यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jhalawar News: स्कूल हादसे के बाद बवाल, लोगों ने पुलिस के वाहनों पर किया पथराव; 5 टीचर सस्पेंड
राजस्थान के झालावाड़ में एक स्कूल की छत गिरने से 7 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई जिसके बाद ग्रामीणों ...और पढ़ें

HighLights
- स्कूल के 5 शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया
- पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई
- तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान के झालावाड़ में एक स्कूल की छत गिरने से 7 बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कथित तौर पर पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और उनपर पथराव किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
वहीं हादसे के बाद स्कूल के 5 शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है। राज्य के शिक्षा मंत्री ने मामले में हाई लेवल इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। लोगों का आरोप है कि स्कूल की इमारत जर्जर थी । लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी ने इसका खंडन करते हुए बारिश के पानी को जिम्मेदार बता दिया।
7 बच्चों की दबकर मौत
मामला झालावाड़ के पिपलोद गांव का है। यहां अपर प्राइमरी स्कूल की 35 साल पुरानी इमारत शुक्रवार की सुबह ढह गई। इस हादसे में 7 बच्चों की दबकर मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हो गए। 13 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल और मनोहर थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
झालावाड़ के जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) नरसो मीणा ने बताया कि इमारत के पीछे खेत में बारिश का पानी जमा था। ये पानी क्लास की दीवार में रिस रहा था और इसी कारण स्कूल की छत गिर गई। उन्होंने कहा कि प्रिसिंपल को पहले ही उस कमरे में कक्षाएं आयोजित न करवाने का निर्देश दिया गया था।
गांव के सरपंच रामप्रसाद लोढ़ा ने बताया कि छत के ढहने की सूचना मिलने के तुरंत बाद वह अपनी जेसीबी मशीन लेकर वहां पहुंच गए। मलबे से 13 छात्रों को निकाला गया था, जिसमें से बाद में 7 की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल में कोई एंबुलेंस नहीं पहुंची और घायलों को टू-व्हीलर पर अस्पताल ले जाना पड़ा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- राजस्थान स्कूल हादसे के बाद धामी सरकार का बड़ा एक्शन, उत्तराखंड के स्कूलों का होगा सेफ्टी ऑडिट
