Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मन से ही, आत्मा को जाना जाता है

    By Edited By:
    Updated: Tue, 05 Jun 2012 12:53 PM (IST)

    मनुष्य शरीर का मिलना अपने आप में परमात्मा की अनंत कृपा का द्योतक है। इस मनुष्य देह में रहते हुए ही हमें इस संसार को जानना है और आध्यात्मिक जगत की यात्रा भी करनी है।

    मनुष्य शरीर का मिलना अपने आप में परमात्मा की अनंत कृपा का द्योतक है। इस मनुष्य देह में रहते हुए ही हमें इस संसार को जानना है और आध्यात्मिक जगत की यात्रा भी करनी है। संसार को भोगना है, क्योंकि संसार बना ही इसीलिए है। तुम्हारी सत्ता की पहचान भी यह संसार ही देता है। यह शरीर रूपी घर तुम्हें मिला है, परंतु यह तुम्हारा नहीं है। इस शरीर की सार्थकता तभी है जब इस देह में रहते हुए हम उस परमसत्ता को जान सकें। वह परमसत्ता केवल शरीर के रहते ही जानी जा सकती है। संसार के बिना जगत का बोध नहीं और शरीर के बिना तुम्हारे व्यक्तित्व का परिचय नहीं। शरीर से ही, मन से ही, आत्मा को जाना जाता है। शरीर के बिना संसार का भोग नहीं और शरीर के बिना आत्मबोध को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। तुम्हें दोनों को अनुकूल बनाकर जगत और परमतत्व को जानना है। संसार में रहना और अपने आपमें यात्रा करना है। जो संसार मिल गया है उसी के लिए पुन: प्रयत्‍‌न क्यों करना? इसीलिए स्थित प्रज्ञ बनें-अपनी अंतर्यात्रा की ओर जाने के लिए, अपने सर्वागीण विकास के लिए। इसलिए तुम जीवन में कुछ समय के लिए ठहरो। सारे संसार को चलने दो, बहने दो, उछलकूद करने दो, परंतु तुम सिमट जाएं। उसी तरह जैसे कछुए पर प्रहार करने पर भी उस पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ता है और वह स्वयं को समेट लेता है। जैसे योगी अपने आपमें बैठ जाता है, वाह्य मन से सो जाता है। तन को जड़ बना देता और अंतर्मन से जाग जाता है। तुम्हें भी वाह्य इंद्रियों को शांत करना है। वाह्य स्पंदन से, स्पर्श से, स्वाद से, सुंदरता से, मान-अभिमान से, प्रतिष्ठा से कटकर अंतर्मन में समर्पित होना है। यह तभी संभव है जब इस पंचभौतिक तन को तपाओगे, इस नटखट मन को अपनी चिदाग्नि से शांत करोगे। इस मन को परिधि से केंद्र की तरफ ले जाओ, ताकि यह अंतर्मुखी हो सके। अंतत: हम शून्य से महाशून्य में विसर्जित हो सकें।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महायोगी पायलट बाबा

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर