Shardiya Navratri 2026 Day 7: मां कालरात्रि की पूजा से दूर होगा भय, नोट करें पूजन विधि, शुभ मुहूर्त और भोग
शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा का विधान है, जिससे नकारात्मक ऊर्जा और भय दूर होता है। ...और पढ़ें

कैसे करें मां कालरात्रि की पूजा?

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 17 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना करने का विधान है। साथ ही मां कालरात्रि की कृपा प्राप्त करने के लिए व्रत भी किया जाता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, शारदीय नवरात्र में सच्चे मन से मां कालरात्रि की पूजा करने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और हर प्रकार के भय से छुटकारा मिलता है। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में हम आपको मां कालरात्रि की पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और कथा आदि के बारे में बताते हैं।
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन का शुभ मुहूर्त (Shardiya Navratri 2026 Day 7 Shubh Muhurat)
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11 बजकर 43 मिनट से दोपहर 12 बजकर 38 मिनट तक
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 04 बजकर 59 मिनट से सुबह 05 बजकर 47 मिनट तक
अपराह्न (संध्या) पूजा मुहूर्त: दोपहर 03 बजकर 54 मिनट से शाम 06 बजकर 14 मिनट तक
मां कालरात्रि की पूजा विधि (Shardiya Navratri 2026 Day 7 Puja Vidhi)
- इस दिन सुबह स्नान करने के बाद साफ कपड़े धारण करें।
- मां कालरात्रि की प्रतिमा का अभिषेक करें और वस्त्र पहनाएं।
- देवी को कुमकुम, लाल चंदन और फूल अर्पित करें।
- देसी घी का दीपक जलाएं।
- सच्चे मन से देवी की आरती करें।
- व्रत कथा का पाठ करें और मंत्रों का जाप करें।
- गुड़ की खीर, फल आदि का भोग लगाएं।
- देवी से जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति की कामना करें।
- अंत में लोगों में प्रसाद वितरण करें और स्वयं भी ग्रहण करें।
मां कालरात्रि के प्रिय भोग
मां कालरात्रि को गुड़ अत्यंत प्रिय है। सातवें दिन उन्हें गुड़ या गुड़ से बनी मिठाइयों का भोग लगाना चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन चीजों का भोग लगाने से देवी प्रसन्न होती हैं।
मां कालरात्रि कथा (Maa Kalaratri Katha)
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार शुंभ, निशुंभ और रक्तबीज ने तीनों लोकों में हाहाकार मचा रखा था, जिसकी वजह से देवी-देवता परेशान होने लगे। ऐसे में उन्होंने देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना की। वहीं, इस समस्या से मुक्ति पाने के लिए सभी देवता महादेव के पास पहुंचे। तब शिव जी ने माता पार्वती से शुंभ-निशुंभ का अंत करने के लिए कहा। इसके बाद माता पार्वती ने दुर्गा का रूप धारण किया और उनका वध किया।
जब मां दुर्गा रक्तबीज का वध करने आईं, तो रक्तबीज को यह वरदान प्राप्त था कि यदि उसके खून की एक बूंद भी जमीन पर गिरी, तो उसके जैसा एक और राक्षस पैदा हो जाएगा। इसी वजह से उसे कोई मार नहीं पा रहा था। इसके बाद मां दुर्गा ने अपने तेज से मां कालरात्रि का रूप धारण किया। मां कालरात्रि ने रक्तबीज के रक्त को जमीन पर गिरने नहीं दिया और उसे अपने मुख में ले लिया। इस प्रकार मां कालरात्रि ने रक्तबीज का संहार किया।
मां कालरात्रि की आरती (Maa Kalratri Ki Aarti)
कालरात्रि जय-जय-महाकाली।
काल के मुह से बचाने वाली।
दुष्ट संघारक नाम तुम्हारा।
महाचंडी तेरा अवतार।
पृथ्वी और आकाश पे सारा।
महाकाली है तेरा पसारा।
खड्ग खप्पर रखने वाली।
दुष्टों का लहू चखने वाली।
कलकत्ता स्थान तुम्हारा।
सब जगह देखूं तेरा नजारा।
सभी देवता सब नर-नारी।
गावें स्तुति सभी तुम्हारी।
रक्तदंता और अन्नपूर्णा।
कृपा करे तो कोई भी दुःख ना।
ना कोई चिंता रहे बीमारी।
ना कोई गम ना संकट भारी।
उस पर कभी कष्ट ना आवें।
महाकाली मां जिसे बचावे।
तू भी भक्त प्रेम से कह।
कालरात्रि मां तेरी जय।
मां कालरात्रि बीज मंत्र
क्लीं ऐं श्री कालिकायै नम:।
मंत्र
1. ज्वाला कराल अति उग्रम शेषा सुर सूदनम।
त्रिशूलम पातु नो भीते भद्रकाली नमोस्तुते।।
2. ओम देवी कालरात्र्यै नमः।
यह भी पढ़ें- कन्या पूजन 2026: हलवा, पूड़ी और चने के बिना क्यों अधूरी मानी जाती है मां दुर्गा की पूजा?
यह भी पढ़ें- दुर्गा पूजा की मूर्ति में मां की आंखें क्यों होती हैं खास? ‘चक्षुदान’ की इस परंपरा का रहस्य कर देगा हैरान
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
