विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माता सीता ने भी दिखाया था रणभूमि में शौर्य, Ramayana के बाद चर्चा में जानकी का यह रूप; पढ़ें क्या है सच्चाई?

Published: Mon, 16 Nov 2026 06:00 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 16 Nov 2026 06:07 PM (GMT+05:30)

रामायण में माता सीता को त्याग, धैर्य और पतिव्रता धर्म की प्रतिमूर्ति के रूप में जाना जाता है, लेकिन क्या उनका एक वीर योद्धा रूप भी था?

अद्भुत रामायण में माता सीता का योद्धा स्वरूप (Picture Credit: AI Generated)

अद्भुत रामायण में माता सीता का योद्धा स्वरूप (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. माता सीता का अद्भुत रामायण में वर्णित योद्धा स्वरूप।

  2. सहस्र रावण को पराजित करने के लिए लिया महाकाली रूप।

  3. पारंपरिक रामायण से भिन्न, सीता का शक्तिशाली चित्रण।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म रामायण आजकल दर्शकों में बीच चर्चा का विषय बनी है। फिल्म में सबसे बड़ी चर्चा हो रही है माता सीता के उस अद्भुत स्वरूप की जब वो युद्ध भूमि में उतरीं और असुरों को पराजित किया।

सदियों से रामायण में माता सीता को त्याग, धैर्य, करुणा और पतिव्रता धर्म की प्रतिमूर्ति के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। ऐसे में फिल्म में माता सीता का यह स्वरूप सोचने पर मजबूर करता है कि क्या वास्तव में माता सीता कभी युद्ध भूमि में उतरी थीं? क्या माता सीता ने शस्त्र उठाए थे? क्या करुणा की मूर्ति माता सीता एक योद्धा भी थीं?

जब हम इन सवालों के उत्तर खोजने चलते हैं, तो इसके बारे में वाल्मीकि रामायण में कोई जिक्र नहीं मिलता है। वहीं अद्भुत रामायण में माता सीता को केवल भगवान राम की अर्धांगिनी के रूप में ही नहीं, बल्कि दुष्टों का संहार करने वाली आदिशक्ति के रूप में भी दिखाया गया है। आइए आपको बताते हैं इस अनसुने प्रसंग के बारे में।

रावण के वध के बाद ऋषि अगस्त्य ने क्या कहा?

अद्भुत रामायण बताती है कि प्रभु श्री राम ने रावण पर विजय प्राप्त कर ली और अयोध्या में शासन करने लगे। उसी समय वहां महर्षि अगस्त्य का आगमन हुआ और भगवान राम ने उनका आदरपूर्वक स्वागत किया और कहा कि अब यह संसार रावण के आतंक से मुक्त हो चुका है।

रावण का अंत हो गया है और सभी लोकों में शांति स्थापित हो गई है। महर्षि अगस्त्य उनकी बात सुनकर प्रसन्न नहीं थे और उन्होंने बताया कि राम ने जिस रावण का वध किया है वह कोई बहुत बड़ा योद्धा नहीं था। वह तो एक मामूली राक्षस था और असली संकट अभी समाप्त नहीं हुआ है।

महर्षि ने उस समय राम को ऐसे राक्षस के बारे में बताया हैं, जिसका नाम सहस्र रावण था। वह दक्षिणी समुद्र से भी आगे क्षीरसागर में स्थित पुष्कर द्वीप में रहता था। उसके एक हजार सिर और दो हजार भुजाएं थीं। वह दस सिर वाले रावण से कहीं अधिक शक्तिशाली था। महर्षि अगस्त्य ने कहा कि जब तक सहस्र रावण जीवित है, तब तक उनकी विजय अधूरी है। यह सुनकर भगवान राम उसे परास्त करने का संकल्प लेते हैं।

रावण से भी अधिक शक्तिशाली था सहस्र रावण

भगवान राम हनुमान जी, सुग्रीव, विभीषण और वानर सेना के साथ सहस्र रावण का अंत करने पुष्कर द्वीप की ओर प्रस्थान करते हैं। वहां पहुंचने पर उनका सामना एक भयानक राक्षस से होता है। सहस्र रावण को देखकर भगवान राम भी युद्ध के लिए तैयार हो जाते हैं और वे अपने कोदंड धनुष पर बाण चढ़ाते हैं साथ ही, ब्रह्मास्त्र का आह्वान करते हैं।

इसके बाद ब्रह्मास्त्र आकाश को प्रकाशित करता हुआ सहस्र रावण की ओर बढ़ता है, लेकिन वह राक्षस न तो उससे बचने का प्रयास करता है और न ही उसे रोकता है।

वह अपने हजारों मुखों में से एक मुख खोलता है और ब्रह्मास्त्र को निगल जाता है। इसके बाद सहस्र रावण एक-एक करके सभी को पराजित करने लगता है और श्री राम को भी मूर्छित कर देता है। अयोध्या की सेना चिंतित हो जाती है और माता सीता से अपने राज्य की सुरक्षा की विनती करती है।

क्या वास्तव में माता सीता ने धारण किया था योद्धा का रूप?

भगवान राम को अचेत देखकर जब सहस्र रावण उन्हें अंतिम प्रहार से समाप्त करने के लिए आगे बढ़ता है। उस समय माता सीता ने प्रभु श्री राम को बचाने के लिए महाकाली का विकराल रूप धारण किया।

अद्भुत रामायण में इस प्रसंग का वार्ना विस्तार से मिलता है कि कैसे श्री राम की सुरक्षा के लिए माता सीता का कद विशाल होने लगता है और उनकी भुजाओं की संख्या बढ़ने लगती है। उनके हाथों में अनेक प्रकार के अस्त्र-शस्त्र दिखाई देने लगते हैं। उनकी आंखें क्रोध से लाल हो जाती हैं और उनकी जिह्वा बाहर निकल आती है।

उनके इस महान योद्धा के स्वरूप को देखकर सहस्र रावण भयभीत हो गया और माता सीता ने काली स्वरूप में उस पर आक्रमण किया। माता सीता ने सहस्र रावण के एक-एक सिर को धड़ से अलग करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसके हजारों सिर कटकर जमीन पर गिरने लगते हैं। इसके बाद माता सीता ने उन कटे हुए सिरों की माला बनाकर अपने गले में धारण कर ली।

माता सीता का महाकाली रूप उनके योद्धा होने का सबसे बड़ा प्रमाण है जिसका वर्णन अद्भुत रामायण जैसे ग्रंथ में विस्तार से मिलता है।

यह भी पढ़ें- सीता मां के साथ आश्रम की जमीन भी उठा ले गया था रावण? कंब रामायण में मिलता है हरण से जुड़ा से अनसुना प्रसंग

यह भी पढ़ें- कबंध रामायण का वो विचित्र राक्षस, जिसके हाथों में ही छिपी थी माता सीता को खोजने की सबसे बड़ी चाबी!

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।