विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान: भरतपुर में पूर्व MLA अतर सिंह भड़ाना की हत्या, स्टोन क्रशर विवाद में ग्रामीणों ने किया जानलेवा हमला

Published: Mon, 12 Oct 2026 10:45 AM (IST)

राजस्थान के भरतपुर में क्रशर प्लांट को फिर से शुरू करने को लेकर हुए विवाद में पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की ग्रामीणों के हमले में मौत हो गई।

भरतपुर में क्रशर प्लांट विवाद में BJP के पूर्व विधायक की हत्या

भरतपुर में क्रशर प्लांट विवाद में BJP के पूर्व विधायक की हत्या

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के भरतपुर में क्रशर प्लांट को फिर से शुरू करने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद ग्रामीणों के एक समूह ने BJP के पूर्व विधायक अतर सिंह भडाना पर कथित तौर पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव में क्रशर प्लांट पर मौजूद भड़ाना और उनके सहयोगियों पर 70 से 80 लोगों ने हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल भडाना ने जयपुर के SMS हॉस्पिटल में रात करीब 11.30 बजे दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

11 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े 6 बजे अतर सिंह भड़ाना भौंडा गांव स्थित अपने क्रैशर प्लांट पर मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक पिछले करीब एक साल से बंद पड़े क्रशर को दोबारा चालू करवाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों और भड़ाना पक्ष के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया। संघर्ष में अतर सिंह भड़ाना और उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को पहले वैर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर भड़ाना को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया। जयपुर के SMS हॉस्पिटल में इलाज के दौरान भड़ाना की मौत हो गई।


पुलिस पर सूचना के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप

पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने मामले में पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्रशर की लीज का कनेक्शन काट दिया गया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया गया था लीज पर जाने वाले लोगों को भी वहां से भगाया जा रहा था।

कमलेश ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा, 'इन घटनाओं की जानकारी पुलिस और प्रशासन को लगातार दी जा रही थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि रविवार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच 70-80 लोगों ने उनके पति और अन्य लोगों पर हमला किया।

पत्नी ने अतर सिंह को गोली लगने की बात भी कही है। हालांकि, वैर अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में गोली लगने की आशंका से इनकार किया है।

चार साल पुरानी रंजिश में हत्या

क्रशर प्लांट को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह के अनुसार, करीब चार साल पहले क्रशर संचालक और ग्रामीणों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई थी।

ग्रामीणों का आरोप था कि क्रशर के लिए चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किया गया और अवैध खनन किया जा रहा था। लीज तक पहुंचने वाले रास्ते को लेकर भी विवाद था

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दो साल से क्रशर प्लांट को लेकर वो लोग धरना प्रदर्शन कर रहे थे। एक साल से क्रशर बंद था और उसे दोबारा चालू करवाने की कोशिश की जा रही थी। रविवार को भड़ाना के प्लांट पर पहुंचने के बाद विवाद फिर भड़क गया।

ग्रामीणों ने धरना स्थल से हटाने का लगाया आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि वे क्रशर को फिर से खोलने के प्रस्ताव के खिलाफ पिछले 10 से 15 दिनों से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि रविवार शाम भडाना लगभग 40 से 50 लोगों के साथ साइट पर पहुंचे और उन्हें विरोध स्थल से हटाने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ।

ग्रामीणों के मुताबिक इसके बाद दोनों तरफ से लाठी-पत्थर चलने लगे। इसी संघर्ष में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया गया था।

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी या नहीं और कितने लोग इस घटना में घायल हुए हैं।

पूर्व विधायक की मौत के बाद घटना ने गंभीर रूप ले लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।अब पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और घटना में शामिल लोगों की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान में ट्रेन के आगे कूदी गर्भवती महिला, दो हिस्सों में बंटा शरीर; सुसाइड नोट में पति और सास पर लगाए आरोप

यह भी पढ़ें- राजस्थान के चूरू में मिड-डे-मील में मिली छिपकली, खाना खाने से 60 बच्चों की तबीयत बिगड़ी