Gita Gyan: कठिन चुनौती में भी नहीं डिगेगा हौसला, जीवन में उतार लें श्रीमद्भगवद्गीता के ये 2 श्लोक
श्रीमद्भगवद्गीता के दो महत्वपूर्ण श्लोक महाभारत युद्ध के दौरान की स्थिति और उससे मिलने वाले जीवन के गहरे सबक बताते हैं। ये श्लोक संसाधनों पर अहंकार न करने और चुनौतियों में भी उत्साह बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

कौरवों के अहंकार और पांडवों के शंखनाद में छिपा है जीत का असली मंत्र (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
दुर्योधन के शूरवीर अपने राजा के लिए प्राण त्यागने को तत्पर।
कृष्ण, अर्जुन, भीम ने अपने शंख बजाकर युद्ध का आह्वान किया।
संसाधनों पर अहंकार न करें, चुनौतियों में उत्साह बनाए रखें।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। श्रीमद्भगवद्गीता एक पवित्र धार्मिक ग्रंथ है, जो लोगों को जीवन में सही मार्ग दिखाने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। महाभारत युद्ध के दौरान जब कुरुक्षेत्र के मैदान में कौरव और पांडव सेनाएं आमने-सामने खड़ी थीं, तो युद्ध शुरू होने से पहले वातावरण बेहद गंभीर था। इस दृश्य का वर्णन गीता के इन 2 श्लोकों में देखने को मिलता है।
पहले श्लोक में बताया गया है कि अनेक शूरवीर अपने राजा के लिए प्राण त्यागने को तत्पर हैं, जो अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित और युद्ध कला में अत्यंत निपुण हैं। वहीं, दूसरे श्लोक में वर्णन है कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपना 'पाञ्चजन्य', अर्जुन ने 'देवदत्त' और महाबली भीम ने अपने विशाल 'पौण्ड्र' नामक शंख को जोर से बजाया। आइए, इस लेख में आपको गीता के इन 2 श्लोकों और उनके हिंदी अर्थ के बारे में विस्तार से बताते हैं।
अन्ये च बहव: शूरा मदर्थे त्यक्तजीविता: ।
नानाशस्त्रप्रहरणा: सर्वे युद्धविशारदा: ॥
हिंदी अर्थ:
इस श्लोक में दुर्योधन गुरु द्रोणाचार्य से कह रहे हैं कि इनके अतिरिक्त और भी बहुत से शूरवीर हैं, जिन्होंने मेरे लिए अपने जीवन की आशा त्याग दी है। वे सभी अनेक प्रकार के शस्त्रों और अस्त्रों से सुसज्जित हैं तथा युद्ध कला में अत्यंत निपुण हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस श्लोक से यह सीख मिलती है कि केवल संसाधनों और अस्त्र-शस्त्रों के बल पर अहंकार करना गलत है। सच्ची विजय शक्ति प्रदर्शन से नहीं, बल्कि धर्म, सत्य और निस्वार्थ कर्तव्य के मार्ग पर चलने से मिलती है।
पाञ्चजन्यं हृषीकेशो देवदत्तं धनञ्जय: ।
पौण्ड्रं दध्मौ महाशङ्खं भीमकर्मा वृकोदर: ॥
हिंदी अर्थ:
इस श्लोक में कुरुक्षेत्र के युद्ध मैदान का हाल संजय, धृतराष्ट्र को बता रहे हैं कि कौरवों की ओर से भीष्म पितामह के शंख बजाने के बाद पांडवों के खेमे में क्या हुआ। संजय बताते हैं कि इसके जवाब में भगवान श्रीकृष्ण ने अपना 'पाञ्चजन्य' शंख बजाया और अर्जुन ने 'देवदत्त' शंख का नाद किया। वहीं, महाबली भीम ने अपना विशाल 'पौण्ड्र' शंख बजाकर युद्ध की ललकार का उत्तर दिया।
यह श्लोक हमें सिखाता है कि व्यक्ति के जीवन में चाहे कितनी भी कठिन चुनौतियां आ जाएं, अपना उत्साह और आत्मविश्वास कभी कम नहीं होने देना चाहिए।
यह भी पढ़ें- गीता के इस श्लोक में बताया गया है तरीका, सच-चित-आनंद को समझने वाला ही पाता है श्रीकृष्ण की कृपा
यह भी पढ़ें- जब अपनों को खोने का डर सताए, तो शाहरुख की फिल्म के इस गाने में छिपा श्रीकृष्ण का यह संदेश जरूर सुनें
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।