विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 27, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शौर्य चक्र विजेता बलविंदर हत्या की जांच अब एनआइए करेगी

By JagranEdited By:
Published: Wed, 27 Jan 2021 07:35 PM (IST)Updated: Thu, 28 Jan 2021 12:23 AM (IST)

आतंकवाद से लोहा लेने वाले शौर्य चक्र विजेता कामरेड बलविंदर सिंह संधू की हत्या मामले की जांच अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन ...और पढ़ें

शौर्य चक्र विजेता बलविंदर हत्या की जांच अब एनआइए करेगी
शौर्य चक्र विजेता बलविंदर हत्या की जांच अब एनआइए करेगी

धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : आतंकवाद से लोहा लेने वाले शौर्य चक्र विजेता कामरेड बलविंदर सिंह संधू की हत्या मामले की जांच अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) करेगी। केंद्र सरकार ने यह जांच एनआइए को सौंप दी है। मामले में खालिस्तानी आतंकवादी लखबीर सिंह रोडे का हाथ सामने आया है। रोडे लंबे समय से पाकिस्तान में रहते हुए आइएसआइ के इशारे पर पंजाब में आतंकी घटनाओं के माध्यम से माहौल खराब करने की ताक में है।

आतंकवाद से लोहा लेने वाले शौर्य चक्र विजेता कामरेड बलविंदर सिंह संधू के परिवार को 1993 में राष्ट्रपति द्वारा चार शौर्य चक्र देकर नवाजा गया था। संधू पर आतंकवाद के समय कुल 42 हमले हुए थे। 16 अक्टूबर 2020 को बलविंदर सिंह संधू को भिखीविंड में गोलियां मारकर ढेर कर दिया गया। हत्याकांड के मामले पर संधू के परिवार ने आतंकियों की साजिश करार दिया था। पंजाब सरकार ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित की थी। टीम द्वारा अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार करके पुलिस रिमांड पर लिया जा चुका है। इनमें दो शूटर गुरजीत सिंह भा व सुखदीप सिंह भूरा के अलावा जम्मू-कश्मीर से संबंधित हिजबुल मुजाहद्दीन के तीन आतंकी शामिल है। इस मामले की जांच के दौरान ए कैटागिरी के गैंगस्टर सुख भिखारीवाल का नाम भी सामने आया था, जो पाक की आइएसआइ के इशारे पर आतंकियों के लिए टारगेट किलिंग का काम करता है। सुख भिखारीवाल अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में है, जिसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए तरनतारन पुलिस द्वारा तैयारी की जा रही थी कि केंद्र सरकार द्वारा मामले की जांच एनआइए को सौंप दी गई। परिजन बोले, एसआइटी पर भरोसा नहीं, एनआइए जांच से उम्मीद बंधी

बलविंदर सिंह संधू की पत्नी जगदीश कौर ने हत्या मामले की जांच एनआइए को सौंपे जाने पर कहा है कि अब उनको इंसाफ की उम्मीद है। पंजाब पुलिस से इंसाफ का भरोसा टूट चुका था। इससे पहले परिजनों ने कहा था कि एसआइटी पर भरोसा नहीं है। जांच को प्रभावित किया जा रहा है। जगदीश कौर के बेटों गगनदीप सिंह, अर्शदीप सिंह व भाई गुलशनदीप सिंह ने बताया कि परिवार की सुरक्षा किस अधिकारी के कहने पर वापस ली गई, अभी तक इस बाबत कोई जवाब नहीं मिल पाया। इसके चलते एसआइटी पर भरोसा करना मुमकिन नहीं।

जांच के बीच कुछ बताना जरूरी नहीं : एसएसपी

एसएसपी ध्रुमन एच निंबाले कहते है कि शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह संधू के हत्या मामले में ए कैटागिरी के गैंगस्टर सुख भिखारीवाल को पुलिस रिमांड पर लाया जाना है। भिखारीवाल से फाइनल पूछताछ के बाद ही हत्याकांड बाबत कुछ कहा जा सकता है। चल रही जांच के बीच कुछ बताना जरूरी नहीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।