पूजा-पाठ करते समय बैठना शुभ है या खड़े रहना? जानिए धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सही तरीका
धार्मिक मान्यताओं और शास्त्रों के अनुसार पूजा-पाठ करते समय आसन पर बैठना अधिक शुभ और फलदायी माना जाता है। हालांकि ...और पढ़ें

पूजा-पाठ के दौरान कब बैठना चाहिए? (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में पूजा-पाठ को जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। सुबह और शाम भगवान की पूजा करने से मन को शांति मिलती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भगवान की पूजा करते समय बैठना चाहिए या खड़े रहना चाहिए?
अमूमन लोगों को इस बारे में कम जानकारी होती है और जानकारी के अभाव में वे अपनी सुविधा के अनुसार ही तय कर लेते हैं कि उन्हें बैठकर पूजा करनी है या फिर खड़े होकर। मगर धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूजा करने का सही तरीका और सही आसन भी बहुत महत्वपूर्ण माना गया है।
हिंदू धर्म में मान्यता अनुसार दैनिक पूजा और मंत्र जाप बैठकर करना चाहिए, जबकि आरती और परिक्रमा खड़े होकर करना उचित होता है। इस बारे में हमने उज्जैन के पंडित एंव ज्योतिष मनीष शर्मा से विस्तार में बात की। तो चलिए जानते हैं पूजा-पाठ से जुड़े कुछ जरूरी नियम।
बैठकर पूजा करना क्यों माना जाता है शुभ?
पंडित जी के अनुसार, "भगवान की नियमित पूजा हमेशा आसन पर बैठकर करनी चाहिए। ऐसा माना जाता है कि बैठकर पूजा करने से शरीर और मन दोनों स्थिर रहते हैं। इससे व्यक्ति का ध्यान भगवान की भक्ति में आसानी से लगता है।"
जब हम शांत होकर एक स्थान पर बैठते हैं, तो मन इधर-उधर भटकने के बजाय पूजा और मंत्र जाप पर केंद्रित रहता है। इसी वजह से पूजा के दौरान बैठने को अच्छा माना गया है। विशेष रूप से पाठ और मंत्र जाप के समय बैठकर पूजा करना उचित माना जाता है।
पूजा के लिए कैसा आसन इस्तेमाल करना चाहिए?
हिंदू धर्म में पूजा करते समय आसन का भी विशेष महत्व बताया गया है। पंडित जी बताते हैं, " पूजा कभी भी सीधे जमीन पर बैठकर नहीं करनी चाहिए। इसके लिए साफ और पवित्र आसन का इस्तेमाल करना चाहिए।"
आप पूजा के लिए सूती कपड़े, चटाई, कंबल या ऊनी आसन का उपयोग कर सकते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आसन पर बैठकर पूजा करने से साधना में स्थिरता बनी रहती है। ध्यान रखें कि पूजा का आसन साफ हो और उसका इस्तेमाल नियमित रूप से पूजा के लिए ही किया जाए।
आरती करते समय खड़े होना क्यों है उचित?
भगवान की आरती पूजा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। पंडित जी बताते हैं, " आरती करते समय खड़े होना शुभ माना जाता है। इस दौरान दीपक या आरती की थाली भगवान के सामने श्रद्धा और सम्मान के साथ घुमाई जाती है।" मान्यता है कि आरती करना यानी भगवान की परिक्रमा करना। भगवान कीी परिक्रमा करना उनके प्रति आदर प्रकट करना होता है। इस लिए आरती हमेशा खड़े होकर ही करनी चाहिए।
परिक्रमा हमेशा खड़े होकर करनी चाहिए
हिंदू धर्म में मंदिरों और देवी-देवताओं की परिक्रमा करने की विशेष परंपरा है। परिक्रमा का अर्थ है भगवान को अपने केंद्र में रखकर उनके चारों ओर श्रद्धापूर्वक घूमना। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, परिक्रमा हमेशा खड़े होकर और चलते हुए करनी चाहिए। इस दौरान मन में भगवान का स्मरण करना चाहिए। परिक्रमा करते समय जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान का ध्यान करना चाहिए।
लगातार खड़े होकर पूजा करना सही है या नहीं?
पंडित जी कहते हैं, " दैनिक पूजा-पाठ, ध्यान और मंत्र जाप के लिए बैठने को अधिक उचित माना गया है। लगातार खड़े रहकर पूजा करने से शरीर थक सकता है और ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है। इसलिए सुबह-शाम की नियमित पूजा बैठकर करें। वहीं आरती, भजन के दौरान खड़े होना उचित माना जाता है।
यह भी पढ़ें- पवित्र स्थलों पर मरने वालों की आत्मा के साथ क्या होता है? जानिए 7 मोक्षदायिनी तीर्थों का रहस्य
यह भी पढ़ें- खरीदारी तो हर कोई करता है, लेकिन धनतेरस पर गाय को पहला निवाला खिलाना क्यों माना गया है सबसे बड़ा उपाय?
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।