विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-पाकिस्तान सीमा पर खेमकरण में घुसपैठ नाकाम; बीएसएफ जवान की गोली से पाक नागरिक ढेर

Published: Sat, 21 Mar 2026 11:30 AM (IST)

खेमकरण सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल ने देर रात घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए पाक घुसपैठिये को मार गिराया। ...और पढ़ें

सरहद पर गश्त करते हुए जवान। (फाइल फोटो)

सरहद पर गश्त करते हुए जवान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. खेमकरण सेक्टर में बीएसएफ ने घुसपैठ रोकी।

  2. जवानों की गोली से एक पाकिस्तानी ढेर।

  3. मृतक के पास से पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। भारत-पाक सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए खेमकरण सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। देर रात भारतीय क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर जवानों ने तुरंत सतर्कता बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए एक पाक घुसपैठिये को मार गिराया।

जानकारी के अनुसार, खेमकरण सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल की 148वीं बटालियन के जवान सीमा पर नियमित निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान देर रात उन्हें भारतीय क्षेत्र में हलचल महसूस हुई। जवानों ने तुरंत स्थिति का आकलन करते हुए चौकसी बढ़ा दी। कुछ समय बाद उन्हें सीमा पार से एक व्यक्ति भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ता दिखाई दिया।

यह भी पढ़ें- वीडियो विवाद के बाद सीएम ने मंत्री भुल्लर का इस्तीफा लिया; अमृतसर में वेयरहाउस अधिकारी की मौत के बाद उठाया कदम

जवानों की लौटने की चेतावनी को किया अनसुना 

जवानों ने पहले उस व्यक्ति को रुकने और वापस लौटने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार भारतीय सीमा की ओर बढ़ता रहा। चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए उसकी गतिविधियां संदिग्ध बनी रहीं। इसके बाद जवानों ने मजबूर होकर उस पर गोली चलाई, जिसमें वह मौके पर ही ढेर हो गया।

घटना के बाद जब जवानों ने मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से पाकिस्तान की 300 रुपये की मुद्रा, एक सुई और धागे की रील बरामद हुई। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में ड्रग तस्कर की NCB हिरासत में मौत, आरोपी की निशानदेही पर नशीले पदार्थ बरामद करने का दावा

पहचान के लिए मॉर्चुरी में रखा शव

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि सब डिवीजन भिखीविंड के उप पुलिस अधीक्षक प्रीतिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पट्टी के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक शवगृह में रखा जाएगा।

वहीं, सीमा सुरक्षा बल की ओर से इस घटना की जानकारी पाकिस्तान रेंजर्स को भी दे दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में आलू किसानों की दुर्दशा, लागत निकालना भी हुआ मुश्किल; फसल पर चला रहे ट्रैक्टर