यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan News: गुर्जर समाज ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में विरोध करने की दी चेतावनी
Rajasthan News कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में प्रवेश से पहले विवाद ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan News: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के राजस्थान में प्रवेश से पहले विवाद हो गया है। एक तरफ तो कांग्रेस का आंतरिक विवाद बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ, गुर्जर समाज ने भारत जोड़ो यात्रा का विरोध करने की चेतावनी दी है।
इसलिए चिंतित है कांग्रेस नेतृत्व
कांग्रेस नेतृत्व की चिंता इस बात को लेकर है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का प्रदेश में तय किए गए मार्ग के अधिकांश हिस्से में गुर्जर बहुल इलाके आते हैं। ऐसे में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का विरोध हो सकता है। गुर्जर समाज पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज हैं। गुर्जर समाज के नेताओं का कहना है कि साल, 2018 के विधानसभा चुनाव में गुर्जर बहुल इलाकों में कांग्रेस को अधिकांश सीटें मिली थीं, जबकि सीएम अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र जोधपुर संभाग में पार्टी की हार हुई थी।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का विरोध करेंगेः विजय बैंसला
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक विजय सिंह बैंसला ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गुर्जर समाज के साथ हुए समझौते को पूरी तरह से लागू नहीं किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुर्जर बहुल 45 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। इन विधानसभा क्षेत्रों में भारत जोड़ो यात्रा का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान समाज के जिन लोगों पर सरकार ने मुकदमों दर्ज किए थे, उन्हें वापस लेने पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार ने गुर्जर के खिलाफ दर्ज मुकदमें अब तक वापस नहीं लिए हैं। राज्य सरकार ने आश्वासन दिया था कि गुर्जर आरक्षण को अति पिछड़ा वर्ग में शामिल करवाने को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखेगी। आंदोलन में मारे गए लोगों के स्वजनों को नौकरी भी समझौते के अनुसार अब तक नहीं दी गई है। देवनारायण बोर्ड के माध्मम से गुर्जर समाज के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान का वादा अब तक पूरा नीं हुआ है।
चार साल से सीएम से समय मांग रही हूंः सरोज मीणा
उधर, कोटा जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरोज मीणा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से पहले प्रदेश सरकार में नेतृत्व परितर्वन होना चाहिए। सचिन पायलट को सीएम बनाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता असमंजस में है। मीणा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कोटा संभाग में काफी उत्साह है। लोग सचिन पायलट को सीएम के पद पर देखना चाहते हैं। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीएम अशोक गहलोत चार साल से कार्यकर्ताओं से नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं खुद चार से सीएम से समय मांग रही हूं।
