पापों से मुक्ति और मनोकामना पूर्ति के लिए देवउठनी एकादशी पर जरूर करें ये 6 काम, प्रसन्न होंगे भगवान विष्णु
देवउठनी एकादशी पर पूजा का पूरा फल चाहिए तो जरूर करें ये 6 काम, प्रसन्न होंगे भगवान विष्णु। जानें देवउठनी ...और पढ़ें

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को प्रसन्न करने के उपाय । (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। यह पर्व भगवान विष्णु को समर्पित है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसी दिन से शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो जाती है। कहा जाता है कि देवउठनी एकादशी पर सच्चे मन से भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा करने से घर में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली आती है।
इस दिन किए गए व्रत, पूजा और दान का विशेष पुण्य मिलता है। अगर आप भी भगवान विष्णु की कृपा पाना चाहते हैं, तो इस दिन तुलसी माता से जुड़े ये 6 काम जरूर करें। इनके बारे में जानने के लिए हमने विशेषतौर पर उज्जैन के पंडित एवं ज्योतिषाचार्य मनीष शर्मा से बात की है। आइए इनके बारें में विस्तार से जानते हैं।
तुलसी माता को लाल चुनरी अर्पित करें
देवउठनी एकादशी के दिन सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें। इसके बाद तुलसी माता के पास जाकर उन्हें प्रणाम करें। तुलसी के पौधे पर लाल चुनरी अर्पित करें। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से माता तुलसी प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। इस दौरान मन में अपनी मनोकामना कहें और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करें।
पीले धागे में 11 गांठ लगाएं
इस दिन पीले रंग के धागे को लेकर उसमें 11 गांठ लगाएं। इसके बाद इस धागे को श्रद्धापूर्वक तुलसी के पौधे में बांध दें। पीला रंग भगवान विष्णु को प्रिय माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। पूजा करते समय भगवान विष्णु का ध्यान जरूर करें।
तुलसी के पौधे पर लाल कलावा बांधें
देवउठनी एकादशी पर तुलसी माता की पूजा करते समय उनके पौधे पर लाल कलावा भी बांध सकते हैं। कलावा बांधते समय माता तुलसी से परिवार की रक्षा और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस उपाय से घर में सकारात्मकता बनी रहती है और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है।
कच्चा दूध चढ़ाएं और घी का दीपक जलाएं
इस पावन दिन तुलसी माता के पास साफ-सफाई करें। इसके बाद श्रद्धा के अनुसार थोड़ा कच्चा दूध अर्पित करें। फिर घी का दीपक जलाएं और तुलसी माता की आरती करें। दीपक जलाते समय भगवान विष्णु का स्मरण करें। मान्यता है कि तुलसी के पास दीपक जलाने से घर का वातावरण पवित्र और सकारात्मक बनता है।
भगवान विष्णु को तुलसी दल अर्पित करें
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा में तुलसी दल का विशेष महत्व है। पूजा के समय भगवान को तुलसी के पत्ते अर्पित करें। ध्यान रखें कि एकादशी के दिन तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए। इसलिए एक दिन पहले तोड़े गए या पहले से गिरे हुए साफ पत्तों का ही इस्तेमाल करें। इससे पूजा विधि के नियमों का ध्यान भी रखा जा सकेगा।
भगवान विष्णु के मंत्र का जाप करें
पूजा के अंत में भगवान विष्णु के मंत्र का जाप जरूर करें।
मंत्र: ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः।
इस मंत्र का 108 बार जाप करना शुभ माना जाता है। जाप करते समय मन को शांत रखें और भगवान विष्णु से अपने परिवार की सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना करें।
यह भी पढ़ें- देवउठनी एकादशी पर ही क्यों जागते हैं भगवान विष्णु? जानें इस पर्व का खास महत्व
यह भी पढ़ें- 4 महीने की योग निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु; देवउठनी एकादशी पर तुलसी के ये उपाय खोलेंगे किस्मत के द्वार
अस्वीकरण: देवउठनी एकादशी पर सच्चे मन से भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। सबसे जरूरी बात यह है कि पूजा में दिखावे से ज्यादा श्रद्धा, विश्वास और अच्छे कर्मों का महत्व होता है। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।