यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा समाप्त होते ही कांग्रेस में कलह शुरू, गहलोत सरकार पर अनदेखी का लगाया आरोप
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुजरने के एक सप्ताह बाद ही राजस्थान कांग्रेस में बवाल मच गया है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस के टिकट पर पिछला विधानसभा चुनाव हारे नेताओं ने प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के सामने जमकर हंगामा किया।

राजस्थान, जागरण संवाददाता: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुजरने के एक सप्ताह बाद ही राजस्थान कांग्रेस में बवाल मच गया है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस के टिकट पर पिछला विधानसभा चुनाव हारे नेताओं ने प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के सामने जमकर हंगामा किया। इन नेताओं ने कहा,वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव हार गए थे। लेकिन सरकार में उन्हे चुनाव हराने वाले निर्दलीय विधायकों को लूट मचाने की खुली छूट दे रखी है। सरकार में जमकर लूट मची है। कांग्रेस उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है।
निर्दलीय विधायकों पर नुकसान पहुंचाने का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की मौजूदगी में रंधावा के सामने कांग्रेसियों ने कहा 13 निर्दलीय विधायकों और छह बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर कांग्रेस में शामिल होने वाले विधायकों ने पार्टी को काफी नुकसान पहुंचाया है। हंगामा बढ़ता देख रंधावा और डोटासरा ने चुनाव प्रत्याशियों को काफी मुश्किल से शांत करवाया । मनीष यादव, हिमांशु कटारा,सुभाष मील, आरसी यादव सहित हारे हुए कांग्रेस उम्मीदवारों ने प्रभारी और प्रदेशाध्यक्ष को जमकर खरी-खरी सुनाई।
हारे हुए प्रत्याशियों की शिकायत हो दूर
हारे हुए उम्मीदवारों ने कहा- निर्दलीयों ने हर विभाग में लूट मचा रखी है। वे हर बात में मुख्यमंत्री कार्यालय को धमकी देते हैं। उनके सारे काम होते हैं। हमने विपक्ष में रहते हुए भी संघर्ष किया। अब कांग्रेस की सरकार होते हुए भी हम पीड़ित हैं। जिन कार्यकर्ताओं ने विपक्ष में रहकर लाठियां खाई,खून पसीना बहाया वो अब कांग्रेस सरकार में पीड़ित है। विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने कहा कि हारे हुए प्रत्याशियों की शिकायत दूर होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: Rajasthan: राहुल गांधी के जाने के बाद राजस्थान कांग्रेस में फिर खींचतान, अधिवेशन में नहीं हुआ पायलट का भाषण
दूसरी ओर अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष लाल बैरवा ने प्रदेश प्रभारी रंधावा से मिलकर सरकार की शिकायत की । बैरवा ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए सचिन पायलट का समर्थन किया था । इस कारण सीएम अशोक गहलोत आयोग को सैंवधानिक दर्जा नहीं दे रहे हैं। अब तक अनुसूचित जाति आयोग को सैंवधानिक दर्जा दिया जाता रहा है । उन्होंने कहा कि प्रदेश की 20 फीसदी दलित आबादी के साथ अन्याय हो रहा है। बृहस्पतिवार को जयपुर स्थित पार्टी के नये कार्यालय में रंधावा ने विधायकों,हारे हुए प्रत्याशियों एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की