Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajasthan: निरंजन आर्य बने राजस्थान के नए मुख्य सचिव

    Niranjan Arya निरंजन कुमार आर्य अनुसूचित जाति से आने वाले राज्य के पहले मुख्य सचिव हैं। इससे पहले सेवा विस्तार की चर्चाओं के बीच निवर्तमान मुख्य सचिव राजीव स्वरूप सेवानिवृत्त हो गए। दिल्ली से ग्रीन सिग्नल नहीं मिलने के कारण राजीव स्वरूप को तीन महीने का एक्सटेंशन नहीं मिला।

    By Sachin Kumar MishraEdited By: Updated: Sun, 01 Nov 2020 04:34 PM (IST)
    निरंजन आर्य राजस्थान के नए मुख्य सचिव बने।

    जागरण संवाददाता, जयपुर। Niranjan Arya: राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में लंबा सस्पेंस रहने के बाद शनिवार रात करीब 2:30 बजे वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव निरंजन कुमार आर्य को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया है। निरंजन कुमार आर्य अनुसूचित जाति से आने वाले राज्य के पहले मुख्य सचिव हैं। इससे पहले सेवा विस्तार की चर्चाओं के बीच निवर्तमान मुख्य सचिव राजीव स्वरूप सेवानिवृत्त हो गए। दिल्ली से ग्रीन सिग्नल नहीं मिलने के कारण राजीव स्वरूप को तीन महीने का एक्सटेंशन नहीं मिला। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को दो बार पत्र भेजकर राजीव स्वरूप को एक्सटेंशन देने का आग्रह किया था, लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य सरकार का आग्रह नहीं माना और राजीव स्वरूप शनिवार शाम सेवानिवृत हो गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राज्य के कार्मिक विभाग में निरंजन कुमार आर्य की मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के आदेश जारी करने के साथ ही 21 आइएएस अफसरों के तबादले भी कर दिए गए। सरकार ने आठ आइएएस अफसरों की वरिष्ठता लांघकर आर्य को ब्यूरोक्रेसी का नया मुखिया बनाया है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है, जब किसी आइएएस अधिकारी को वरिष्ठता लांघकर मुख्य सचिव बनाया गया है। आर्य से वरिष्ठ सचिवालय में तैनात आइएएस राजेश्वर सिंह, वीनू गुप्ता व सुबोध अग्रवाल को सचिवालय से बाहर भेज दिया गया है। उन्हें विभिन्न निगमों में तैनात किया गया है। वरिष्ठ आइएएस अधिकारी रविशंकर श्रीवास्तव, गिरिराज सिंह, पीके गोयल पहले से ही सचिवालय से बाहर तैनात हैं। वहीं, उषा शर्मा और नीलकमल दरबारी दिल्ली में पदस्थापित हैं।

    राजीव स्वरूप को नहीं मिला एक्सटेंशन

    31 अक्टूबर यानी शनिवार को दिन भर पूर्व मुख्य सचिव राजीव स्वरूप को एक्सटेंशन मिलने का इंतजार होता रहा, लेकिन केंद्र सरकार से ग्रीन सिग्नल नहीं मिला। एक्सटेंशन मिलने के इंतजार में दिन में कई बार मुख्य सचिव कार्यालय खुलवाया गया। शाम पांच बजे पूर्व मुख्य सचिव राजीव स्वरूप मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री के साथ एक घंटे तक बैठक की। छह बजे राजीव स्वरूप को एक्सटेंशन मिलने की संभावनाओं पर पूर्ण विराम लग गया। कार्मिक विभाग ने राजीव स्वरूप का नाम सेवानिवृत्त अफसरों की सूची में डाल दिया। देर रात मंथन करने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव निरंजन कुमार आर्य को मुख्य सचिव बनाने की हरी झंडी प्रदान कर दी। अखिल अरोड़ा को वित्त विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं, खान विभाग में प्रमुख सचिव पद पर अजीताभ शर्मा को लगाया गया है। इस तरह कुल 21 आइएएस अफसरों के तबादले किए गए हैं।