यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रेम प्रसंग से खफा 5 युवकों ने एक जोड़े का अपहरण कर शख्स की नाक काटी, सभी आरोपित गिरफ्तार
प्रेमी युगल का अपहरण और फिर प्रेमिका को अलग कर प्रेमी युवक की विभत्स तरीके से नाक काट दिए जाने ...और पढ़ें

अजमेर, जेएनएन। प्रेमी युगल का अपहरण और फिर प्रेमिका को अलग कर प्रेमी युवक की विभत्स तरीके से नाक काट दिए जाने का संगीन मामला सामने आया है। अजमेर रेंज पुलिस ने इस संगीन अपराध के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक रूपीन्दर सिंह ने मीडिया से इस वारदात का खुलासा कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि मामला एक ही समुदाय के लोगों का है इससे किसी तरह की शांति और कानून व्यवस्था के भंग होने का खतरा तो नहीं है पर अपराध बहुत ही संगीन है। आरोपितों ने प्रेमी युवक की नाक काटने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया है, इससे उनके इरादे और आपराधिक मानसिकता उजागर हुई है।
पुलिस के अनुसार मामला अजमेर के गेगल पुलिस थाने में दर्ज हुआ। प्रेमी युगल हमीद अपनी प्रेमिका के साथ नागौर के मारौठ गांव मौलासर पुलिस थाना क्षेत्र से भागकर यहीं आकर किराए के मकान में रह रहा था। प्रेमिका, जो पहले से शादीशुदा थी, उसके परिवारजनों ने मिलकर उनकी तलाश की और पता चलने पर वे गेगल पहुंच गए। यहां से प्रेमी युगल को अपने साथ नागौर ले गए जहां दोनों को अलग कर दिया गया। बाद में पांच जनों ने मिलकर प्रेमी युवक हमीद खान की दांतली से नाक काट दी और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर नागौर और अजमेर गेगल थाना पुलिस ने आरोपितों की तलाश की और उनको पकड़ लिया । पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपितों में प्रकाश खान, अजीत खान, इकबाल, बीरबल आदि शामिल हैं। मामले ने नागौर एसपी राममूर्ति जोशी और अजमेर एसपी चूनाराम जाट ने सक्रियता दिखाई है। आरोपित चार भाई व पिता को हिरासत में लिया गया है।
