यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Shrinathji Temple: जहां अंबानी परिवार भी नहीं ले जाता मोबाइल, उस श्रीनाथजी मंदिर का अंदरूनी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल, जांच शुरु
Shrinathji Temple श्रीनाथजी टेम्पल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार ओझा का कहना है कि वीडियो लगभग दस दिन पहले का है। श्रीनाथजी मंदिर में मोबाइल-कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं है। मुकेश अंबानी भी जब यहां आते हैं तो मोबाइल नहीं लेकर जाते है।

उदयपुर, जेएनएन। Shrinathji Temple: राजस्थान के प्रसिद्ध कृष्णधाम और वल्लभ संप्रदाय की देश की सबसे बड़ी पीठ नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर के अंदरूनी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसके बाद इस मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कहा जा रहा है, जहां मुकेश अंबानी, जिनकी मां इस मंदिर मंडल की उपाध्यक्ष हैं, वह भी मोबाइल नहीं ले जा सकते तो किसने यह वीडियो बनाए और वायरल किए। अब मंदिर मंडल इसकी जांच कर रहा है।
श्रीनाथजी टेम्पल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार ओझा का कहना है कि वीडियो लगभग दस दिन पहले का है। श्रीनाथजी मंदिर में मोबाइल-कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं है। मुकेश अंबानी भी जब यहां आते हैं तो मंदिर में मोबाइल नहीं लेकर जाते यहां चित्र सेवा का महत्व है।
निकुंज नायक श्रीनाथजी का फोटो खींचना मना है। इसके लिए मंदिर में जगह-जगह बोर्ड भी लगे हैं। सुरक्षाकर्मी भी इस पर निगाह रखते हैं। इसके बावजूद मंदिर के अंदर का वीडिया किसी ने बनाया और इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया। जांच से पता चला है कि यह वीडियो 30 सितंबर का है। अब इसकी जांच की जा रही है कि मंदिर की तय व्यवस्था में कहां और किससे चूक हुई है।
एक आशंका यह भी जताई जा रही है कि इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम के किसी कमांडो ने यह किया है। इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। यदि यह बात सही निकली तो उसके विभाग को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आजकल स्मार्ट वॉच से लेकर स्पाई पेन समेत कई डिवाइस आ रही हैं, जिनसे वीडियो बनाया जा सकता है। अब इसकी भी जांच की जाएगी कि कोई इस तरह की सामग्री मंदिर में नहीं ले जा पाए।
150 गार्ड और 108 सीसीटीवी कैमरे से की जा रही मंदिर की सुरक्षा
मंदिर बोर्ड के सीईओ जितेंद्र कुमार ओझा बताते हैं कि मंदिर की सुरक्षा के लिए 18 श्रीनाथ गार्ड, 85 टाइगर फोर्स के जवान, सेना से रिटायर 32 जवान, 5 एक्स श्रीनाथ गार्ड सहित मंदिर के निजी कर्मी सुरक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा मंदिर में एक थानाधिकारी, 4 हेड कॉन्स्टेबल, 6 कॉन्स्टेबल और 10 एमबीसी के जवान भी तैनात रहते हैं।
यह भी पढ़ें- Amitabh Bachchan News: अमिताभ बच्चन ने सरकारी स्कूल की शिक्षक को 11 लाख रुपये का चेक भेजा, बोले- नतमस्तक हूं
सभी मिलाकर 150 के करीब सुरक्षाकर्मी और अफसर हैं। परिसर में 108 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। तीन गेट पर 5 मेटल डिटेक्टर लगे हैं। अब केवल उन्हीं गार्ड को रखा जाएगा जो मंदिर की सुरक्षा और मान मर्यादा को आंच नहीं आने दें।
पिछले दिनों आई थी ईआरटी कमांडो टीम
मंदिर सुरक्षा गार्ड के कमांडिंग ऑफिसर नरोत्तम गोस्वामी बताते हैं कि गत 30 सितंबर को उदयपुर से एसआई ग्रेड के अधिकारी के साथ ईआरटी कमांडो की टीम मंदिर की सुरक्षा की जांच के लिए आई थी। कमांडोज के हथियार, गोलियां, गन, बेल्ट, जूते सभी बाहर ही रखवा लिए थे।
सख्त तौर पर कहा था कि मोबाइल का यूज न करें। वे खुद भी टीम के साथ थे। इसके बावजूद श्रीनाथजी की प्रतिमा और मंदिर का वीडियो कमांडो ने कब बना लिया, इसका पता नहीं चला। इंटरनेट पर वायरल वीडियो में कमांडो साफ दिखाई दे रहे हैं। इससे लगता है किसी कमांडो ने यह गलती की हे।