्वपूर्ण स्थान मिला है, इसलिए उनके विश्राम काल में विवाह और अन्य शुभ आयोजनों को रोक देना ही बेहतर माना जाता है।
देवउठनी एकादशी के बाद से ही क्यों शुरू होते हैं शुभ कार्य?
कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है। इसी वजह से इसे मांगलिक कार्यों की पुनः शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष रूप से पूजा की जाती है।
इसी के ठीक अगले दिन तुलसी विवाह की परंपरा भी है जिए शुभ कार्यों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, देवउठनी एकादशी के बाद भी शुभ कार्य करने के लिए शुभ मुहूर्त की आवश्यकता होती है, लेकिन मुहूर्त देखकर शादी-विवाह किए जा सकते हैं।
चातुर्मास में क्यों नहीं होते शुभ कार्य
चातुर्मास के चार महीनों में संयम, पूजा-पाठ और धर्म-कर्म पर विशेष ध्यान देने की परंपरा है। इस दौरान विवाह के लिए शुभ मुहूर्त नहीं होते हैं और यह भी कहा जाता है कि इस दौरान मंगल कार्यों को करने के लिए सही समय नहीं होता है, क्योंकि उसमें विष्णु जी का आशीर्वाद नहीं मिलता है।
इस साल कब है देवउठनी एकादशी
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी यानी देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को मनाई जाएगी।
- एकादशी तिथि का आरंभ- 20 नवंबर, प्रातः 7 बजकर 15 मिनट से।
- एकादशी तिथि का समापन- 21 नवंबर को प्रातः 6 बजकर 31 मिनट पर होगा।
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है और इसी दिन से शुभ कामों को शुरुआत होती है। इस दिन देवताओं को जगाने की परंपरा भी सदियों पुरानी है।
यह भी पढ़ें- पापों से मुक्ति और मनोकामना पूर्ति के लिए देवउठनी एकादशी पर जरूर करें ये 6 काम, प्रसन्न होंगे भगवान विष्णु
यह भी पढ़ें- देवउठनी एकादशी पर इस खास गीत को गाकर जगाए जाते हैं सोए हुए देवता, जानिए क्या है परंपरा
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।