Rajasthan: नटवर सिंह के बेटे ने पानी नहीं आने पर अधिकारियों को दी टंकी से लटकाने की धमकी
Rajasthan नटवर सिंह के पुत्र जगत सिंह ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को गांव में पानी नहीं आने पर टंकी से लटकाने की धमकी दी है। एक दिन पहले जगत सिंह ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो एके-47 भी चलाएंगे।

जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan: राजस्थान में भरतपुर के जिला प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र जगत सिंह ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को गांव में पानी नहीं आने पर टंकी से लटकाने की धमकी दी है। दरअसल, जगत सिंह शनिवार को जघीना गांव में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें पानी की समस्या के बारे में बताया। इस पर जगत सिंह ने मौके पर मौजूद चंबल परियोजना के अधिकारियों को गंदी गाली दी और फिर कहा कि यदि सात दिन में इस गांव में पानी नहीं आया तो मैं पानी की टंकी से तुम्हें लटका दूंगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुझे खुद गांव में पानी की आपूर्ति होने की जानकारी दी जाए। इस मामले पर राजनीति गरमा सकती है।
कहा-जरूरत पड़ी तो एके-47 भी चलाएंगे
इससे पहले शुक्रवार को भरतपुर नगर निगम के मुख्य द्वार पर भाजपा के धरने में जगत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का खजाना खाली हो चुका है। गहलोत रात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भीख मांग कर लाते हैं। गहलोत पर दयालुता दिखाते हुए मोदी उनको पैसा दे देते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार हो रहा है। हमें नगर निगम में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना है। चाहे यह लोग प्यार से समझें या फिर जूते या लाठी से समझें। हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे और जरूरत पड़ी तो एके-47 भी चलाएंगे। अपने विवादित बयानों के लिए प्रसिद्ध जगत सिंह ने पिछले दिनों कहा था कि मैं 12 नंबर का जूता पहनता हूं। सब मुझे अच्छी तरह से जानते हैं कि मैं जूता चलाने से हिचकता नहीं हूं। उनका यह बयान इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ तो भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने नाराजगी जताई थी। इससे पहले उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि अगर कोई मुझ पर पत्थर फेंकेगा तो मैं एके-47 से जवाब दूंगा। जगत सिंह हमेशा अपने विवादों को लेकर चर्चा में रहते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।