विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशा छुड़ाओ केंद्र से एक दिन पहले आया घर, अगले ही दिन ड्रेन किनारे मिली लाश; टांग से सिरिंज भी न हटा पाया

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:19 PM (IST)

बरनाला के महल कलां में नशा छुड़ाओ केंद्र से लौटे २७ वर्षीय युवक की ओवरडोज से मौत हो गई। ड्रेन ...और पढ़ें

मृतक की टांग में लगी सिरिंज।

मृतक की टांग में लगी सिरिंज।

HighLights

  1. बरनाला में 27 वर्षीय युवक की नशे की ओवरडोज से मौत।

  2. युवक एक दिन पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से घर लौटा था।

  3. शव ड्रेन किनारे मिला, पैर में नशे की सिरिंज फंसी।

जागरण संवाददाता, बरनाला। पंजाब में नशा किस कदर युवाओं की जिंदगी लील रहा है, इसकी एक और बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीर बरनाला जिले से सामने आई है। विधानसभा हलका महल कलां के अंतर्गत आते गांव सहजड़ा में शनिवार सुबह नशे की ओवरडोज के कारण 27 वर्षीय एक युवक की जान चली गई।

घटना का खौफनाक पहलू यह रहा कि युवक का शव गांव के समीप बहती ड्रेन की पटरी पर औंधे मुंह पड़ा मिला और उसके पैर में नशे का इंजेक्शन लगा हुआ था, जिसकी सिरिंज भी पैर में ही फंसी रह गई थी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जब गांव का एक व्यक्ति ड्रेन की पटरी के पास से गुजर रहा था, तो उसकी नजर जमीन पर बेसुध पड़े युवक पर पड़ी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीण ने तुरंत गांव के धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी करवाकर ग्रामीणों को सूचना दी।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में नेश के खिलाफ निहंगों ने खोला मोर्चा, देह व्यापार के खिलाफ सड़कों पर उतरे; प्रशासन को दी चेतावनी

लोगों ने की मृतक की पहचान

सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले 27 वर्षीय बलजिंदर सिंह के रूप में हुई। मौके का नजारा देखकर हर कोई कांप उठा, क्योंकि युवक के पैर में सिरिंज लगी हुई थी, जो सीधे तौर पर नशे की अत्यधिक मात्रा लेने की ओर इशारा कर रही थी।

घटना की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देखते ही देखते इसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। मृतक बलजिंदर सिंह के परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि वह पिछले काफी समय से नशे की गंभीर लत का शिकार था। उसे नशा छुड़ाने के लिए एक केंद्र में भर्ती कराया गया था।

यह भी पढ़ें- कपूरथला केंद्रीय जेल में तबीयत बिगड़ने से कैदी की मौत, सात साल से था बंद

नशा केंद्र से लौटने के अगले दिन मिला शव

बीते 25 सितंबर की शाम को ही परिजन उसे नशा छुड़ाओ केंद्र से वापस घर लेकर आए थे। लेकिन अगले ही दिन  26 सितंबर की सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था और कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खौफनाक खबर आ गई।

इस घटना ने एक बार फिर से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता और नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना महल कलां पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बलजिंदर सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरनाला के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है, ताकि मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सके।

यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले माहौल खराब करने की कोशिश! अमृतसर में दीवारों पर लिखे देशविरोधी नारे, पुलिस ने साफ करवाए