महालक्ष्मी व्रत में 16 अंक का क्या है विशेष महत्व? ज्योतिषाचार्य से जानिए इसके पीछे का गहरा रहस्य
महालक्ष्मी व्रत में 16 अंक का विशेष महत्व है, जो पूर्णता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यह अंक ...और पढ़ें

महालक्ष्मी व्रत की पूजा में 16 अंक का महत्व। (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। महालक्ष्मी व्रत मां लक्ष्मी को समर्पित एक महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत को श्रद्धा और नियम के साथ किया जाए तो जीवन में सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। महालक्ष्मी व्रत में 16 अंक का विशेष महत्व बताया गया है। पूजा से लेकर व्रत की अवधि तक कई चीजों में इस संख्या का प्रयोग किया जाता है।
एस्ट्रोपत्री के ज्योतिषाचार्य चंद्रेश शर्मा के अनुसार, 'महालक्ष्मी व्रत में 16 का अंक केवल एक संख्या नहीं, बल्कि पूर्णता, समृद्धि और ऐश्वर्य का प्रतीक माना जाता है।' आइए जानते हैं कि इस व्रत में 16 अंक को इतना खास क्यों माना जाता है।
देवी लक्ष्मी से जुड़ी हैं 16 कलाएं
हिंदू धर्म में देवी लक्ष्मी को 16 कलाओं की देवी माना गया है। यही वजह है कि महालक्ष्मी व्रत में 16 संख्या का विशेष महत्व है। मान्यता है कि 16 कलाएं जीवन में सुख, सौभाग्य, वैभव और समृद्धि के अलग-अलग पक्षों का प्रतिनिधित्व करती हैं। इसी कारण महालक्ष्मी व्रत के दौरान मां लक्ष्मी की पूजा और उनसे जुड़ी धार्मिक नियम और रीतियों में 16 अंक का प्रयोग शुभ माना जाता है।
16 दिनों तक की जाती है मां लक्ष्मी की पूजा
महालक्ष्मी व्रत लगातार 16 दिनों तक किया जाता है। इस दौरान भक्त मां लक्ष्मी की नियमित पूजा करते हैं और व्रत के नियमों का पालन करते हैं।चंद्रेश जी बताते हैं, 'पूरे 16 दिनों तक श्रद्धा और निष्ठा से पूजा करने से साधक को मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है और घर में सकारात्मकता बनी रहती है।'
16 रूपों की आराधना का भी है महत्व
ज्योतिषाचार्य चंद्रेश शर्मा के अनुसार, 'महालक्ष्मी व्रत में मां लक्ष्मी के विभिन्न रूपों की आराधना का भी विशेष महत्व है। 16 रूपों को समृद्धि और जीवन की अलग-अलग आवश्यकताओं से जोड़कर देखा जाता है।' मां लक्ष्मी के इन रूपों की पूजा करने का उद्देश्य केवल धन प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन में सुख, शांति, सौभाग्य और वैभव की कामना करना भी माना जाता है।
पूजा में 16 की संख्या का प्रयोग
महालक्ष्मी व्रत की पूजा में भी 16 अंक का विशेष ध्यान रखा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां लक्ष्मी को 16 प्रकार के नैवेद्य, 16 श्रृंगार की सामग्री तथा 16-16 की संख्या में फूल और फल अर्पित करने की मान्यता है। इस पूजा के दौरान 16 गांठ वाला लाल धागा भी माता रानी को समर्पित करने की प्रथा है।
यह भी पढ़ें- आखिर क्यों रखा जाता है महालक्ष्मी व्रत? अभी जान लें मां लक्ष्मी के आगमन और सुख-समृद्धि से जुड़ी यह पौराणिक कथा
यह भी पढ़ें- वाराणसी में लक्ष्मीकुंड पर 16 दिवसीय सोरहिया मेले की धूम, महालक्ष्मी की कथा सुन काशी आई मुस्कान
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
