Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajasthan Politics: अपनी ही सरकार के मंत्री को हटाने की मांग पर अड़े कांग्रेस विधायक

    By Priti JhaEdited By:
    Updated: Fri, 01 Apr 2022 02:11 PM (IST)

    राजस्थान कांग्रेस में आंतरिक असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। मंत्रियों के कामकाज से नाराज विधायकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीएम को पत्र लिखकर प्रमोद भाया पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। वह पार्टी की बैठकों में भी शामिल नहीं हो रहे हैं।

    Hero Image
    अपनी ही सरकार के मंत्री को हटाने की मांग पर अड़े राजस्थान कांग्रेस विधायक

    जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान कांग्रेस में आंतरिक असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। मंत्रियों के कामकाज से नाराज विधायकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया के खिलाफ पत्र लिखा है। भरत सिंह ने प्रमोद जैन पर खनन माफियाओं को प्रोत्साहन देने, अवैध बजरी खनन करने वालों को प्रोत्साहन देने का आरोप लगाया है। भरत सिंह ने अब तक खनन मंत्री के खिलाफ आधा दर्जन पत्र मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने पिछले दिनों कोटा जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर अपनी ही सरकार के मंत्री के खिलाफ धरना भी दिया था। इस दौरान उन्होंने एक पोस्टर लगाया था, जिसमें मंत्री की तुलना रावण से की गई थी। प्रमोद भाया को मंत्रीमण्डल से नहीं हटाए जाने से नाराज भरत सिंह विधानसभा के बजट सत्र में भी शामिल नहीं हुए थे। कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने उन्हे सत्र में शामिल होने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मांग पूरी होने तक विधानसभा जाने से इन्कार कर दिया। अब दो दिन पहले उन्होंने फिर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर प्रमोद भाया पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। वह पार्टी की बैठकों में भी शामिल नहीं हो रहे हैं।

    उल्लेखनीय है कि विधानसभा सत्र के दौरान वरिष्ठ विधायक अमिन खान अपनी ही सरकार पर मुस्लिम समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा था कि मेरे निर्वाचन क्षेत्र में एक इंच भी सड़क नहीं बनी है। राजस्थान कांग्रेस में आंतरिक असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

    कांग्रेस विधायक ने अफसरों को मारा तो मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी

    राजस्थान में धौलपुर के बाड़ी में बिजली विभाग के सहायक अभियन्ता और कनिष्ठ अभियन्ता से कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा एवं उनके साथियों द्वारा की गई मारपीट पर पार्टी नेतृत्व ने नाराजगी जताई है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मलिंगा से सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता नहीं करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से बिना किसी के दबाव में आए उचित कार्रवाई करने के लिए कहा है। इस बीच मलिंगा ने धौलपुर से जयपुर पहुंचकर सरकार व संगठन में सफाई दी। वहीं गहलोत ने ट्वीट कर कहा, इंजीनियरों के साथ मारपीट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि अपनी ड्यूटी कर रहे सरकारी कर्मचारियों से इस तरह का व्यवहार किया जाएगा तो वह अपनी जिम्मेदारी कैसे निभाएंगे। जब कोविड के दौरान हम सब घरों में रहना चाहते थे तब कर्मचारियों ने अपने जीवन को दांव पर लगाकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए व्यवस्था बनाने का काम किया था ।