Gold Mines: सोना उगलेगी राजस्थान की धरती, राज्य में स्वर्ण खदानों की नीलामी की तैयारी, अगले महीने होंगे टेंडर
राजस्थान की धरती अब सोना उगलेगी। दरअसल बांसवाड़ा जिले के भूकिया व जगपुरा के 14 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सोने का भंडार मिला है। यहां 222 टन सोना होने का अनुमान है। राजस्थान की पहली दोनों स्वर्ण खदानों की नीलामी की तैयारी है। अगले महीने टेंडर जारी किए जाएंगे। भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग ने बांसवाड़ा के भूकिया व जगपुरा क्षेत्र में तांबे की खोज के लिए सर्वे किया था।

संवाद सूत्र, उदयपुर। राजस्थान की धरती अब सोना उगलेगी। दरअसल, बांसवाड़ा जिले के भूकिया व जगपुरा के 14 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सोने का भंडार मिला है। यहां 222 टन सोना होने का अनुमान है। राजस्थान की पहली दोनों स्वर्ण खदानों की नीलामी की तैयारी है। अगले महीने टेंडर जारी किए जाएंगे।
भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग ने बांसवाड़ा के भूकिया व जगपुरा क्षेत्र में तांबे की खोज के लिए सर्वे किया तो उस दौरान यहां पहली बार सोने की उपस्थिति के संकेत मिले। सोने के अलावा कॉपर, निकल और कोबाल्ट आदि खनिज की भी जानकारी हुई।
जमीन में करीब 113.52 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क
भूकिया व जगपुरा के भूगर्भ में करीब 113.52 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क में सोने के धातु की मात्रा 222.39 टन आंकी गई है। यहां स्वर्ण अयस्क के खनन के दौरान एक मोटे अनुमान के अनुसार एक लाख, 74 हजार टन से अधिक कॉपर, 9700 टन से अधिक निकल और 13500 टन से अधिक कोबाल्ट खनिज प्राप्त होगा।
राजस्थान में देश का 25 प्रतिशत स्वर्ण भंडार
उल्लेखनीय है कि देश में सोने के सबसे ज्यादा भंडार कर्नाटक में हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में भी सोना निकाला जा रहा है। अकेले राजस्थान में देश का करीब 25 प्रतिशत स्वर्ण भंडार है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।