विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तरनतारन में पुलिस मुठभेड़, वांटेड बदमाश की टांग में लगीं दो गोलियां; पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद

Published: Sat, 12 Sep 2026 01:32 PM (IST)

तरनतारन के मुरादपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान वांछित आरोपित की टांग में दो गोलियां लगीं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, मौके से पिस्तौल बरामद हुई।

HighLights

  1. तरनतारन के मुरादपुर में पुलिस और वांछित आरोपी की मुठभेड़।

  2. मुठभेड़ में आरोपी की टांग में दो गोलियां लगीं, गिरफ्तार।

  3. पुलिस ने मौके से पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। तरनतारन जिले के मुरादपुर इलाके में शनिवार को पुलिस और एक वांछित आरोपित के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपित की टांग में दो गोलियां लगीं। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती करवाया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रिपूतपन सिंह ने बताया कि थाना सिटी तरनतारन की पुलिस को सूचना मिली थी कि मामले में वांछित आरोपित मुरादपुर इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना सिटी तरनतारन के प्रभारी निरीक्षक परमजीत सिंह विरदी ने पुलिस टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें- जालंधर में पुलिस-गैंगस्टर की मुठभेड़, रोकने पर चला दी गोली; क्राॅस फायरिंग में आरोपी घायल

जवाबी कार्रवाई में लगी दो गोलियां

पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर आरोपित मुरादपुर स्थित एक बंद पड़े पेट्रोल पंप में जाकर छिप गया। पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया और उसके करीब पहुंची तो आरोपित ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की। इसी दौरान आरोपित की टांग में दो गोलियां लगीं। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें- 2015 का केस छिपा पंजाब में 2019 में पाई सरकारी नौकरी, सजा के बाद भी दी ड्यूटी; सच सामने आया तो हुआ डिसमिस

tarntaran encounter police

घटनास्थल पर जांच करते हुए पुलिस।

पहले भी पुलिस पर कर चुका फायरिंग

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल आरोपित पहले भी अपने भाई के साथ मिलकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर चुका है। इस संबंध में दर्ज मामले में दोनों पुलिस को वांछित थे। शनिवार की मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।

मुठभेड़ की सूचना मिलने पर नगर उपाधीक्षक सुखबीर सिंह और उपाधीक्षक डी शिवदर्शन सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और पिस्तौल बरामद की है। पुलिस की ओर से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में स्टील देश के बाजारों से ₹7000 तक महंगा, उद्योगपति परेशान; फोरम ने कीमतों की जांच की मांग उठाई