विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चुगला' की जीभ जलाकर भाई की बलाएं उतारी हैं बहनें, बेहद दिलचस्प है बिहार के 'सामा-चकेवा' की परंपरा

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:00 PM (GMT+05:30)

बिहार के मिथिला क्षेत्र में छठ के बाद 'सामा-चकेवा' पर्व मनाया जाता है, जो भाई-बहन के अटूट रिश्ते और सच्चाई ...और पढ़ें

सामा चकेवा अनुष्ठान और महत्व

सामा चकेवा अनुष्ठान और महत्व

HighLights

  1. भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है मिथिला का सामा-चकेवा।

  2. चुगला की जीभ जलाकर नकारात्मकता और अफवाहों का होता है विरोध।

  3. भगवान कृष्ण की पुत्री सामा और भाई चकेवा की कथा पर आधारित।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के मिथिला क्षेत्र में छठ (उषा अर्घ्य) खत्म होने के बाद 'सामा-चकेवा' खेलने की परंपरा शुरू होती है। हर साल कार्तिक महीने की शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि से सामा-चकेवा खेलने की शुरुआत होती है, जो कार्तिक पूर्णिमा के दिन खत्म होती है। मिथिला पंचांग के आधार, इस साल सामा चकेवा का पर्व 16 नवंबर, सोमवार से शुरू हो चुकी है।

सामा चकेवा का त्योहार एक खास लोक-परंपरा का पर्व है, जो पूरी तरह से भाई-बहन के रिश्ते, समाज में सच्चाई और प्यार की अहमियत को दर्शाता है। भाई की लंबी उम्र के लिए बहनें 'चुगला की जीभ' जलाती हैं। आइए जानते हैं सामा-चकेवा कौन थे और क्यों हर साल इस लोक परंपरा के दौरान चुगला की प्रतिमा की चोटी में आग लगाकर उसे प्रतीकात्मक रूप में जूते से पीटा जाता है।

सामा-चकेवा पर्व से जुड़ी पौराणिक कथा

सामा-चकेवा की पौराणिक कहानी भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री से जुड़ी है, जिसका नाम सामा' था। कथा के मुताबिक, एक बार किसी चुगलखोर ने श्रीकृष्ण को एक झूठी खबर दी कि उनकी बेटी सामा का किसी के साथ गलत संबंध है। इस अफवाह को सुनकर श्रीकृष्ण ने गुस्से में आकर सामा को एक पक्षी बनने का श्राप दे दिया। सामा पक्षी का रूप लिए जंगलों में भटकती रही।

बहन के साथ हुए इस अन्याय से उसके भाई चकेवा ने प्रेम और समर्पण की भावना से अपनी बहन को फिर से उसका मनुष्य रूप दिलवाया। सामा को फिर से उसका जीवन मिलने के साथ ही चुगले को उसकी गलती की सजा दी गई। इस कथा की याद में ही सामा-चकेवा पर्व मनाया जाता है। जिससे सामा और चकेवा दोनों भाई-बहन के प्यार को हर साल याद किया जा सका और उनकी ही तरह सभी भाइयों और बहनों के बीच अटूट प्यार बना रहे।

bihar mithila sama chakeva festival tradition

बिहार मिथिला सामा चकेवा त्योहार की परंपरा (Picture Credits- AI Images)

सामा-चकेवा कैसे मनाया जाता है?

इस त्योहार के दौरान, सामा और चकेवा की छोटी मिट्टी की मूर्तियां बनाई जाती हैं। इसके अलावा चुगला, वृंदावन, बटगामनी, पेड़ और पक्षियों से जैसे कई तरह के पात्र बनाए जाते हैं। फिर इन मूर्तियों को अलग-अलग रंगों से सजाकर रंगीन बांस की टोकरियों में रखा जाता है। इस दौरान औरतें ग्रुप में इक्ट्ठा होकर इन टोकरियों को लेकर खुले खेतों या आंगन में जाते हुए अपने भाइयों की सलामती के लिए प्रार्थना करते हुए पारंपरिक गीत गाती हैं।

पूर्णिमा की रात को मूर्तियों को पानी में विसर्जित कर दिया जाता है और इसी के साथ सामा-चकेवा पर्व का समापन होता है। विदाई उन्हीं रस्मों के साथ की जाती है जैसे बेटी और उसके पति को विदा करते समय की जाती है, जिसमें खाना, कपड़े और गहने जैसे तोहफे भी शामिल होते हैं। इस रस्म के दौरान भगवत और समदाओं जैसे लोक गीत भी गाए जाते हैं।

महिलाएं चुगला की प्रतिमा की चोटी में आग लगाकर उसे प्रतीकात्मक रूप से पीटती हैं। इस परंपरा के दौरान महिलाएं चुगला की जीभ को दीये की लौ से प्रतीकात्मक रूप से झुलसाती हैं। इस परंपरा के जरिए भाई-बहन के प्यार में दरार डालने वाली नकारात्मक, बुराई और चुगली करने वालों का विरोध किया जाता है और भाई-बहन का रिश्ता हमेशा सुरक्षित और मधुर बना रहे।

सामा-चकेवा पर्व की खास परंपराएं

इस त्योहार के दौरान बहनें अपने भाइयों को नई फसल से तैयार हुआ चूड़ा दही के साथ खिलाती है। इसे नई शुरुआत और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।

वहीं, सामा-चकेवा पर्व के आखिर दिन बहनें सेखारी में चूड़ा, मढ़ी और मिठाई भरकर भाइयों को देती हैं। इसे पांच मुठ्ठी देने का रिवाज है, जो भाई-बहन के संबंध की मिठास और मजबूती का प्रतीक है।

यह पर्व क्या मैसेज देता है?

सामा-चकेवा पर्व मिथिला परंपरा की समृद्धि पहचान का हिस्सा है। ऐसे में यह त्योहार सिर्फ भाई-बहन के प्यार तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज को यह आईना भी दिखाता है कि झूठी अफवाह और चुगली से हमें बचना चाहिए।

चुगले की प्रतिमा को जलाना समाज को यह संदेश देता है कि बुराई और अफवाह फैलाने वालों को उसकी करनी की सजा जरूरी मिलनी चाहिए।

Source- biharmuseum

यह भी पढ़ें- लॉलीपॉप लागेलू नहीं, ये है बिहार का असली गाना; इस ठेठ मैथिली लोकगीत पर महिलाएं खेलती हैं ‘सामा-चकेवा’

यह भी पढ़ें- शिव के त्रिपुरासुर वध से विष्णु के मत्स्य अवतार तक, चार पौराणिक घटनाएं बनाती हैं कार्तिक पूर्णिमा को खास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।