विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अधिकारी के सुसाइड विवाद पर मंत्री भुल्लर का इस्तीफा; बोले- आरोप झूठे, सीएम ने निष्पक्ष जांच के दिए आदेश

Published: Sat, 21 Mar 2026 11:20 AM (IST)Updated: Sat, 21 Mar 2026 12:01 PM (IST)

अमृतसर में वेयरहाउस अधिकारी की आत्महत्या के बाद विवादित वीडियो सामने आने पर मुख्यमंत्री ने मंत्री लालजीत भुल्लर से इस्तीफा लिया और मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।

HighLights

  1. वेयरहाउस अधिकारी ने आत्महत्या से पहले वीडियो बनाया।

  2. वीडियो में मंत्री लालजीत भुल्लर पर गंभीर आरोप लगाए।

  3. सीएम मान ने मंत्री से इस्तीफा लिया, निष्पक्ष जांच के आदेश।

इन्द्रप्रीत सिंह/धर्मबीर सिंह मल्हार, चंडीगढ़/तरनतारन। पंजाब स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन (पीएसडब्ल्यूसी) के जिला मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सल्फास खाकर आत्महत्या करने वाला वीडियो के आने से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत भुल्लर का इस्तीफा ले लिया है। इस मामले की जांच उन्होंने मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को दे दी है। गगनदीप सिंह रंधावा इन दिनों जिला अमृतसर में तैनात थे।

गगनदीप सिंह के सल्फास निकालने के बाद एक वीडियो इंटरनल मीडिया पर प्रसारित की जिसमें कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर आरोप लगाए गए हैं। अमृतसर निवासी गगनदीप सिंह रंधावा ने रात को एक वीडीओ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। जिसमें वह कह रहे हैं कि मैने सल्फास खा ली है। सूत्रों की मानें तो विभाग के गोदाम लिए किसी ने जगह देने लिए निवेदन दिया था।

विभाग की टीम ने पाया कि जो जगह गोदाम लिए प्रस्तावित की जा रही है इसके ऊपर से बिजली की हाई वोल्टेज तारें है। नतीजन विभाग ने उक्त जगह पर गोदाम बनाने से मना करते प्रस्तावित निवेदन रद्द कर दिया था। शुक्रवार को अमृतसर फेरी मौके मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने डीएम गगनदीप सिंह रंधावा पर कथित रूप में दबाव बनाया था।

रंधावा के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है जिसके दुखी होकर डीएम गगनदीप सिंह रंधावा ने सल्फास निगल ली थी। 

यह भी पढ़ें- अमृतसर में ड्रग तस्कर की NCB हिरासत में मौत, आरोपी की निशानदेही पर नशीले पदार्थ बरामद करने का दावा

सीएम ने घटना को बताया पीड़ादायक

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और किसी भी व्यक्ति का इस तरह दुनिया से चले जाना पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कैबिनेट मंत्री से इस्तीफा ले लिया गया है।

यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि जांच प्रक्रिया पर किसी भी प्रकार का प्रभाव या दबाव न पड़े और सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने दोहराया कि वह इस तरह की किसी भी लापरवाही या दबाव की संस्कृति को सहन नहीं करेगी, जो किसी व्यक्ति को आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर करे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कभी भी अधिकारियों या कर्मचारियों को परेशान करना नहीं रहा है और न ही इस उद्देश्य से राजनीति की जाती है।

मामले की जांच के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए और रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद या स्तर पर क्यों न हो।

quote

मंत्री द्वारा सांझा की गई पोस्ट।

इंटरनेट मीडिया पर लिखा, निष्पक्ष जांच हो

वहीं, इस मामले में अब लालजीत सिंह भुल्लर का बयान सामने आया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर इसे जारी कर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत करार दिया है। लालजीत भुल्लर लिखते हैं-

वाहेगुरु जी , दास (मेरे) ऊपर जो इल्ज़ाम लगाए गए हैं, वह बिल्कुल बेबुनियाद और झूठे हैं। पर सच्ची पार्टी हमेशा सच का साथ देती है और सच के साथ खड़ी होती है। इसीलिए मैं खुद और जो इल्ज़ाम लगे हैं, मैं चाहता हूं कि उन इल्ज़ामों की सच्चाई के साथ जांच हो, ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके।
अगर इस मामले में जरा भी सच्चाई होती तो मैं यह काम कभी नहीं करता। इसलिए मैं अपनी पार्टी को बेनती करता हूं और अपने माननीय मुख्यमंत्री को भी बेनती करता हूं कि मेरा मंत्री पद का इस्तीफा स्वीकार किया जाए, ताकि इस मामले में मेरा मंत्री पद कोई रुकावट न बने और इस मामले की सही जांच हो सके।
मैं अपने माननीय मुख्यमंत्री पंजाब श्री भगवंत सिंह मान जी का बहुत धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे इस मामले की सच्चाई सामने लाने का अवसर दिया।
धन्यवाद।

विपक्ष ने साधा सरकार पर निशाना

उधर, विपक्ष के नेताओं ने सरकार को घेरा है। कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैहरा, अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट डालकर मुख्यमंत्री से मंत्री लालजीत भुल्लर के इस्तीफे का दबाव बनाया है। खैहरा ने अपनी पोस्ट में कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

उन्होंने दावा किया कि रंधावा ने अपनी अंतिम वीडियो में मंत्री का नाम लिया और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। खैहरा ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं होती तो यह संदेश जाएगा कि पुलिस का इस्तेमाल केवल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ किया जा रहा है।

वहीं, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा लेने की कार्रवाई को नकार दिया है। उन्होंने सीधी सीधी मांग की है कि मंत्री के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। एक सवाल के जवाब में बिक्रम मजीठिया ने मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को जांच के आदेश देने पर कहा, मुख्य सचिव का नाम कैप सिन्हा है, यानी उसका काम सिर्फ टोपी पहनाना है।

पंजाब के मुख्य सचिव और डीजीपी से उन्हें इंसाफ की कोई उम्मीद नहीं है। अगर भगवंत मान सचमुच गंभीर हैं तो उन्हें यह केस सीबीआई को सौंप देना चाहिए न कि वह कवर अप आप्रेशन चलाएं। बिक्रम मजीठिया ने कहा कि वेयरहाउस के जिला मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा पर पिछले लंबे समय से दबाव बनाया जा रहा था और उन्होंने अपना तबादला करवाने के लिए उच्च अधिकारियों, डीसी आदि से भी संपर्क किया लेकिन उनकी कोई बात सुन नहीं रहा था। इसलिए उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। मजीठिया ने कहा कि अगर रंधावा की सुनवाई हुई होती तो शायद वह आज हमारे बीच होते।

यह भी पढ़ें- भारत-पाकिस्तान सीमा पर खेमकरण में घुसपैठ नाकाम; बीएसएफ जवान की गोली से पाक नागरिक ढेर

भ्रष्टाचार का आरोप लगने पर लिया था स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा

काबिले गौर है कि इससे पहले तत्कालन स्वास्थ्य मंत्री डा विजय सिंगला का इस्तीफा लिया गया था हालांकि बाद में उनके केस को खत्म कर दिया गया। अब एक विवादित वीडियो के चलते लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा लिया गया है।

हालांकि कैबिनेट से इस सरकार में कई और मंत्री भी हटाए गए हैं जिनमें फौजा सिंह सरारी, स्थानीय निकाय मंत्री डा इन्द्रबीर सिंह निज्जर भी शामिल हैं। पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान , राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में सड़क हादसे में फंसे घायलों की मंत्री अरोड़ा ने की मदद; घायलों को अस्पताल पहुंचाया