सामुद्रिक शास्त्र: पैर के अंगूठे की बनावट से जानें अपनी किस्मत, जीवन में कितनी मिलेगी सुख-समृद्धि?
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार पैर के अंगूठे की बनावट से व्यक्ति के स्वभाव, किस्मत और सुख-समृद्धि के बारे में जाना ...और पढ़ें

अंगूठे के आकार के आधार पर जानें जीवन का रहस्य

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। सामुद्रिक शास्त्र में पैरों के आकार और पैर के अंगूठे की बनावट को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। किसी व्यक्ति के पैरों के अंगूठों की बनावट से यह संकेत मिलते हैं कि उसका स्वभाव और जीवन कैसा होगा। मान्यता है कि पैर के अंगूठे और अन्य उंगलियों में व्यक्ति के स्वभाव, निर्णय लेने की क्षमता और सुख-समृद्धि की झलक नजर आती है। किसी के पैर का अंगूठा गोल होता है, तो किसी का लंबा या छोटा होता है। सामुद्रिक शास्त्र में इन बनावटों के अलग-अलग अर्थ बताए गए हैं। आइए जानते हैं कि आपके पैर के अंगूठे की बनावट आपके बारे में क्या राज खोलती है।
गोल अंगूठा होने का क्या है मतलब?
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, जिन लोगों के पैर का अंगूठा गोल और संतुलित होता है, उन्हें सौभाग्यशाली माना जाता है। ऐसे लोगों को स्नेहपूर्ण, समझदार और परिवार को महत्व देने वाला माना जाता है। इन लोगों के जीवन में सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं होती है। ये अपने रिश्तों को कभी भी बिखरने नहीं देते हैं। इन्हें परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर आगे बढ़ना पसंद होता है।
पैर का अंगूठा बड़ा और लंबा होने का क्या है मतलब?
यदि किसी व्यक्ति के पैर का अंगूठा बाकी उंगलियों की तुलना में बड़ा और लंबा होता है, तो सामुद्रिक शास्त्र में इसे रचनात्मकता और अच्छे विचारों से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे लोगों को अपनी बात स्पष्ट रूप से रखने वाला और निर्णय लेने में सक्षम माना जाता है। ये लोग काम में पहल करना और नई चीजें सीखना पसंद करते हैं। अपनी मेहनत और समझदारी के दम पर ये लोग जीवन में आगे बढ़ते हैं और एक अच्छा मुकाम हासिल करते हैं।
अंगूठा और उसके पास वाली उंगली बराबर होने का क्या है मतलब?
पैर के अंगूठे और उसके पास वाली उंगली की लंबाई लगभग बराबर होने पर इसे शुभ संकेत माना जाता है। ऐसे लोगों को संतुलित सोच वाला और जीवन में स्थिरता पसंद करने वाला कहा जाता है। ये लोग आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लेते हैं और भविष्य के लिए योजनाएं बनाना पसंद करते हैं।
अंगूठा छोटा और पास वाली उंगली बड़ी होने का क्या है मतलब?
यदि पैर का अंगूठा उसके पास वाली उंगली से छोटा है, तो सामुद्रिक शास्त्र में इसे जीवन में आने वाली चुनौतियों से जोड़ा जाता है। माना जाता है कि ऐसे लोगों को अपने जीवन में जिम्मेदारियों और खर्चों के बीच संतुलन बनाने की जरूरत होती है। ऐसे लोगों रुपये पैसों के मामले में थोड़ा सावधान रहना चाहिए और बचत पर ज्यादा फोकस रखना चाहिए।
यह भी पढ़ें- सामुद्रिक शास्त्र: पैरों के Foot Print से जानें कितने बुद्धिमान, भाग्यशाली और धनवान हैं आप ?
यह भी पढ़ें- सामुद्रिक शास्त्र: शादी से पहले देख लें लड़की के पैरों की बनावट, ये निशानियां बताती हैं सौभाग्यशाली है या नहीं
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
