आज सावन के तीसरे मंगला गौरी व्रत पर जरूर करें 16 श्रृंगार, पति की दीर्घायु के लिए पूजन की सही विधि पढ़ें
आज सावन का तीसरा मंगला गौरी व्रत है जो सुहागिन महिलाओं और कुंवारी लड़कियों दोनों के लिए खास माना जा रहा है। आइए आपको बताते हैं आज के दिन किस तरह का पूजन जीवन में सौभाग्य ला सकता है।

सावन के तीसरे मंगला गौरी व्रत पर करें सोलह श्रृंगार और पाएं अखंड सौभाग्य (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
सावन का तीसरा मंगला गौरी व्रत 18 अगस्त को।
पति की दीर्घायु और सुयोग्य वर की कामना।
सोलह श्रृंगार कर माता गौरी की पूजा करें।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। सावन महीने के हर मंगलवार को मंगला गौरी व्रत के रूप में मनाया जाता है। इस व्रत में सुहागिन महिलाएं माता गौरी के लिए व्रत करती हैं और उनकी पूजा करके पति की दीर्घायु की कामना करती हैं।
इस साल सावन में 4 मंगला गौरी व्रत पड़ रहे हैं जिनमें से तीसरा व्रत आज यानी 18 अगस्त को रखा जा रहा है। सावन का तीसरा मंगला गौरी व्रत अखंड सौभाग्य, दांपत्य जीवन में सुख-शांति और सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए अत्यंत शुभ माना जा रहा है।
इस व्रत को लेकर यह मान्यता है कि माता गौरी ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए घोर तपस्या की थी और इसी वजह से आज भी कुंवारी लड़कियां मंगला गौरी के दिन माता गौरी की पूजा अच्छे जीवनसाथी की कामना में करती हैं और सुहागिन महिलाएं पति के दीर्घायु की इच्छा में यह व्रत करती हैं।
इस दिन सुहागिन महिलाओं के लिए सोलह श्रृंगार करना बहुत शुभ माना जाता है। आइए आपको बताते हैं इस दिन किस विधि से पूजा करनी चाहिए?
सावन के तीसरे मंगला गौरी पर 16 श्रृंगार का महत्व
सावन के महीने में पड़ने वाला मंगला गौरी व्रत माता गौरी की पूजा के लिए विशेष माना जाता है। इसी वजह से इस दिन महिलाओं को सोलह श्रृंगार करके ही माता गौरी का पूजन विधि-विधान से करना चाहिए। यही नहीं इस दिन माता गौरी को भी श्रृंगार की सामग्रियां चढ़ानी चाहिए।
इससे सुहागिन महिलाओं को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है। माता गौरी को 16 शृंगार में चुनरी, चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और अन्य श्रृंगार की सामग्रियां अर्पित करें और पति की दीर्घायु की प्रार्थना करें। इस दिन माता गौरी को सभी चीजें 16 की संख्या में चढ़ानी चाहिए। जैसे 16 फल, 16 फूल और 16 मिठाइयां चढ़ाना शुभ माना जाता है।
मंगला गौरी व्रत के दिन कैसे करें पूजा
- सावन के तीसरे मंगला गौरी व्रत के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि से निवृत्त होकर साफ वस्त्र धारण करें।
- पूजा के स्थान की अच्छी तरह से सफाई करें और एक चौकी में लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाएं।
- पूजा आरंभ करने से पहले व्रत का संकल्प लें। व्रत के संकल्प में मन में यह कामना करें कि आप माता गौरी को प्रसन्न करने के लिए व्रत आरंभ करने जा रही हैं और माता इस व्रत को बिना किसी बाधा के पूर्ण करें।
- इसके बाद आप सोलह श्रृंगार करके तैयार हो और पूजन आरंभ करें।
- माता गौरी को फूल, फल और श्रृंगार की सामग्री चढ़ाएं और अखंड सौभाग्य की प्रार्थना करें।
- पूजन के दौरान मंगला गौरी व्रत की कथा का पाठ करें और पूजा के समापन के साथ आरती करें।
- आरती के बाद माता को अर्पित किए हुए नैवेद्य को परिवार जनों में बांट दें और स्वयं भी ग्रहण करें।
- यदि आप इस दिन उपवास करें तो भोजन की जगह फलाहार ही ग्रहण करें।
मंगला गौरी व्रत रखने के फायदे
यदि आप सावन में मंगला गौरी व्रत करती हैं तो आपको इसके कई लाभ मिलते हैं। इस व्रत को करने वाली महिलाओं को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है और यदि संतान प्राप्ति की इच्छा से यह व्रत किया जाता है तो जल्दी ही संतान प्राप्ति के योग बनते हैं।
इस व्रत को कुंवारी लड़कियों के लिए भी बहुत फलदायी माना जाता है क्योंकि इससे उन्हें अच्छे जीवनसाथी का आशीर्वाद मिलता है। मंगला गौरी व्रत कुंडली में मौजूद कई दोषों जैसे मांगलिक दोष से मुक्ति दिलाता है और वैवाहिक जीवन में आने वाली समस्याओं को भी दूर करता है।
अगर आप भी सावन में मंगला गौरी का व्रत करती हैं तो आपको इसके नियमों का पालन जरूर करना चाहिए। सावन का तीसरा मंगला गौरी विशेष योग बना रहा है और इस दिन आपको सोलह श्रृंगार करके ही पूजन करने की सलाह दी जाती है।
यह भी पढ़ें- क्या कुंवारी कन्याएं भी रख सकती हैं मंगला गौरी व्रत? जानिए मनचाहा वर पाने के लिए कड़े नियम
यह भी पढ़ें- मंगला गौरी व्रत में क्या खाना चाहिए और किन चीजों का करें त्याग? वैवाहिक जीवन होगा खुशियों से भरा
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।