सर्दियों में भी बना सकते हैं चारधाम यात्रा का प्लान, कपाट बंद होने के बाद इन 4 गांवों में बसते हैं भगवान?
सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण चारधाम यात्रा के कपाट बंद हो जाते हैं, जिसके बाद देवी-देवताओं की उत्सव डोलियां उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर ले जाई जाती हैं। श्रद्धालु इन शीतकालीन स्थलों जैसे ऊखीमठ, ज्योतिर्मठ, मुखवा और खरसाली में भगवान के दर्शन और पूजा कर सकते हैं।

चारधाम यात्रा सर्दियों में कहां होती है?
HighLights
सर्दियों में चारधाम के कपाट 6 महीने के लिए बंद होते हैं।
देवी-देवताओं की उत्सव डोलियां शीतकालीन प्रवास स्थलों पर जाती हैं।
ऊखीमठ, ज्योतिर्मठ, मुखवा और खरसाली में करें शीतकालीन दर्शन।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में चारधाम यात्रा का अत्यंत महत्व है। देवों की नगरी उत्तराखंड के ऊंचे-ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। माना जाता है कि, इन चारों धाम की यात्रा करने से व्यक्ति को पुण्य फलों की प्राप्ति होती है और मोक्ष का रास्ता खुलता है। बर्फीली पहाड़ियों, शांत वादियों और आध्यात्मिक वातावरण के बीच ये यात्रा सभी के लिए खास मानी जाती है।

हर साल भारत में सर्दियों की दस्तक के साथ ही भारी बर्फबारी और खराब मौसम के चलते चारों धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए अगले 6 महीने तक बंद कर दिए जाते हैं। धाम के कपाट बंद होने से पहले खास पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं का पालन किया जाता है।
इसके बाद चारों धामों में विराजित देवी-देवताओं की उत्सव डोली और विग्रह को उनके शीतकालीन प्रवास स्थानों पर 6 महीने के लिए ले जाया जाता है। आने वाले पूरे 6 महीनों तक इन स्थलों पर नियमित रूप से पूजा की जाती है और श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकते हैं। ऐसे में अगर आप अपने दोस्तों या परिजनों के साथ सर्दियों में चारधाम दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं कपाट बंद होने के बाद कहां दर्शन करने जाना होगा।

सर्दियों में चारधाम के दर्शन कहां?
केदारनाथ- केदारनाथ उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है, जिसे भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है। सर्दियों में भारी बर्फबारी के चलते यहां के कपाट बंद हो जाते हैं।
इसके बाद बाबा केदार की उत्सव डोली को विधि-विधान के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया जाता है। यहां आने वाले 6 महीनों तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा होती है।
बद्रीनाथ
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम भगवान विष्णु को समर्पित मंदिर है। सर्दियों के दौरान यहां के कपाट भी 6 महीने के लिए बंद कर दिए जाते हैं। बद्रीनाथ के कपाट बंद होने पर भगवान बद्रीविशाल की शीतकालीन पूजा ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के नरसिंह मंदिर में होती है।
वहीं, भगवान की उत्सव डोली पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री में आती है। ऐसें सर्दियों के दौरान श्रद्धालु इन दोनों ही स्थानों पर भगवान बद्री विशाल की पूजा और दर्शन कर सकते हैं।
गंगोत्री
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम मां गंगा को समर्पित है। सर्दियों के दौरान गंगोत्री मंदिर के कपाट बंद होने पर मां गंगा की उत्सव डोली को मुखवा गांव में ले जाया जाता है। पूरे शीतकालीन मां गंगा इसी गांव में निवास करती हैं। श्रद्धालु इस दिन मुखवा गांव में आकर गंगा के दर्शन कर सकते हैं।
यमुनोत्री
उत्तराखंड के ही उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री धाम स्थित है, जो मां यमुना को समर्पित मंदिर है। शीतकाल में मंदिर के कपाट बंद होने पर मां यमुना की उत्सव डोली को खरसाली गांव ले जाया जाता है। खरसाली में ही मां यमुना सर्दियों में प्रवास करती हैं। इस दौरान भक्त यहां आकर मां यमुना के दर्शन कर सकते हैं।

चारधाम यात्रा में सबसे पहले क्या करें?
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पश्चिम से पूर्व दिशा की तरफ की जाती है। इसमें सबसे पहले श्रद्धालु यमुनोत्री, फिर गंगोत्री, उसके बाद केदारनाथ और आखिर में बद्रीनाथ के दर्शन करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।