मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए मार्गशीर्ष के महीने में करें ये 3 उपाय, श्रीकृष्ण जैसा मिलेगा वर!
मार्गशीर्ष महीना भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय है। मान्यता है कि इस महीने में मां कात्यायनी की पूजा से मनचाहा जीवनसाथी मिलता है। जानिए मार्गशीर्ष में करें कौन से 3 आसान उपाय, जिनसे विवाह की बाधाएं दूर होंगी और श्रीकृष्ण जैसा वर मिलने की कामना पूरी होगी।

मार्गशीर्ष में भगवान श्री कृष्ण की पूजा का दृश्य । (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष महीने को बेहद पवित्र माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह महीना भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है। इस महीने में भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा के साथ मां कात्यायनी की आराधना भी की जाती है।
इस विषय पर जब हमने वृंदावन के श्री बांकेबिहारी लाल मंदिर के गोसाईं सेवा समिति के सदस्य एंव पंडित श्री श्रीनाथ गोस्वामी से बात की, तो उन्होंने कहा," पौराणिक कथाओं में इस बात का जिक्र मिलता है कि द्वापर युग में वृंदावन की गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने के लिए मां कात्यायनी का व्रत और पूजन किया था। तभी से मनचाहा जीवनसाथी पाने की कामना रखने वाली कन्याओं के लिए मां कात्यायनी की पूजा विशेष मानी जाती है।"
मान्यता है कि मां कात्यायनी की सच्चे मन से आराधना करने से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और योग्य जीवनसाथी पाने की कामना पूरी हो सकती है। अगर आप भी अपने लिए एक अच्छा, समझदार और प्रेम करने वाला जीवनसाथी चाहती हैं, तो मार्गशीर्ष के महीने में ये 3 उपाय श्रद्धापूर्वक कर सकती हैं।
मां कात्यायनी के मंत्र का 108 बार करें जाप
मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए मां कात्यायनी के मंत्र का जाप करना बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंत्र का संबंध वृंदावन की गोपियों की साधना से है। कहा जाता है कि गोपियों ने इसी मंत्र के माध्यम से मां कात्यायनी से भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने की प्रार्थना की थी।
इसके लिए सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इसके बाद पूजा स्थान पर मां कात्यायनी की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित करें। माता के सामने घी का दीपक जलाएं और शांत मन से मंत्र का 108 बार जाप करें।
मंत्र:
"कात्यायनी महामाये महायोगिन्यधीश्वरि। नन्दगोपसुतं देवि पतिं मे कुरु ते नमः॥"
जाप करते समय मन में योग्य और अच्छे जीवनसाथी की कामना करें। मान्यता है कि नियमित रूप से इस मंत्र का जाप करने से विवाह से जुड़ी परेशानियों में राहत मिलती है।
मां कात्यायनी को अर्पित करें पीले फूल और हल्दी
मां कात्यायनी की पूजा में पीले रंग की वस्तुओं का विशेष महत्व बताया गया है। पीला रंग शुभता, समृद्धि और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। इसलिए मार्गशीर्ष महीने में माता की पूजा करते समय उन्हें पीले फूल, हल्दी और कुमकुम अर्पित करना शुभ माना जाता है।
इसके लिए सुबह स्नान के बाद मां कात्यायनी को पीले फूल चढ़ाएं। इसके साथ हल्दी की गांठ, अक्षत, कुमकुम और थोड़ा शहद अर्पित करें। माता के सामने शुद्ध घी का दीपक जलाएं और अपनी मनोकामना व्यक्त करें।
कुछ धार्मिक परंपराओं में पूजा के बाद हल्दी की गांठ को पीले कपड़े में बांधकर अपने पास रखने की मान्यता भी है। माना जाता है कि इससे विवाह संबंधी मनोकामना के लिए माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
मां कात्यायनी के सामने लें विवाह का संकल्प
अगर आपके विवाह में बार-बार बाधाएं आ रही हैं या मनचाहा जीवनसाथी नहीं मिल पा रहा है, तो मार्गशीर्ष महीने में मां कात्यायनी के सामने विवाह से जुड़ा संकल्प लेना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सच्चे मन से की गई प्रार्थना और नियमित पूजा से माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
इसके लिए मार्गशीर्ष महीने में किसी भी शुभ दिन सुबह स्नान करके माता की पूजा करें। उन्हें पीले फूल और फल अर्पित करें। इसके बाद हाथ जोड़कर अपनी मनोकामना कहें। आप चाहें तो शुक्रवार के दिन भी माता का विशेष पूजन कर सकती हैं। संभव हो तो पूरे महीने श्रद्धापूर्वक व्रत रखें और प्रतिदिन मां कात्यायनी की आरती करें।
यह भी पढ़ें- शीघ्र विवाह और मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए क्यों खास माना जाता है मां कात्यायनी का व्रत? नोट करें तिथि और विधि
यह भी पढ़ें- 8 या 9 दिसंबर, किस दिन मनाई जाएगी मार्गशीर्ष अमावस्या? नोट कर लें स्नान-दान और पितरों के तर्पण का सही मुहूर्त
अस्वीकरण: अत: मार्गशीर्ष महीने में किए गए ये तीन उपाय विवाह में आ रही बाधाओं को दूर करने और मनचाहा जीवनसाथी पाने की कामना से किए जाते हैं। इन्हें करने से अच्छा वर मिल ही जाएगा इसकी कोई गारंटी नहीं है। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।