विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajasthan: 'अंगदान है महादान', CM गहलोत बोले- इसकी मदद से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को मिलता है जीवन

By Jagran NewsEdited By: Anurag Gupta
Published: Thu, 19 Jan 2023 11:14 PM (IST)

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अंगदान को महादान बताते हुए कहा कि एक व्यक्ति के अंगदान से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि सीकर के 22 वर्षीय अशोक सैनी ने मरणोपरांत अंगदान कर 4 लोगों को नया जीवन दिया।

CM गहलोत बोले- इसकी मदद से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को मिलता है जीवन
CM गहलोत बोले- इसकी मदद से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को मिलता है जीवन

जयपुर, ऑनलाइन डेस्क। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को सीकर के 22 वर्षीय अशोक सैनी के मरणोपरांत अंगदान से 4 लोगों को मिले नए जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह सभी दानों में श्रेष्ठ है। दरअसल, सड़क दुर्घटना में घायल हुए अशोक सैनी को चिकित्सकों ने ब्रेनडेड घोषित कर दिया था, जिसके बाद परिजनों ने अंगदान कर दूसरों को जीवनदान देने का निर्णय लिया। जिसको लेकर जिला प्रशासन ने गणतंत्र दिवस के मौके पर अशोक सैनी के परिजनों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

सबसे बड़ा दान है अंगदान

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि अंगदान सभी दानों में श्रेष्ठ है, इसलिए इसे महादान कहते हैं। एक व्यक्ति के अंगदान से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि परिवार से एक व्यक्ति के चले जाने का दुःख असहनीय होता है लेकिन उसके अंग से मिलने वाले नए जीवन से वह स्वयं और अपने परिवार को गौरवान्वित महसूस कराता है।

4 लोगों को मिली नई जिंदगी

मरणोपरांत अंगदान से 4 लोगों को नई जिंदगी मिली। बता दें कि 4 में से तीन लोगों में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, आरजीएचएस तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान योजना के माध्यम से हार्ट, लीवर एवं दोनों किडनियों का निःशुल्क प्रत्यारोपण किया गया है।

जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हुए अशोक सैनी को सीकर के श्री कल्याण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसके बाद मणिपाल अस्पताल में उनका इलाज चला। लेकिन चिकित्सक दल द्वारा अशोक सैनी को ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद उनके भाई चंद्रप्रकाश सैनी, बहन संजू चरणप्यारी, पिंकी एवं मां बनारसी देवी ने अंगदान का निर्णय लेते हुए इसकी सहमति दे दी।

इन लोगों को मिला नया जीवन

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अशोक सैनी की एक किडनी को मणिपाल अस्पताल में भर्ती 29 वर्षीय जयपुर के विद्याधर नगर की निवासी नीलम अग्रवाल तथा दूसरी किडनी एसएमएस में भर्ती 37 वर्ष झुंझुंनू के श्यामपुरा निवासी रमेश कुमारी में प्रत्यारोपित की गई। जबकि लीवर को मणिपाल अस्पताल में भर्ती 51 वर्षीय सीकर निवासी राजेन्द्र सिंह चौहान तथा हार्ट एसएमएस अस्पताल में भर्ती 28 वर्षीय सुजानगढ़ निवासी कानाराम में प्रत्यारोपित किया गया।

जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी सीकर डॉ. अमित यादव ने अंगदान के प्रति जागरूकता लाने और विपरीत परिस्थितयों के बावजूद अशोक सैनी के परिवार द्वारा लिए गए निर्णय की प्रशंसा की। साथ ही अशोक सैनी के परिजनों को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से 51,000/- रुपये की सहायता और परिजनों को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता देने की घोषणा की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।