Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajasthan: जोधपुर नगर निगम उत्तर में कांग्रेस की कुंती देवड़ा व दक्षिण में भाजपा की वनिता सेठ बनीं महापौर

    Jodhpur Municipal Corporation जोधपुर नगर निगम उत्तर में कांग्रेस की कुंती परिहार (देवड़ा) और दक्षिण में भाजपा की वनिता सेठ महापौर बन गईं। दक्षिण में भाजपा की वनिता सेठ को 80 में से 45 मत मिले। वहीं कांग्रेस की पूजा पारीक को 35 मत मिले।

    By Sachin Kumar MishraEdited By: Updated: Tue, 10 Nov 2020 06:10 PM (IST)
    जोधपुर नगर निगम उत्तर में कांग्रेस व दक्षिण में भाजपा की महापौर। फोटोः जागरण

    जोधपुर, संवाद सूत्र। Jodhpur Municipal Corporation: राजस्थान में जोधपुर के दोनों नगर निगमों में अब महिलाओं का राज हो गया है। निगम उत्तर व दक्षिण में महिला महापौर काबिज हो गई हैं। उत्तर में कांग्रेस की कुंती परिहार (देवड़ा) और दक्षिण में भाजपा की वनिता सेठ महापौर बन गईं। दक्षिण में भाजपा की वनिता सेठ को 80 में से 45 मत मिले। वहीं, कांग्रेस की पूजा पारीक को 35 मत मिले। यहां त्रिकोणीय मुकाबला बनाने वाली निर्दलीय प्रत्याशी हेमलता परिहार ने खुद को ही वोट नहीं दिया। दक्षिण नगर निगम में महापौर मतदान में भाजपा में एक क्रॉस वोट भी हुआ। उधर, उत्तर में कांग्रेस की कुंती परिहार (देवड़ा) महापौर बन गईं। कुंती परिहार को 61 मत मिले, वहीं भाजपा की संगीता को 19 मत मिले। जोधपुर नगर निगम में एक बोर्ड कांग्रेस का तो दूसरा बोर्ड भाजपा का बना हैं। दोनों को महापौर बनने के बाद पद की शपथ दिलाई गई। अब बुधवार को उपमहापौर का निर्वाचन होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह नगर जोधपुर में पहली बार हुए दो नगर निगम चुनावों में भाजपा-कांग्रेस को एक-एक सीट मिली है। मेयर का चुनाव ठीक वैसा ही हुआ जैसी उम्मीद की जा रही थी। दोनों ही पार्टियां किसी तरह उलटफेर करने में विफल रही। जोधपुर दक्षिण में जहां वनिता सेठ दस मतों से जीतकर मेयर बन गई, वहीं जोधपुर उत्तर में कुंती परिहार भाजपा की संगीता सोलंकी को 42 मतों से हराकर मेयर बनी। जोधपुर के उत्तर नगर निगम में निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस का साथ देते हुए कांग्रेस के समर्थन में मतदान किया। उत्तर नगर निगम में कुंती परिहार के पक्ष में 8 निर्दलीय पार्षदों ने समर्थन दिया। वहीं, दक्षिण में निर्दलीय प्रत्याशी हेमलता परिहार ने खुद को ही वोट नही दिया।

    दक्षिण में भाजपा ने दस वोट से जीत दर्ज कर ली, लेकिन पार्टी की अंदरूनी राजनीति के चलते एक वोट खिसक गया। भाजपा के कुल 46 पार्षद वोट देने एक साथ पहुंचे थे, लेकिन वनिता सेठ को 45 ही वोट मिल सके। एक वोट की क्रॉस वोटिंग हुई। यह क्रॉस वोट किसका था, इस पर संशय बना हुआ है। यहां कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक, 35 वोट मिले। जोधपुर उत्तर में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की। यहां कांग्रेस की कुंती परिहार को 61 मत मिले हैं, जबकि भाजपा को महज 19 वोट पर ही संतोष करना पड़ा। भाजपा की संगीता सोलंकी 42 वोट से हार गई।

    पार्षदों ने पहना भगवा

    भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षद भगवा कपड़े व साफा पहनकर पहुंचे। पुरुष व महिला पार्षदों ने भगवा साफा पहना हुआ था, जबकि महिलाओं ने तो साड़ी भी भगवा ही पहना हुआ था। इन पार्षदों ने एक साथ पहुंचकर पहले प्रमाण पत्र लिया और बाद में मतदान किया। भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों ने मंगलवार को ही प्रमाण पत्र लिया। ये पार्षद जीत के बाद सीधे बाड़ेबंदी में जोधपुर से बाहर चले गए थे, अब इन्हें जीत का प्रमाण पत्र मिला है। शपथ भी दिलाई गई। ऐसे में सभी पार्षद एक साथ पहुंच। जोधपुर शहर में पहली बार दो महिला महापौर बनी है और पहली ही बार दोनों महिलाएं शहरी सरकार की कमान संभाल रही है।