यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन ने सरकारी स्कूल की शिक्षक को 11 लाख रुपये का चेक भेजा, बोले- नतमस्तक हूं
Amitabh Bachchan News फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan)ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रशंसा की है। अमिताभ ने शोभा को पत्र भेजकर कहाआपने पूरा जीवन बेटियों को शिक्षित करने में समर्पित किया है। यह बहुत ही प्रशंसनीय और सराहनीय है।

जयपुर, जागरण संवाददाता। Rajasthan News: राजस्थान में बूंदी जिले के बरूंधन सरकारी उच्च प्राथमिक स्कूल की शिक्षक शोभा कंवर की फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan)ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रशंसा की है। अमिताभ ने शोभा को पत्र भेजकर कहा, आपने पूरा जीवन बेटियों को शिक्षित करने में समर्पित किया है। यह बहुत ही प्रशंसनीय और सराहनीय है।
इस निःस्वार्थ सेवा के लिए मैं आपके सामने नतमस्तक हूं। पत्र में उन्होंने लिखा, इस समर्पण के लिए मैं भेट स्वरूप स्कूल के लिए कुछ धनराशि (11 लाख रुपये) प्रेषित कर रहा हूं। इसे स्वीकार करने की कृपा करें। शोभा 27 सितंबर को कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) शो में अमितभा के सामने बैठी थीं।
उन्होंने शो में जीते रुपयों को जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा पर खर्च करने की मंशा जताई थी। इस दौरान अमितभा ने कहा था कि यदि एक बालिका भी इस मदद से पढ़ लिख कर मुकाम हासिल करती है तो मुझे खुशी होगी। शो में शोभा ने 6 लाख 40 हजार रुपये की राशि जीती थी।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अमितभा ने उन्हे 11 लाख रुपये का चेक पत्र के साथ भेजा है। शोभा ने कहा, इस पैसे से असहाय बेटियों के लिए स्वयंसेवी संगठन बनाकर काम करूंगी। उल्लेखनीय है कि बरूंधन स्कूल में 450 बच्चे पढ़ते हैं। शोभा ने अपने वेतन से स्कूल मे कई सुविधाएं मुहैया करवाई है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: केंद्रीय मंत्री और सांसद पर हमले के मामले में तीन साल बाद पुलिस में रिपोर्ट हुई दर्ज
घर के अंदर मिला बैंक प्रबंधक का शव
राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रतापनगर इलाके में स्थित घर में एक बैंक प्रबंधक का शव मिला है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया है। शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला है।पुलिस ने बुधवार सुबह महात्मा गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस प्रारंभिक जांच में ह्दय गति रूकने से मौत होना मान रही है।
थाना अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक निखिल जैन (45) प्रताप नगर के सेक्टर-67 का निवासी था। वह एक निजी बैंक में प्रबंधक पद पर कार्यरत था। 10 अक्टूबर की शाम को उसे पड़ोसियों ने देखा था। इसके बाद 11 तारीख को सफाई करने वाली दो महिलाए घर पहुंची और घंटी बजाई तो निखिल ने दरवाजा नहीं खोला । महिलाओं ने पड़ोसियों का सूचना दी । पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़ा तो शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था।
निखिल के मुंह से झाग निकल रहे थे। एंबुलेंस से शव अस्पताल पहुंचाया गया । प्रांरभिक तौर पर माना जा रहा है कि कि ह्दय गति रूकने से निखिल की मौत हुई है। उसका पत्नी से तलाक हो गया था। निखिल के स्वजन तीन दिन से दिल्ली गए हुए थे।