Rajasthan: कांग्रेस के समर्थन से भाजपा की बागी सुशील कंवर पलाड़ा बनीं अजमेर जिला प्रमुख
Rajasthan सुशील कंवर पलाड़ा दूसरी बार जिला प्रमुख चुनी गई हैं। पहली बार वे पांच साल पूर्व भाजपा उम्मीदवार के रूप में ही जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंची थी। इस बार उन्होंने कांग्रेस के समर्थन से भाजपा की बागी होकर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा किया।

अजमेर, संवाद सूत्र। Rajasthan: राजस्थान में अजमेर जिला परिषद के जिला प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में पूर्व भाजपा विधायक सुशील कंवर पलाड़ा की जीत हुई। उन्हाेंने भाजपा से बागी होकर निर्दलीय के रूप में भाजपा के महेंद्र सिंह को हराया। पलाड़ा को 23 व महेंद्र सिंह को नौ मत मिले। पलाड़ा दूसरी बार जिला प्रमुख चुनी गई हैं। पहली बार वे पांच साल पूर्व भाजपा उम्मीदवार के रूप में ही जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंची थी। इस बार उन्होंने कांग्रेस के समर्थन से भाजपा की बागी होकर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा किया। उनके पति भंवर सिंह पलाड़ा ने पत्नी के बहुमत हासिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्य मंत्री सचिन पायलट, चिकित्सामंत्री रघु शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि भाजपा को को कैडर वाली पार्टी है, उसमें अब कुछ लोग ऐसे कब्जा कर बैठ गए हैं जो कि जनता की राय और पसंद को नजरअंदाज कर उम्मीदवार बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि सुशील कंवर पलाड़ा के प्रति सभी ने भाजपा और कांग्रेस के निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया है। उनके मुताबिक, यह इस बात का संकेत है कि सुशील कंवर पलाड़ा ही सही उम्मीदवार थी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे जिला परिषद में कांग्रेस और भाजपा जैसी दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर सभी के साथ से ग्रामीण विकास पर फोकस करेंगे। सुबह जिला प्रमुख पद के नामांकन दाखिल करने से पूर्व और दाखिल करने के बाद से ही सुशील कंवर पलाड़ा ने भाजपा संगठन पर दबाव कायम बनाए रखा था। कांग्रेस के उम्मीदवार श्रीलाल द्वारा एनवक्त पर सुशील कंवर पलाड़ा के समर्थन में नाम वापस ले लेने से भाजपा में खलबली मच गई। इससे कांग्रेस के समर्थन से पलाड़ा ही जिला प्रमुख बनने की हवा चल पड़ी।
इधर, भाजपा की ओर से जिला प्रमुख के अधिकृत प्रत्याशी महेन्द्र सिंह की ओर से देहात अध्यक्ष देवी शंकर भूतड़ा तथा जिला प्रमुख के प्रबलतम दावेदार पुखराज पहाड़िया ने पहले तो दावा किया कि भाजपा के विजयी 21 में से 20 सदस्य उनके साथ है, किन्तु मतदान के समय भाजपा के प्रत्याशी को सिर्फ नौ ही मत मिले। इसके मायने यह हुए कि पलाड़ा ने भाजपा के साथ कांग्रेस के भी अच्छे मत हासिल किए। पलाड़ा की जीत के बाद भाजपा की किरकिरी हुई है। यह बाद अलग है कि पंचायती राज चुनाव में सक्रियता दर्शाने वाले पुष्कर विधायक सुरेश रावत ने अपनी उम्मीदवार सीमा रावत को प्रधान चुने जाने में विजय प्राप्त कर ली। इस सियासी उठापटक के बाद भाजपा खेमें में मायूसी छाई हुई है, वहीं कांग्रेसी नेता हार के बाद भी जीत का सा अनुभव कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि जिला प्रमुख के लिए हुए चुनाव में प्रातः भाजपा से महेंद्र सिंह, कांग्रेस से श्रीलाल तथा निर्दलीय के रूप में सुशील कंवर पलाड़ा ने नामांकन भरा था। बाद में श्रीलाल ने नामांकन वापस ले लिया। मतदान में सुशील कंवर को 23 व महेंद्र सिंह को नौ मत मिले। विजयी उम्मीदवार श्रीमती सुशील कंवर को पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई गई।
उप जिला प्रमुख व उपप्रधान पद के लिए चुनाव कल
अजमेर जिले में उप जिला प्रमुख व उप प्रधान का निर्वाचन 11 दिसंबर को होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उप जिला प्रमुख का चुनाव अजमेर जिला मुख्यालय तथा उप प्रधान का चुनाव संबंधित पंचायत समिति स्तर पर होगा। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति उपप्रधान का चुनाव अजमेर में महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय के पास स्थित पंचायत प्रशिक्षण केन्द्र में तथा सावर उपप्रधान का चुनाव सावर तहसील कार्यालय में होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि 11 दिसंबर को उप जिला प्रमुख व उप प्रधानों के चुनाव के लिए भी बैठक प्रातः 10 बजे शुरू होगी। इसके बाद 11 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की समीक्षा साढ़े 11 बजे से शुरू होगी तथा एक बजे तक नाम वापसी की जा सकेंगी। इसके तुरंत बाद एक बजे से अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्हों का आंवटन कर दिया जाएगा। अपरान्ह तीन से पांच बजे तक मतदान। इसके तुरन्त बाद मतगणना कर परिणाम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा तथा अन्य सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए है। मतदान स्थलों पर अवांछित व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।