Rajasthan: बाड़मेर में दलित महिला से दुष्कर्म कर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान अस्पताल में दर्दनाक मौत
Rajasthan News बाड़मेर जिले में एक दलित महिला के साथ कथित रुप से दुष्कर्म कर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की गई। महिला को इलाज के लिए जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

जयपुर, पीटीआई। राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां एक दलित महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करके जिंदा जलाने का प्रयास किया गया है। इस बात की जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान महिला ने अस्पताल में अपना दम तोड़ दिया।
40 फीसदी जली महिला
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बाड़मेर जिले में एक दलित महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और उसे आग के हवाले कर दिया गया। साथ ही, पुलिस ने बताया कि पीड़िता 40 फीसदी जल चुकी है और उसको इलाज के लिए जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जलाने के लिए शरीर पर डाला केमिकल पदार्थ
पचपदरा थाने के एसएचओ राजेंद्र सिंह ने कहा कि कथित घटना गुरुवार को हुई है। आरोपी की पहचान शकूर के रूप में की गई है, जिसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है। दरअसल, आरोपी ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे आग लगाने से पहले उस पर कुछ केमिकल पदार्थ डाला।
कई धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस अधिकारी सिंह ने कहा कि पीड़िता के घर के पास रहने वाले आरोपी शकूर को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल, उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
हादसे के बाद सियासी घमासान शुरू
इस घटना के बाद राजनीति भी गरमाई हुई है। भारतीय जनता पार्टी के नेता सीएम अशोक गहलोत सरकार पर जमकर बरसे। राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ ने इस घटना की निंदा की और इसे गहलोत सरकार के चेहरे पर धब्बा बताया।
उन्होंने कहा, "ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। एनसीआर के आंकड़ों के मुताबिक, लगातार तीसरी बार महिलाओं से दुष्कर्म के मामले में राजस्थान पहले नंबर पर रहा।"
परिजनों से मिलने पहुंचे केन्द्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री और बाड़मेर से सांसद कैलाश चौधरी भी महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, "दुष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। ऐसे लोगों को फांसी दी जानी चाहिए। हम पीड़ित परिवार के साथ हैं।"
पीड़िता के परिवार को मुआवजे के पैसे और नौकरी दी जाए
उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा, "राजस्थान में जंगलराज हो गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार के उकसावे के बिना ऐसी घटनाएं नहीं हो सकती हैं।" साथ ही, उन्होंने कहा, "परिजनों ने एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की है। परिजनों की भी मांग पूरी की जाए और परिवार को न्याय मिले।"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।