आज से शुरू हुआ अगहन का महीना! सुख-समृद्धि और विष्णु जी की कृपा पाने के लिए इस माह जरूर करें ये 5 काम
हिंदू धर्म में भगवान विष्णु का प्रिय महीना मार्गशीर्ष (अगहन) आज 25 नवंबर से शुरू हो गया है। इस दौरान सुख-समृद्धि और भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए 5 विशेष कार्य करने चाहिए।

अगहन मास में विष्णु जी की पूजा (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की करें विधि-विधान से पूजा।
तुलसी के पौधे की पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
जरूरतमंदों को दान-पुण्य अवश्य करें, समृद्धि के योग बनेंगे।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में अगहन यानी मार्गशीर्ष महीने का विशेष महत्व है और इसे भगवान विष्णु का प्रिय महीना माना जाता है। इस दौरान जो भक्त श्रद्धा भाव से विष्णु जी का पूजन करते हैं उन्हें सभी पापों से मुक्ति मिलने के साथ उनका आशीर्वाद भी मिलता है।
मार्गशीर्ष मास में पूजा-पाठ, जप-तप और दान-पुण्य करने से पुण्य फलों की प्राप्ति होती है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने भी स्वयं कहा है, 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्', इसका अर्थ है महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। इसी वजह से इस पूरे महीने को भक्ति और साधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
इस साल अगहन का महीना 25 नवंबर यानी आज से शुरू हो रहा है। अगर आप भी श्री हरि की कृपा पाना चाहते हैं, तो आपको इस महीने कुछ विशेष काम करने चाहिए, जिससे आपके जीवन में समृद्धि बनी रहे।
भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की करें पूजा
अगहन के महीने में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की एक साथ विधि-विधान के साथ पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि उनका एक साथ पूजन करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और आर्थिक स्थिति भी अच्छी होती है।
इस महीने आपको रोज प्रातः जल्दी उठना चाहिए और स्नान आदि से मुक्त होकर भगवान विष्णु का पूजन और पूजा के दौरान 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप कम से कम 11 बार करना चाहिए।
तुलसी के पौधे की करें पूजा
जिस तरह कार्तिक के महीने में तुलसी पूजन का विशेष लाभ होता है, वैसे ही अगहन यानी मार्गशीर्ष में भी तुलसी की पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। तुलसी को विष्णु प्रिया कहा जाता है, इसलिए इस पूरे महीने में तुलसी की पूजा करना और उनके पास दीपक जलाना अत्यंत शुभ माना जाता है।
हिंदू धर्म में तुलसी को बेहद पवित्र और पूजनीय माना जाता है और इसे माता लक्ष्मी का ही स्वरूप माना जाता है, इसलिए उनकी पूजा अगहन महीने में करना अत्यंत शुभ होता है।
मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाएं
मार्गशीर्ष महीने में शाम के समय घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाना शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि संध्या के समय दीपक जलाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और माता लक्ष्मी का आगमन होता है।
मुख्य द्वार पर घी का दीपक रखने से विष्णु ही का आशीर्वाद भी मिलता है। ध्यान रखें कि आप इस पूरे महीने घर के मुख्य द्वार को साफ़ रखें और यदि संभव हो तो उसमें रंगोली बनाएं। आप मुख्य द्वार पर आम के पत्तों का तोरण भी लगा सकते हैं।
जरूरतमंदों को करें दान
मार्गशीर्ष महीने में दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। इस दौरान यदि आप जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता की चीजों का दान करेंगे, तो आपके लिए समृद्धि के योग बनेंगे।
इस महीने आप अन्न, वस्त्र, कंबल, मौसमी फल और धन का दान करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार निस्वार्थ भाव से किया गया दान व्यक्ति के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि लाता है। इससे आपकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी बनी रहती है।
सत्यनारायण भगवान की कथा का पाठ करें
अगहन के महीने में भगवान विष्णु के सत्यनारायण स्वरूप की पूजा और कथा सुनना भी अत्यंत शुभ माना जाता है। अगर आप आप इस महीने परिवार के साथ सत्यनारायण कथा का श्रवण करें या स्वयं इस कथा का पाठ करें, तो अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक सत्यनारायण कथा सुनने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
अगर आप भी विष्णु जी के प्रिय महीने मार्गशीर्ष में यहां बताते शुभ काम करेंगे, तो जीवन में सदैव समृद्धि बनी रहेगी।
यह भी पढ़ें- 25 नवंबर से मार्गशीर्ष माह शुरू: इस महीने में शंख की पूजा क्यों देती है श्रीकृष्ण के 'पाञ्चजन्य' जैसा फल
यह भी पढ़ें- शीघ्र विवाह और मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए क्यों खास माना जाता है मां कात्यायनी का व्रत? नोट करें तिथि और विधि
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।