लुधियाना में सड़क हादसे में फंसे घायलों की मंत्री अरोड़ा ने की मदद; घायलों को अस्पताल पहुंचाया
लुधियाना में सड़क हादसे के दौरान उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने घायलों को गाड़ियों से निकालकर अस्पताल भिजवाया। वह करीब ...और पढ़ें

घटनास्थल से मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंचे मंत्री अरोड़ा।
HighLights
मंत्री संजीव अरोड़ा ने लुधियाना सड़क हादसे में घायलों की मदद की।
उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के साथ घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला।
मंत्री ने अस्पताल और पुलिस को सूचित कर एंबुलेंस मंगवाई।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना शहर में शनिवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायलों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। मंत्री और उनके सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल लोगों को गाड़ियों से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार, उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर अपने निवास से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। जब उनका काफिला फिरोजपुर रोड पर मलहार कट के पास पहुंचा, तो वहां दो गाड़ियों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो चुकी थी। हादसे के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और उनमें सवार लोग अंदर फंसे हुए थे।
यह भी पढ़ें- भारत-पाकिस्तान सीमा पर खेमकरण में घुसपैठ नाकाम; बीएसएफ जवान की गोली से पाक नागरिक ढेर
घटनास्थल पर मौजूद मंत्री अरोड़ा।
मंत्री अरोड़ा के आदेश पर सुरक्षाकर्मी राहत कार्य में जुटे
स्थिति को गंभीर देखते हुए मंत्री अरोड़ा तुरंत अपनी गाड़ी से नीचे उतरे। उनके साथ मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने भी राहत कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने मिलकर घायलों को सावधानीपूर्वक गाड़ियों से बाहर निकाला। इस दौरान मंत्री अरोड़ा ने तुरंत लुधियाना के प्रमुख अस्पताल में संपर्क कर एंबुलेंस भेजने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी फोन कर घटना की सूचना दी, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य हो सके। कुछ ही देर में पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- वीडियो विवाद के बाद सीएम ने मंत्री भुल्लर का इस्तीफा लिया; अमृतसर में वेयरहाउस अधिकारी की मौत के बाद उठाया कदम
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद दिल्ली रवाना हुए मंत्री
घटना के दौरान मंत्री संजीव अरोड़ा लगभग 30 मिनट तक मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी घायलों को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचा दिया जाए। जब एंबुलेंस घायलों को लेकर रवाना हो गई, तब वह वहां से दिल्ली के लिए आगे बढ़े।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंत्री अरोड़ा की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की है। संकट की घड़ी में उनकी सक्रिय भूमिका ने घायलों को समय पर उपचार दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह भी पढ़ें- पंजाब में आलू किसानों की दुर्दशा, लागत निकालना भी हुआ मुश्किल; फसल पर चला रहे ट्रैक्टर

