Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारत के सात सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है हरिद्वार

    By Edited By:
    Updated: Fri, 22 Nov 2013 04:18 PM (IST)

    पवित्र धार्मिक स्थलों वाले भारत देश में हरिद्वार को धर्म की नगरी माना जाता है। हरिद्वार का शाब्दिक अर्थ है, हरि तक पहुंचने का द्वार। उत्तराखंड में पवि ...और पढ़ें

    Hero Image

    पवित्र धार्मिक स्थलों वाले भारत देश में हरिद्वार को धर्म की नगरी माना जाता है। हरिद्वार का शाब्दिक अर्थ है, हरि तक पहुंचने का द्वार। उत्तराखंड में पवित्र गंगा नदी के किनारे बसा हरिद्वार भारत के सात सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरिद्वार के अलावा इसमें अयोध्या, मथुरा, वाराणसी, कांचीपुरम, उज्जैन, द्वारका शामिल हैं। यह जगह सदियों से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आकर्षित करता आ रहा है।

    पौराणिक इतिहास

    हरिद्वार शिवालिक पहाड़ियों के कोड में बसा हुआ हिन्दू धर्म के अनुयायियों का प्रसिद्ध प्राचीन तीर्थ स्थान है। यहां पहाड़ियों से निकल कर भागीरथी गंगा पहली बार मैदानी क्षेत्र में आती है। हिंदू धर्मग्रंथों में हरिद्वार को कपिल्स्थान, मायापुरी, गंगाद्वार जैसे विभिन्न नामों से पुकारा गया है। हरिद्वार का प्राचीन पौराणिक नाम माया या मायापुरी है, जिसकी सप्त मोक्षदायिनी पुरियों में गणना की जाती थी। ऐसा कहा जाता है कि चीनी यात्री युवानच्वांग ने भारत यात्रा के दौरान इसी शब्द का मयूर नाम से वर्णन किया था। महाभारत में इस स्थान को गंगाद्वार कहा गया है। इस ग्रंथ में इस स्थान का प्रख्यात तीर्थो के साथ उल्लेख है।

    यह पवित्र स्थल चार धाम का प्रवेश द्वार भी है। गंगा के उत्तरी भाग में बसे हुए बदरीनारायण, केदारनाथ नामक भगवान विष्णु और शिव के प्रसिद्ध तीथरें के लिये इसी स्थान से मार्ग जाता है। इसीलिए इसे हरिद्वार तथा हरद्वार दोनों ही नामों से अभीहित किया जाता है।

    भारतीय पुराणों में ऐसी मान्यता है कि हरिद्वार में समुद्र मंथन से प्राप्त किया गया अमृत गिरा था। तभी से यहां बारह वर्ष में आयोजित होने वाले कुंभ के मेले का आयोजन किया जाता है। कुंभ मेले के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भी इस शहर की पवित्र नदी गंगा में डुबकी लगाने और अपने पापों का नाश करने के लिए वर्ष भर श्रद्धालुओं का आना-जाना यहां लगा रहता है।

    महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थल हर की पौड़ी

    भारत के सबसे पवित्र घाटों में से एक हर की पौड़ी को ब्रह्मकुंड ने नाम से भी जाना जाता है। कहा जाता है कि यह घाट विक्त्रमादित्य ने अपने भाई भतृहरि की याद में बनवाया था। हर रोज संध्या के वक्त यहां महाआरती आयोजित की जाती है जिसे देखकर एक अलग ही अनुभूति होती है।

    हर की पौड़ी के पीछे के बलवा पर्वत की चोटी पर मनसा देवी का मंदिर बना है। हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालु इस मंदिर के दर्शन करना नहीं भूलते। मंदिर तक जाने के लिए पैदल रास्ता है।

    चंडी देवी मंदिर

    गंगा नदी के दूसरी ओर नील पर्वत पर चंडी देवी मंदिर बना हुआ है। कहा जाता है कि आदिशंकराचार्य ने आठवीं शताब्दी में चंडी देवी की मूल प्रतिमा यहां स्थापित करवाई थी। बाद में इस मंदिर को कश्मीर के राजा सुचेत सिंह द्वारा 1929 ई. में बनवाया गया था। चंडीघाट से 3 किलोमीटर की ट्रैकिंग के बाद यहां पहुंचा जा सकता है।

    माया देवी मंदिर

    माया देवी मंदिर को भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में एक माना गया है। कहा जाता है कि शिव की पत्नी सती का हृदय और नाभि यहीं गिरा था। यह मंदिर हरिद्वार से कुछ ही दूरी पर स्थित है।

    सप्तऋषि आश्रम

    सप्तऋषि आश्रम की खूबसूरती की अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इसके सामने गंगा नदी सात धाराओं में बहती है इसलिए इस स्थान को सप्त सागर भी कहा जाता है। इसके पीछे की मान्यता यह है कि जब गंगा नदी बहती हुई आ रही थी तो यहां सात ऋषि गहन तपस्या में लीन थे। गंगा ने उनकी तपस्या में विघ्न नहीं डाला और स्वयं को सात हिस्सों में विभाजित कर अपना मार्ग बदल लिया।

    भारत माता मंदिर

    भारत माता मंदिर सप्त सरोवर हरिद्वार में आश्रम के पास में स्थित अपनी ही तरह का एक पवित्र स्थान है। यह मंदिर भारत माता को समर्पित है। वर्ष 1983 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने इस मंदिर का उद्घाटन किया था। इस मंदिर में आठ मंजिलें हैं एवं यह 180 फुट की उंचाई पर स्थित है।

    अन्य स्थल दक्ष महादेव मंदिर, गुरुकुल कांगडी विश्वविद्यालय, चीला वन्य जीव अभ्यारण्य आदि हैं। हरिद्वार के मंदिरों में घूमने के बाद यदि आप कुछ खरीददारी करना चाहें तो बड़ा बाजार और मोती बाजार प्रमुख है। यहां से आप कई धार्मिक अनुष्ठान से संबधित चीजें ले सकते हैं। यहां से पूजा के बर्तन, पीतल और कांसे के बर्तन, कांच की चूड़ियां, कृत्रिम आभूषण आदि खरीदे जा सकते हैं।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर