तरनतारन में पंजाब कांग्रेस नेता गुरमेल सिंह की गोली मारकर हत्या, गैंगस्टरों ने ली जिम्मेदारी
तरनतारन के पट्टी हलके में धुस्सी बांध को मजबूत करने में जुटे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरमेल सिंह तूत की बुधवार रात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। कुल नौ गोलियां चलाई गईं जिनमें से छह गुरमेल सिंह को लगीं। गैंग्सटर डैनी बल और कौशल चौधरी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है उन्होंने गुरमेल सिंह को पुलिस का मुखबिर बताया था।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। पट्टी हलके में धुस्सी बांध को मजबूत करने के लिए लगातार 20 दिन से काम कर रहे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरमेल सिंह तूत की बुधवार रात बाइक सवार तीन हमलावरों ने छह गोलियां मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। उन पर कुल नौ गोलियां चलाई गईं।
गांव तूत के पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह चार वर्षों से ब्लॉक पट्टी कांग्रेस के अध्यक्ष थे। सतलुज नदी से सटे गांव तूत में धुस्सी तटबंध कई दिन से कमजोर पड़ा हुआ है। 20 दिन से गुरमेल सिंह बांध को मजबूत करने को ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डाल रहे थे। बुधवार रात करीब पौने आठ बजे गुरमेल सिंह गांव के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से गांव लौट रहे थे कि रास्ते में गांव झुग्गियां पीरबख्श की ओर से बाइक पर तीन लोग सवार होकर आए।
सबसे आगे वाले ट्रैक्टर पर अकेले सवार गुरमेल सिंह पर हमलावरों ने गोलियां चलाईं। घायल गुरमेल सिंह को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या के 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आरोपित फरार हो चुके थे।
गुरमेल सिंह की हत्या के पीछे का उद्देश्य पता नहीं चल पाया है। देर रात गैंग्सटर डैनी बल, प्रभ दासूवाल, अफरीदी तूत व कौशल चौधरी ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरमेल सिंह पुलिस का मुखबिर था और उनके गैंग को नुकसान पहुंचाने की फिराक में था। यदि और कोई भी पुलिस की मुखबिरी करता मिला तो उसका भी यही हाल होगा।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने घटना की निंदा करते कहा कि पंजाब में जंगलराज है। गुरमेल सिंह की हत्या को राजनीतिक हत्या करार देते कहा कि हत्या में पुलिस की ढीली कारगुजरी भी सामने आ रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।