विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव के विवाद में बुझ गया चिराग! संगरूर में युवक ने की खुदकुशी, सरपंच समेत 4 पर केस दर्ज करने पर अड़े परिजन

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:54 PM (IST)

सुनाम के कनोई गांव में 23 वर्षीय युवक ने जहरीली दवा पीकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने गांव के सरपंच पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर मोर्चरी के बाहर धरना दिया।

विलाप करते हुए परिजन।

विलाप करते हुए परिजन।

HighLights

  1. संगरूर में 23 वर्षीय युवक सनमदीप सिंह ने आत्महत्या की।

  2. परिजनों ने सरपंच व तीन अन्य पर धमकियां देने का आरोप लगाया।

  3. न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार न करने पर अड़े परिजन।

जागरण संवाददाता, संगरूर। संगरूर में विधानसभा हलका सुनाम के गांव कनोई के एक 23 वर्षीय युवक सनमदीप सिंह ने जहरीली दवा निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि गांव के सरपंच समेत चार व्यक्तियों बार-बार युवक को धमकियां दी जा रही थी, जिससे आहत होकर युवक ने आत्महत्या की है। ऐसे में सरपंच समेत कथित आरोपित व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए।

साथ ही एलान किया कि जब तक पुलिस केस दर्ज करके आरोपितों को गिरफ्तार नहीं करेगी, तब तक मृतक का पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिजन सहित ग्रामीणों ने सिविल अस्पताल संगरूर को मोर्चरी के बाहर धरना लगा दिया। देर शाम तक परिवार ने बयान दर्ज नहीं करवाई, जिस कारण मोर्चरी के बाहर धरना जारी रहा।

इस घटना की सूचना मिलने पर गांव शेरों का मोहनजीत सिंह शेरों, भाजपा की जिला प्रधान-2 दामन बाजवा, अकाली दल (ब) के जिला प्रधान तेजिंदर सिंह संघरेड़ी सहित अन्य भी मौके पर पहुंचे व मामले की निष्पक्ष जांच पड़ताल करके आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें- नशा छुड़ाओ केंद्र से एक दिन पहले आया घर, अगले ही दिन ड्रेन किनारे मिली लाश; टांग से सिरिंज भी न हटा पाया

2019 से चल रहा था विवाद

मृतक सनमदीप सिंह के पिता परमजीत सिंह व दादा हंसा सिंह ने आरोप लगाया कि उनके गांव के सरपंच व उनके परिवार का वर्ष 2019 से पुराना विवाद चल रहा है। पहले उनके द्वारा सरपंच के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था। इस उपरांत सरपंच की शह पर गांव के कुछ व्यक्तियों ने उनके खिलाफ घर में दाखिल होकर मारपीट करने के आरोप में मृतक समेत मां-बाप समेत सात परिजनों पर केस दर्ज करवा दिया था।

अब पिछले कुछ माह से उक्त केस वापस लेने के लिए फिर मृतक सनमदीप सिंह को कथित तौर पर सरपंच व उसके साथी पूर्व पंच हरबंस सिंह द्वारा दबाव बनाया जा रहा था।

तंग आकर उठाया कदम

मई माह में भी परिवार ने उक्त व्यक्तियों पर उन्हें धमकाने व सनमदीप सिंह का मोबाइल फोन छीनने के मामले में कार्रवाई के लिए थाना सदर संगरूर में दर्खास्त दी थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, बल्कि परिवार पर केस दर्ज कर दिया। इससे तंग आकर ही सनमदीप सिंह ने गत दिवस जहरीली चीज निगल ली, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक के मामा संदीप सिंह निवासी धनौला सहित परिवार ने पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच कर गांव के सरपंच दीप सिंह उर्फ बावा, उसके भाई गुरिंदर सिंह गोगा, पूर्व पंच हरबंस सिंह, उसकी पत्नी परमजीत कौर के खिलाफ सनमदीप सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करने की मांग की।

परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक पुलिस की ओर से इंसाफ का भरोसा नहीं दिया जाता, तब तक सनमदीप सिंह का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा और न ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में नेश के खिलाफ निहंगों ने खोला मोर्चा, देह व्यापार के खिलाफ सड़कों पर उतरे; प्रशासन को दी चेतावनी

परिवार के पास सबूत नहीं, शिकायत के बाद कार्रवाई

मौके पर मौजूद डीएसपी संगरूर दलवीर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार सरपंच व अन्य व्यक्तियों पर आरोप लगा रहा है, लेकिन परिवार के पास इस बाबत कोई सबूत नहीं है। परिवार द्वारा शाम तक भी अपने बयान दर्ज नहीं करवाए गए। जैसे ही परिवार बयान दर्ज करवाएगा। उसके आधार पर जांच पड़ताल करके आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया जाएगा।

सरपंच के हक में खड़ा हुआ गांव

उधर, गांव निवासी सरबजीत कौर, बीरा सिंह, गुरचरण सिंह, नाहर सिंह, मिंदो देवी का कहना है कि पूरा गांव सरपंच के साथ है। सनमदीप सिंह की आत्महत्या के मामले से सरपंच का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त युवक सनमदीप सिंह नशे करने का आदी था। उसके गांव की एक विवाहिता महिला के साथ प्रेम संबंध थे।

महिला के परिजन इसके लिए उसे रोकते थे, वहीं सनमदीप सिंह का परिवार भी इस पर एतराज जता रहा था। इसी कारण से सनमदीप सिंह ने पहले रेलगाड़ी की पटड़ी पर लेटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया। इसके बाद उसने जहरीली दवा पीकर आत्महत्या कर दी।

यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले माहौल खराब करने की कोशिश! अमृतसर में दीवारों पर लिखे देशविरोधी नारे, पुलिस ने साफ करवाए