आंगन में गन्ने का मंडप, लाल चुनरी और शालिग्राम संग गठबंधन... आज ऐसे मनाएं Tulsi Vivah का महापर्व
तुलसी विवाह 2026 का पर्व 21 नवंबर को मनाया जा रहा है, जिसमें माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम से होता है। यह अनुष्ठान कन्यादान के समान पुण्य देता है, जिसकी पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और पौराणिक कथा इस लेख में विस्तार से बताई गई है।

कैसे मनाएं तुलसी विवाह का पर्व? (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 21 नवंबर को तुलसी विवाह (Tulsi Vivah 2026) का पर्व मनाया जा रहा है। यह पावन पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी (या एकादशी) तिथि पर मनाया जाता है। हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का अत्यधिक धार्मिक महत्व है।
इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ पूरे रीति-रिवाजों से किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस अनुष्ठान को करने से कन्यादान के समान ही महापुण्य की प्राप्ति होती है। आइए इस आर्टिकल में आपको विस्तार से बताते हैं तुलसी विवाह के शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और कथा के बारे में।
तुलसी विवाह 2026 डेट और शुभ मुहूर्त (Tulsi Vivah 2026 Date And Shubh Muhurat)
कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि की शुरुआत: 21 नवंबर को सुबह 06 बजकर 31 मिनट पर
कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि का समापन: 22 नवंबर को सुबह 04 बजकर 56 मिनट पर
पंचांग के अनुसार, आज यानी 21 नवंबर को तुलसी विवाह मनाया जा रहा है।
शुभ मुहूर्त:
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 05 बजकर 01 मिनट से लेकर सुबह 05 बजकर 30 मिनट तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11 बजकर 16 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 05 बजकर 25 मिनट से लेकर शाम 05 बजकर 52 मिनट तक
तुलसी विवाह की विधि (Tulsi Vivah Vidhi)
- इस दिन आंगन या पूजा स्थल को साफ कर रंगोली बनाएं।
- शाम को तुलसी के पौधे के चारों ओर गन्ने का मंडप बनाएं।
- तुलसी जी को लाल चुनरी, सिंदूर, बिंदी और चूड़ियां चढ़ाएं।
- तुलसी के पास भगवान शालिग्राम को विराजित करें।
- दोनों को हल्दी-रोली लगाएं और लाल-पीले पवित्र धागे से गठबंधन करें।
- फूल, मिठाई,आंवला, बेर, गन्ना अर्पित करें।
- दीपक जलाकर पूजा करें, आरती उतारें और फेरे लें।
तुलसी विवाह की कथा (Tulsi Vivah Katha)
पौराणिक कथा के अनुसार, देवी तुलसी पूर्व जन्म में वृंदा नामक पतिव्रता स्त्री थीं। उनके पतिव्रत धर्म के कारण उनका असुर पति जालंधर अजेय हो गया था। देवताओं की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने जालंधर का रूप धरकर वृंदा का सतीत्व भंग कर दिया, जिससे जालंधर की शक्ति छिन गई और वह युद्ध में मारा गया।
छल का पता चलने पर आहत वृंदा ने प्राण त्याग दिए। उनके तप से तुलसी का पवित्र पौधा उत्पन्न हुआ। वृंदा की भक्ति का सम्मान करते हुए भगवान विष्णु ने वरदान दिया कि तुलसी के बिना उनकी पूजा हमेशा अधूरी रहेगी। साथ ही, उन्होंने शालिग्राम रूप में तुलसी से विवाह किया। इसी उपलक्ष्य में हर वर्ष कार्तिक माह में तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाता है।
तुलसी माता की आरती (Tulsi Mata Ki Aarti)
जय जय तुलसी माता, मैय्या जय तुलसी माता ।
सब जग की सुख दाता, सबकी वर माता।।
मैय्या जय तुलसी माता।।
सब योगों से ऊपर, सब रोगों से ऊपर।
रज से रक्ष करके, सबकी भव त्राता।
मैय्या जय तुलसी माता।।
बटु पुत्री है श्यामा, सूर बल्ली है ग्राम्या।
विष्णुप्रिय जो नर तुमको सेवे, सो नर तर जाता।
मैय्या जय तुलसी माता।।
हरि के शीश विराजत, त्रिभुवन से हो वंदित।
पतित जनों की तारिणी, तुम हो विख्याता।
मैय्या जय तुलसी माता।।
लेकर जन्म विजन में, आई दिव्य भवन में।
मानव लोक तुम्हीं से, सुख-संपति पाता।
मैय्या जय तुलसी माता।।
हरि को तुम अति प्यारी, श्याम वर्ण सुकुमारी।
प्रेम अजब है उनका, तुमसे कैसा नाता।
हमारी विपद हरो तुम, कृपा करो माता।
मैय्या जय तुलसी माता।।
जय जय तुलसी माता, मैय्या जय तुलसी माता।
सब जग की सुख दाता, सबकी वर माता॥
मैय्या जय तुलसी माता।।
यह भी पढ़ें- तुलसी विवाह 2026: कब है शुभ मुहूर्त और क्या है सही पूजा विधि? जानें पूरी जानकारी
यह भी पढ़ें- शाम होते ही तुलसी के पत्ते तोड़ना क्यों माना जाता है वर्जित? देवी भागवत पुराण में बताया गया है रहस्य
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।