वैकुंठ चतुर्दशी सिर्फ काशी में नहीं, उज्जैन से महाराष्ट्र तक इन मंदिरों में बदल जाते हैं पूजा के सभी नियम!
वैकुंठ चतुर्दशी, भगवान विष्णु और शिव के मिलन का पावन पर्व, 23 नवंबर 2026 को देशभर में मनाया जा रहा है। यह त्योहार काशी, उज्जैन और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में अनूठी परंपराओं और हरि-हर मिलन के साथ धूमधाम से मनाया जाता है।
-1795409515888_m.webp)
देशभर में वैकुंठ चतुर्दशी कैसे मनाई जाती है?
HighLights
काशी में हरि-हर मिलन और देव दीवाली की परंपरा।
उज्जैन में मध्यरात्रि गोपाल मंदिर में हरि-हर मिलन।
महाराष्ट्र में विष्णु-शिव की संयुक्त पूजा, विशेष मंदिर।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। वैकुंठ चतुर्दशी का नाम सुनते ही हममें से ज्यादातर लोगों के मन में काशी के घाटों की रोनक, आध्यात्मिक वातावरण, दीपदान और बाबा विश्वनाथ की खास पूजा का दृश्य दिखाई देता है जो कि पूरी तरह सच भी है। काशी में इस त्योहार की रौनक देखने लायक होती है, लेकिन यह अत्यंत पावन तिथि सिर्फ काशी के घाटों तक ही सीमित नहीं है।
इस साल कार्तिक मास की चतुर्दशी तिथि पर पढ़ने वाली 'वैकुंठ चतुर्दशी' 23 नवंबर 2026, सोमवार यानी के आज के दिन ही मनाई जा रही है। भगवान विष्णु और भगवान शिव के अद्भुत मिलन का यह खास दिन काशी के साथ-साथ देशभर में अलग-अलग परंपराओं के साथ मनाया जाता है। महाराष्ट्र से लेकर दक्षिण भारत के तमाम राज्यों तक, हर जगह इसे लेकर अपनी खास लोक-आस्था और परंपराएं देखने को मिलती है। आइए जानते हैं देश के अलग-अलग हिस्सों में वैकुंठ चतुर्दशी कैसे मनाई जाती है?

वैकुंठ चतुर्दशी पर हरि-हर मिलन की परंपरा (AI Image)
काशी में वैकुंठ चतुर्दशी
सनातन परंपरा में वैकुंठ चतुर्दशी त्योहार का खास धार्मिक महत्व है। काशी में इस दिन खासतौर से भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा की जाती है। जिसे 'हरि-हर मिलन' पर्व के नाम से भी जाना जाता है। इसके अलावा वैकुंठ चतुर्दशी पर्व से एक दिन पहले काशी में देव दीवाली मनाने की भी परंपरा है।
वैकुंठ चतुर्दशी के मौके पर काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान विष्णु जी को भी अत्यंत श्रद्धा-भाव से विराजमान किया जाता है। इस दौरान विष्णु जी को प्रिय तुलसी दल शिव जी को अर्पित किया जाता है और वहीं, महादेव जी को प्रिय बेलपत्र भगवान विष्णु के चरणों में चढ़ाया जाता है।
उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी
उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी की मध्य रात्रि 12 बजे श्री द्वारकाधीश गोपाल मंदिर में 'हरि-हर मिलन' की परंपरा निभाई जाती है। इस दिव्य और भव्य नजारे को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ती है।
इस दौरान भगवान गोपाल की ओर से भगवान महाकाल को तुलसी की माला पहनाई जाती है और महाकाल भगवान की तरफ से गोपालजी को बेलपत्र की माला पहनाई जाती है।
महाराष्ट्र में वैकुंठ चतुर्दशी
महाराष्ट्र में वैकुंठ चतुर्दशी के मौके पर भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त यानी एक साथ पूजा की जाएगी, जिसे 'हरि-हर' स्वरूप भी कहा जाता है। महाराष्ट्र के नासिक में स्थित 'तिलभांडेश्वर मंदिर' और 'कपालेश्वर मंदिर' में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। तिलभांडेश्वर मंदिर में शिवलिंग को अर्धनारीश्वर के चांदी के मुखौटे और आभूषणों से सजाया जाता है।
महाराष्ट्र के घृष्णेश्वर मंदिर में भी शिव को तुलसी और विष्णु जी को बेलपत्र अर्पित की जाती है।
इसके अलावा ऋषिकेश, गया, हरिद्वार समेत देशभर के कई मंदिरों में वैकुंठ चतुर्दशी के मौके पर 'हरि-हर' मिलन की परंपरा देखने को मिलती है।
यह भी पढ़ें- शिव की नगरी काशी में आखिर क्यों बसते हैं भगवान विष्णु? 1000 साल पुराने 'बिंदु माधव' मंदिर का रहस्य चौंका देगा
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक कथाओं और सामान्य जनश्रुतियों पर आधारित है। हमारा उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं है। पाठक इसे केवल सूचना के रूप में लें और किसी भी धार्मिक अनुष्ठान या मान्यता को अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ या विद्वान से परामर्श अवश्य लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।