यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan News: गहलोत सरकार के मंत्रियों की आपसी कलह आई सामने, प्रभारी के सामने जाहिर की पीड़ा
राजस्थान में अशोक गहलोत की सरकार में अंतर कलह की बात किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बाद अब सरकार के मंत्री भी खुद की सुनवाई नहीं होने से परेशान हैं। मंत्रियों का कहना है कि अधिकारी उनके आदेश नहीं मानते हैं ।

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में अशोक गहलोत की सरकार में अंतर कलह की बात किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बाद अब सरकार के मंत्री भी खुद की सुनवाई नहीं होने से परेशान हैं। मंत्रियों का कहना है कि अधिकारी उनके आदेश नहीं मानते हैं । मंत्रियों ने अधिकारियों की एसीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट)भरने का अधिकार मांगा है। जिससे अधिकारियों पर लगाम लगाई जा सके । मंत्रियों ने तबादलों के अधिकार भी मांगे हैं।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक
दरअसल,कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंघावा पिछले दो दिन से राजस्थान के कांग्रेस नेताओं, विधायकों एवं मंत्रियों से मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की मौजूदगी में हुई बैठक में मंत्रियों ने खुलकर अपनी पीड़ा जाहिर की । इस दौरान मंत्रियों में आपस में नोकझोंक भी हुई। खुद मंत्रियों ने ही मौजूदा मंत्रिमंडल के तीस फीसदी सदस्यों के टिकट काटे जाने का सुझाव दिया। अधिकांश मंत्रियों ने तृतीय श्रेणी के शिक्षकों के तबादलों पर रोक नहीं हटने आम जनता एवं कार्यकर्ताओं में नाराजगी की बात कही। इस पर रंघावा ने कहा कि बिना किसी नीति के तबादले किए जाने चाहिए।
मंत्रियों ने सीएम को दिए सुझाव
सीएम गहलोत ने मंत्रियों के सुझाव आने के बाद शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला से तबादले करने को कहा है। बैठक में सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने गहलोत और सचिन पायलट के बीच जारी विवाद खत्म करवाने का सुझाव दिया। गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव ने खुद के पास थानेदार और पुलिस कांस्टेबल के तबादलों का अधिकार नहीं होने की बात कही। नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने यादव का समर्थन किया। बैठक में यादव और आंजना ने मौजूदा मंत्रियों में से तीस फीसदी के टिकट काटे जाने का सुझाव दिया। दोनों ने कहा कि तीस फीसदी मंत्रियों के टिकट काटे जाने से विधानसभा चुनाव जीतने की संभावना बढ़ेगी।
पुलिस को मंत्रियों के अधिन करने की मांग
सामाजिक न्याय राज्यमंत्री टीकाराम जुली ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों एवं कुछ युवकों के विवाद की चर्चा करते हुए कहा कि पुलिस ने मेरे अलवर स्थित कार्यालय में छापा मारा जो गलत है। नागरिक सुरक्षा मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि सरकार के 90 फीसदी अधिकार मंत्रियों को देने चाहिए। जिससे कांग्रेस फिर से सत्ता में आ जाएगी। पुलिस को मंत्रियों के अधिन किया जाना चाहिए। कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारी लाल मीणा ने किसानों को पूरी बिजली देने की आवश्यक्ता बताई।
पर्चा लीक पर सीएम ने जताई नाराजगी
बैठक में सरकारी भर्ती परीक्षा पर्चा लीक मामले की चर्चा के दौरान सीएम गहलोत ने कहा कि विपक्ष के साथ सरकार के लोग भी हमारे खिलाफ बोलते हैं। यह आत्महत्या जैसा कदम है। हमारे ही लोग खिलाफ बोलेंगे तो बाकी क्या रह जाएगा। पर्चे लीक दूसरे राज्यों में भी हुए हैं। उधर रंघावा ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि कुछ दिनों में संगठन मजबूत नजर आएगा । जिला एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटियों में जल्द नियुक्तियां होगी। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के स्तर पर सर्वे का काम जारी है।