विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महानवमी पर हवन करते समय किस सामग्री की आहुति देने से मिलता है कौन-सा फल? यहां देखें पूरी लिस्ट

Published: Sun, 18 Oct 2026 07:28 PM (IST)

हिंदू धर्म में महानवमी पर हवन का विशेष महत्व है, जिसमें विभिन्न सामग्रियों की आहुति से अलग-अलग फल प्राप्त होते हैं।

महानवमी हवन में किस सामग्री से मिलता है कौन सा फल (Picture Credit: AI Generated)

महानवमी हवन में किस सामग्री से मिलता है कौन सा फल (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. महानवमी हवन में विभिन्न सामग्रियों की आहुति के विशेष फल।

  2. मखाना, खीर, कमल गट्टा से पारिवारिक सुख और धन लाभ।

  3. तिल, जौ, घी, शहद से दोष मुक्ति और उत्तम स्वास्थ्य।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में शारदीय नवरात्र की सबसे प्रमुख तिथि महानवमी को माना जाता है। इस दिन मां सिद्धिदात्री का पूजन विधि-विधान से किया जाता है और इसी दिन नौ दिनों के व्रत का पारण भी किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि महानवमी के दिन घर में हवन करने से किसी भी तरह की बुरी ऊर्जा से मुक्ति मिलती है और माता दुर्गा का आशीर्वाद बना रहता है।

महानवमी पर किया जाने वाला हवन नवरात्रि पूजन की पूर्णता का प्रतीक माना जाता है। शास्त्रों और दुर्गा सप्तशती के विधान के अनुसार इस हवन में विभिन्न सामग्रियों की आहुति देने से विशिष्ट फल प्राप्त होते हैं। आइए एस्ट्रोपत्री के ज्योतिषी चंद्रेश शर्मा से जानें कौन सी सामग्री से कैसा फल मिलता है।

विभिन्न सामग्रियों की आहुति और उनसे मिलने वाले फल

शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर किए जाते वाले हवन में अलग-अलग चीजों की आहूति देने से अलग फल मिलते हैं। किसी सामग्री को उत्तम स्वास्थ्य का प्रतीक माना जाता है, तो किसी के फल से धन लाभ के योग बनते हैं। आइए आपको बताते हैं सभी चीजों के बारे में -

मखाना और खीर (दूध-चावल)

मखाने और खीर की आहुति देने से पारिवारिक सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। इससे घर के सभी सदस्यों की सेहत अच्छी बनी रहती है और रोग-दोष दूर होते हैं।

कमल गट्टा

कमल गट्टे की आहुति हवन में देने से माता लक्ष्मी का आशीर्वाद मिलता है और धन लाभ के योग बनते हैं। यही नहीं इससे कर्ज से मुक्ति भी मिलती है। अगर आपके घर में बार-बार धन हानि होती है तो हवन में कमल गट्टा अवश्य अर्पित करें।

तिल और जौ

जब महानवमी के दिन हवन में तिल और जौ की आहुति दी जाती है तो यह विभिन्न दोषों को दूर करने में मदद करता है। इस उपाय से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है।

गाय का शुद्ध घी

जब गाय के शुद्ध घी की आहुति महानवमी में हवन के समय दे जाती है, तो विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। इस उपाय से ओज व तेज में भी वृद्धि होती है।

शहद

महा नवमी में हवन के समय यदि आप शहद की आहुति अर्पित करते हैं, तो वाणी में मधुरता बनी रहती है, इससे आपका प्रभाव बढ़ता है और कार्यक्षेत्र व व्यापार में सफलता मिलती है।

लौंग का जोड़ा

हवन के समय माता को लौंग के जोड़े की आहुति देने से बाधाएं दूर होती हैं और नकारात्मक ऊर्जा से सुरक्षा मिलती है। यही नहीं यह कार्यों में विजय प्राप्त करने का एक आसान तरीका भी माना जाता है।

गूगल और लोबान

दुर्गा नवमी के दिन हवन करते समय यदि आप गूगल और लोबान की आहुति देते हैं, तो इससे गृह क्लेश दूर होते हैं और किसी भी प्रकार के वास्तु दोष और नकारात्मक प्रभावों को दूर करने में मदद मिलती है।

सूखा नारियल (पूर्णाहूति)

सूखे नारियल की आहुति देने से समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और हवन का पूर्ण फल तथा सिद्धि प्राप्त होती है। इस आहूति को पूर्ण आहूति माना जाता है।

अगर आप भी महानवमी के दिन यहां बताई चीजें हवं के दौरान अर्पित करेंगे, तपो सभी कष्टों से मुक्ति मिलेगी और माता दुर्गा का आशीर्वाद बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- महाअष्टमी पर सुबह, शाम या रात कब करें हवन? जानें शुभ मुहूर्त और सरल विधि

यह भी पढ़ें- Durga Ashtami 2026: शारदीय नवरात्र अष्टमी हवन में जरूर दें इन 3 चीजों की आहुति, मां दुर्गा होंगी प्रसन्न

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।