मंदोदरी ही नहीं, लंका के महल में रहती थी रावण की एक और रानी! दिलचस्प है इस अनसुने किरदार की कहानी
रामायण में रावण की दूसरी पत्नी धन्यमालिनी का जिक्र कम मिलता है, जो मंदोदरी की छोटी बहन और पराक्रमी योद्धा अतिकाय सहित चार पुत्रों की माता थीं।

रावण की पत्नी मंदोदरी और धन्यमालिनी (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
रावण की दूसरी पत्नी और मंदोदरी की छोटी बहन।
पराक्रमी योद्धा अतिकाय सहित चार पुत्रों की माता।
वाल्मीकि रामायण में सीता को छोड़ने की सलाह दी।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। रामायण की न जाने कितनी ऐसी गाथाएं हैं जिससे लोग आज भी अनजान हैं। कुछ ऐसे पात्र भी हैं जिनका नाम भी शायद काफी कम लोगों ने ही सुना होगा। उन्हीं में एक हैं लंकापति रावण की दूसरी पत्नी धन्यमालिनी। आप सभी रावण की पत्नी मंदोदरी के बार में जानते होंगे, लेकिन धन्यमालिनी का जिक्र बहुत कम आता है।
जब भी लंका के राजमहल की बात आती है, तो मन में कुछ गिने-चुने नाम ही सामने आते हैं। मुख्य रूप से मंदोदरी, मेघनाथ, कुंभकरण और विभीषण की चर्चा होती है, लेकिन लंकापति की दूसरी पत्नी के चरित्र के बारे में आज भी लोग पूरी तरह से नहीं जानते हैं। आइए आपको बताते हैं उनके बारे में कुछ अनसुनी बातें। हम एक ऐसी महारानी की कहानी बताएंगे, जो इतिहास के पन्नों में कहीं खोकर रह गई हैं।
कौन थीं रावण की दूसरी पत्नी धन्य मालिनी
लोककथाओं में धन्यमालिनी को मै दानव और अप्सरा हेमा की पुत्री तथा मंदोदरी की छोटी बहन बताया जाता है। वह शांत, सरल और धार्मिक स्वभाव की रानी थी, जो विवाह के बाद लंका के राज परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनीं।
कहा जाता है कि रावण अपनी दोनों पत्नियों का सम्मान करता था, लेकिन धन्य मालिनी का जीवन अधिकतर राजमहल की मर्यादाओं और शांति में बीता। उनके चार पुत्र थे, अतिकाय, नारांतक, देवान्तक और त्रिशिरा, जो राम रावण युद्ध में प्रमुख योद्धा बने। धन्य मालिनी का चरित्र एक ऐसी रानी के रूप में वर्णित किया जाता है जो वैभव के बीच भी संयम, मर्यादा और भक्ति का प्रतीक थीं।
धन्यमालिनी भगवान विष्णु की भक्त थीं
मान्यताओं के अनुसार, रावण की पटरानी मंदोदरी और धन्यमालिनी भगवान विष्णु की भक्त थीं, लेकिन रावण से विवाह करने के बाद दोनों ने भगवान विष्णु की भक्ति छोड़ दी। धन्यमालिनी के चार पुत्र थे-अतिकाय, नरांतक, त्रिशिरा और देवांतक। जिनमें से अतिकाय एक महान योद्धा था।
पराक्रमी योद्धा अतिकाय की माता थीं धन्यमालिनी
अगर हम धन्यमालिनी के परिचय की बात करें, तो कुछ बातें सामने आती हैं, जिनमें से उनका रावण की दूसरी पत्नी होने के साथ उनका एक पराक्रमी योद्धा अतिकाय की माता होना ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है। अतिकाय कोई साधारण राजकुमार नहीं था। वह शक्ति और अहंकार का जीवंत प्रतीक था, जिसने लंका के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी थी।
अतिकाय ने कठोर तपस्या करके ब्रह्मा को जी को प्रसन्न किया और उसकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्माजी ने उसे ऐसे दिव्य वरदान दिए, जिनकी वजह से वह युद्धभूमि में अजेय हो गया था। हालांकि युद्ध में लक्ष्मण जी के हाथों अतिकाय का अंत भी हो गया। अतिकाय इतना शक्तिशाली था कि उसे रोकने के लिए ब्रह्मास्त्र का प्रयोग करना पड़ा, जिसे अत्यंत शक्तिशाली दिव्य अस्त्र माना जाता था।
रामायण में मिलता है धन्यमालिनी का वर्णन
वाल्मीकि रामायण के सुंदरकांड के 22वें सर्ग में 39 श्लोक में धन्यमालिनी का उल्लेख मिलता है। जब रावण माता सीता को डराकर उनसे विवाह करने के लिए दबाव बना रहा था, तब धन्यमालिनी वहां पहुंचीं और उन्होंने सीता का मोह छोड़ने की बात कही। यह श्लोक है-
उपगम्य ततः शीघ्रं राक्षसी धान्यमालिनी ।
परिष्वज्य दशग्रीवमिदं वचनमब्रवीत् ॥
इसका अर्थ है कि- 'धान्यमालिनी' नाम की एक राक्षसी जो रावण की पत्नी भी थी शीघ्रता से दशग्रीव रावण के पास गई और उसे आलिंगन में लेकर उन्होंने यह वचन कहे।
क्यों कम चर्चित रह गईं धन्यमालिनी?
रामायण में मंदोदरी का चरित्र काफी विस्तार से सामने आता है। वह रावण को बार-बार उसके अधर्म का परिणाम समझाती हैं और माता सीता को वापस लौटाने की सलाह देती हैं।
इसके विपरीत धन्यमालिनी का उल्लेख कुछ जगहों पर भी मिलता है। धन्यमालिनी रामायण का एक ऐसा पात्र हैं, जिनका उल्लेख भले ही कम हो, लेकिन सुंदरकांड और युद्धकांड में उनकी मौजूदगी कुछ श्लोकों में सामने आती है।
स्रोत: वाल्मीकि रामायण, सुंदरकांड सर्ग 22 और युद्धकांड सर्ग 71
यह भी पढ़ें- सीता मां के साथ आश्रम की जमीन भी उठा ले गया था रावण? कंब रामायण में मिलता है हरण से जुड़ा से अनसुना प्रसंग
यह भी पढ़ें- राम के जन्म से पहले ही तय हो चुकी थी रावण की मौत, इक्ष्वाकु वंश के इस राजा का श्राप बना काल
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।