विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाकुंभ 2025 के बाद अब हरिद्वार की बारी! 2027 के अर्धकुंभ में कब-कब लगेगी आस्था की डुबकी, देखें पूरा कैलेंडर

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:23 AM (IST)

हरिद्वार में 2027 का अर्धकुंभ मेला 1 जनवरी से अप्रैल तक चलेगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करेंगे। इस दौरान 10 स्नान पर्व होंगे, जिनमें 4 अमृत स्नान शामिल हैं, जो मोक्ष प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 मेला तिथियां

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 मेला तिथियां

HighLights

  1. हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 जनवरी से अप्रैल तक चलेगा।

  2. मेले में कुल 10 स्नान पर्व, 4 अमृत स्नान होंगे।

  3. हर की पौड़ी पर गंगा स्नान का विशेष महत्व।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। साल 2027 में देवभूमि हरिद्वार में आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा, जब अर्धकुंभ मेले के दौरान लाखों लोग गंगा के किनारे पवित्र स्नान के लिए जुटेंगे। कोई पुण्य पाने के लिए गंगा नदी में डुबकी लगाएगा, तो कोई खास स्नान पर्वों पर हरिद्वार पहुंचकर अपनी हाजिरी लगाएगा।

इस मेले में कई बड़े स्नान होंगे, जिनमें अमृत स्नान का खास महत्व है। ऐसे में अगर आप भी इस बार अपने दोस्तों या परिवारवालों के साथ हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ में आने की योजना बना रहे हैं, तो स्नान से जुड़ी सभी जानकारी, गंगा स्नान कब होना है और पहला अमृत स्नान किस दिन होगा जान लीजिए।

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 कब से शुरू होगा?

हरिद्वार अर्धकुंभ मेले की तैयारियां 1 जनवरी 2027 से शुरू हो जाएंगी। जनवरी से चलने वाला यह मेला अप्रैल के महीने में समापन होगा। वहीं 14 जनवरी 2027 को गंगा स्नान का खास दिन है।

वहीं इस मेले का आखिरी स्नान 20 अप्रैल को होगा। इस दौरान कुल 10 स्नान पर्व पड़ेंगे, जिनमें 4 बार अमृत स्नान का मौका मिलेगा।

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 में कब-कब होगा अमृत स्नान?

  • 6 मार्च 2027: पहला अमृत स्नान महाशिवरात्रि पर होगा
  • 8 मार्च 2027: दूसरा प्रमुख स्नान फाल्गुन अमावस्या पर होगा
  • 14 अप्रैल 2027: तीसरा अमृत स्नान बैसाखी के दिन होगा
  • 20 अप्रैल 2027: चैत्र पूर्णिमा पर अंतिम अमृत स्नान के साथ प्रमुख स्नान पर्वों का समापन होगा

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 में अन्य प्रमुख स्नान कब होंगे?

  • 14 जनवरी 2027 मकर संक्रांति पर
  • 6 फरवरी 2027 मौनी अमावस्या पर
  • 11 फरवरी 2027 वसंत पंचमी पर
  • 7 अप्रैल 2027 हिंदू नववर्ष पर
  • 15 अप्रैल 2027 राम नवमी पर
  • 20 फरवरी 2027 माघ पूर्णिमा पर

अर्ध कुंभ, पूर्ण कुंभ और महाकुंभ में क्या अंतर है?

अर्धकुंभ - अर्धकुंभ मेले का आयोजन केवल 2 जगहों पर प्रयागराज और हरिद्वार में होता है। हर 6 साल के अंतराल में अर्धकुंभ आयोजित किया जाता है।

पूर्ण कुंभ- पूर्ण कुंभ प्रत्येक 12 सालों में लगता है। भारत में कुल 4 स्थानों पर पूर्ण कुंभ (प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक त्र्यंबकेश्वर) आयोजित किया जाता है।

महाकुंभ- जब लगातार 12 पूर्णकुंभ पूरे होते हैं, तो फिर महाकुंभ का आयोजन किया जाता है। 12 महाकुंभ पूरे होने में करीब 144 सालों का समय लग जाता है, इसीलिए आमतौर पर एक पीढ़ी दूसरा महाकुंभ नहीं देख पाती है। यही कारण है कि महाकुंभ में दुनिया के सबसे बड़े मेलों में से कई गुना ज्यादा भीड़ महाकुंभ में देखने को मिलती है।

लोग इस दौरान आस्था की पवित्र डुबकी लगातें हैं। आखिरी महाकुंभ साल 2025 में लगा था, जिसे प्रयागराज में आयोजित किया गया था। इस हिसाब से अब अगला महाकुंभ 144 साल बाद यानी साल 2169 में लगेगा।

कुंभ में स्नान करने की मान्यता?

माना जाता है कि, हरिद्वार, उज्जैन, नासिक और प्रयागराज में अमृत कलश से कुछ बूंदें छलककर गिरी थीं। कुंभ मेले का स्थान निर्धारित करने में सूर्य, चंद्रमा और बृहस्पति की स्थिति देखी जाती है।

इसी से तय किया जाता है कि पूर्ण कुंभ किस स्थान पर आयोजित किया जाना है। मान्यता है कि कुंभ मेले के दौरान गंगा नदी में डुबकी लगाने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है।

हर की पौड़ी में गंगा स्नान का महत्व

हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालु हर की पौड़ी में जरूर स्नान करते हैं। यहां बनाए गए ब्रह्मकुंड को काफी पवित्र माना जाता है। मान्यता है समुद्र मंथन के दौरान अमृत कलश से कुछ बूंदें इसी स्थान पर गिरी थीं। इसलिए कुंभ और अर्धकुंभ मेले के दौरान देशभर से लोग यहां पवित्र स्नान करने के लिए आते हैं।

कहा जाता है कि, ब्रह्मकुंड में भगवान विष्णु के चरण चिह्न हैं। ऐसे में यहां गंगा में डुबकी लगाने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है और घर में सुख-शांति मिलती है। हर की पौड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती हैं। शाम होने के बाद गंगा आरती और दीपदान का नजारा भी देखने लायक होता है।

यह भी पढ़ें- सर्दियों में 'लड्डू गोपाल' और 'रामलला' को भी लगती है ठंड; बदल जाता है पहनावे से लेकर भोग तक का अंदाज़!

यह भी पढ़ें- भगवान विष्णु के कल्कि अवतार को एक तोते की जरूरत क्यों पड़ेगी? कल्कि पुराण में छिपा है बड़ा राज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।